Search This Blog

Jun 5, 2016

आरडीए ने न्यू राजेन्द्रनगर के पार्क में किया वृक्षारोपण

नागरिकों के प्रयासों से विकसित किया जा रहा उद्यान
आरडीए अध्यक्ष ने की प्रशंसा
रायपुर, 05 जून 2016, विश्व पर्यावरण दिवस पर आज रायपुर विकास प्राधिकरण ने मानसून के पहले वृक्षारोपण की शुरुआत की. प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव ने न्यू राजेन्द्रनगर (सेक्टर -7 कटोरातालाब) में स्थानीय नागरिकों के साथ मिल कर विभिन्न प्रजातियों के पौधों का
रोपण किया. कुशाभाऊ ठाकरे आवास योजना ग्रुप  2 में उद्यान की भूमि पर आयोजित इस कार्यक्रम में करंज, नीम, गुलमोहर, पेल्टाफार्म, झारुल और अर्जुन के पौधे रोपित किए गए. इस अवसर पर प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एम.डी. कावरे, अतिरिक्त सीईओ श्री एस.आर. दीवान व मुख्य अभियंता श्री जे. एस भाटिया तथा लार्सन एंड टूब्रों को इंजीनियर श्री पी.के.गुप्ता भी उपस्थित थे.

इस अवसर पर नागरिकों की समिति आशियाना के प्रमुख श्री मनोज बुधवानी ने बताया कि इस उद्यान के चारो ओर रहने वाले नागरिकों ने प्राधिकरण के अधिकारियों से स्वयं पहल कर उद्यान विकसित करने की पहल कर उसकी अनुमति ली और उसके बाद हम इसे विकसित कर रहे हैं.
इस पर लगभग 6 लाख रुपए का व्यय किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि उद्यान में पॉथवे तथा बैठने के लिए कुर्सियां एवं सोफे भी तैयार किए जा रहे हैं तथा हरी घास लगाने के लिए मिट्टी डाल कर मैदान को समतल कर लिया गया है. यहां बच्चों के खेलने के लिए अलग से स्थान भी निर्धारित कर उसकी बॉऊन्ड्री तैयार की गई है. इस कार्य में आशियाना के अन्य प्रमुख सदस्यों श्री भीष्म चिमनानी, श्री रितेश उप्पल, श्री किशोर मोटवानी, देशूराम खूबचंदानी, श्री राजू मंधान और श्री गिरीश थवानी का सकारात्मक सहयोग मिल रहा है. प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री श्रीवास्तव ने इस कार्य के लिए आशियाना समिति के सदस्यों के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि यहां इसे इतने अच्छे तरीके से विकसित किए जाने का प्रयास किया जा रहा है जिसकी जितनी तारीफ की जाए वह कम है. श्री श्रीवास्तव ने इसके बाद प्राधिकरण की इन्द्रप्रस्थ - रायपुरा योजना के इन्द्रप्रस्थ फ्लैट्स व विकसित भूखंडों की जानकारी देने वाले नए प्रकाशित किए गए ब्रौशर का भी विमोचन किया.प्राधिकरण ने इस कार्यक्रम में पर्यावरण जागरूकता के लिए विभिन्न प्रेरणादायी स्लोगन के आकर्षक पोस्टर भी यहां लगाए थे.  



Jun 4, 2016

आरडीए का प्रापर्टी लोन मेला 9 व 10 जून को

संपत्ति लेने वालों को ऋण सुविधा उपलब्ध कराने की पहल  
रायपुर04 जून 2016, रायपुर विकास प्राधिकरण  अपनी विभिन्न योजनाओं में विक्रय किए जा रहे भूखंड, फ्लैट्स, दुकानें डुप्लेक्स भवन के लिए आवंटितियों को ऋण की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आगामी 9 व 10 जून को एक प्रापर्टी लोन मेला का आयोजन कर रहा है. प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एम.डी. कावरे के अनुसार प्राधिकरण कार्यालय परिसर में दो दिन होने वाले इस प्रापर्टी लोन मेला में लगभग 20 बैंक और वित्तदायी संस्थाएं भाग लेंगी. यह मेला दो दिन प्रातः 11 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा. मेले के दौरान आंगतुकों को प्राधिकरण व्दारा रिक्त भूखंड, फ्लैट्स, दुकानों व डुप्लेक्स भवनों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी और बैंकों के अधिकारियों व्दारा विभिन्न संपत्तियों के लिए ऋण देने की सारी प्रक्रिया और नियमों की जानकारी आवेदकों को दी जाएगी. इसके पहले प्राधिकरण तीन बार ऐसे प्रापर्टी मेला अपने ही परिसर में आयोजित कर चुका है.
प्रापर्टी लोन मेला के दौरान प्राधिकरण व्दारा बैंकों के प्रतिनिधियों को प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत बनने वाले रायपुरा और बोरियाखुर्द में ईडब्लूएस और एलआईजी फ्लैट्स के संबंध में आवंटितियों को दिए जाने वाले अनुदान और ब्याज में दी जाने वाली छूट से भी अवगत कराया जाएगा ताकि वे प्राधिकरण की इस योजना के लिए आने वाले समय में आवंटितियों को सुविधा का लाभ दे सकें.  
रायपुर विकास प्राधिकरण की संपत्तियां शहर के मध्यम में व उसके आसपास में होने से नागरिकों में हमेशा से इसके प्रति अच्छी मांग रही है. पिछले कुछ समय से कमल विहार योजना के साथ ही इन्द्रप्रस्थ रायपुरा में विकसित हो रही नगर विकास योजनाएं और उसमे दी जाने वाली सुविधाओं के कारण पूरे छत्तीसगढ़ सहित कई अन्य प्रदेशों और यहां तक की विदेशों में रह रहे भारतीय नागरिकों ने भी यहां भूखंड और अन्य संपत्तियां खरीदी हैं. प्राधिकरण व्दारा इसके पहले भी विभिन्न वितदायी संस्थाओं और बैंकों को आमंत्रित कर नागरिकों को ऋण की सुविधा उपलब्ध करने में में काफी मदद की है.   

Jun 3, 2016

सिटी सेन्टर मॉल ने आरडीए को सौंपा 9.40 करोड़ रुपए का चेक

सख्ती के कारण मॉल प्रबंधन ने जमा कराई राशि 
रायपुर3 जून 2016, रायपुर विकास प्राधिकरण  के अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव के लगातार दबाव और कड़े रुख के बाद आखिरकार सिटी सेन्टर मॉल, देवेन्द्रनगर के प्रबंधकों ने आज रायपुर विकास प्राधिकरण को बकाया राशि 9.40 करोड़ रुपए के 27 अग्रिम चेक सौंपे. इसमें जून माह में प्राधिकरण के कोष में तीन चेक से एक करोड़ रुपए जमा होंगे तथा अगले 24 माह तक अग्रिम चेक जमा करने से प्राधिकरण को हर माह 35 लाख रुपए मिलेंगे. 
पिछले काफी समय से प्राधिकरण का राजस्व अमला सिटी सेन्टर मॉल के बढ़ती बकाया राशि की वसूली के लिए लगातार नोटिस व मौखिक सूचना प्रबंधकों को दी जाती रही, किन्तु प्रबंधकों ने हर हमेशा राशि देने में आनाकानी और टालमटोल किया फलस्वरुप सरचार्ज राशि के कारण उनकी देय राशि बढ़ती चली गई. गत दिनों प्राधिकरण की समीक्षा बैठक में प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव के सामने जब यह प्रकरण आया तो उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए वसूली के लिए मॉल प्रबंधकों पर सख्त कार्रवाई करने का आदेश दिया था. इस पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एम.डी. कावरे के निर्देश पर गत 26 मई को प्राधिकरण के सहायक राजस्व अधिकारी श्री आर.एस. दीक्षित ने सिटी सेन्टर के मुख्य व्दार सहित बेसमेंट के सात कमरों को सील कर दिया. उसके बाद मॉल प्रबंधक हरकत में आया और उसने प्राधिकरण अध्यक्ष श्री श्रीवास्तव और मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री कावरे से लगातार कई दौर की चर्चा की. इसके बाद मॉल प्रबंधक पहले की बकाया राशि 6.25 करोड़ रुपए सहित इस वर्ष जून में देय वार्षिक भूभाटक की राशि रुपए 2,66,53,315/- देने को तैयार हुआ. इसी क्रम में मॉल प्रबंधक ने आज रायपुर विकास प्राधिकरण को 9,40 करोड़ रुपए की राशि के 27 चेक सौंपे. इसके बाद प्राधिकरण ने सिटी सेन्टर मॉल को दोपहर में मुख्य व्दार और बेसमेंट के सात कमरों की सील को खोला गया. 

May 26, 2016

6.25 करोड़ का बकाया राशि नहीं देने पर आरडीए ने सिटी सेन्टर मॉल देवेन्द्रनगर के मुख्य व्दार को किया सील

बेसमेंट में मॉल प्रबंधक का कमरा और कंट्रोल रुप भी सील
रायपुर, 26 मई 2016रायपुर विकास प्राधिकरण ने 6.25 करोड़ रुपए की बकाया राशि नहीं देने के कारण देवेन्द्रनगर स्थित सिटी सेन्टर मॉल के मुख्य प्रवेश व्दार सहित बेसमेंट के सात कमरों
को आज सील कर दिया. प्राधिकरण के सहायक राजस्व अधिकारी श्री आर.एस. दीक्षित के नेतृत्व में गई टीम ने पहले बेसमेंट स्थित मॉल प्रबंधक कक्ष, सीसीटीवी कैमरा कंट्रोल रुम सहित कुल 7 कमरों को सील किया. इसके बाद मुख्य प्रवेश व्दार को सील किया. चूंकि प्राधिकरण की इस कार्रवाई के दौरान वहां काफी संख्या में नागरिक मौजूद थे इसलिए साईड के प्रवेश व्दार को सील नहीं किया गया. इसके पहले भी प्राधिकरण ने बकाया राशि जमा नहीं करने के कारण 23 मार्च 2015 को मॉल प्रबंधन के बेसमेंट स्थित कार्यालय को सील किया था.



प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव और मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एम.डी. कावरे के अनुसार सिटी सेन्टर मॉल के डेव्हलेपर कंपनी मेसर्स गुप्ता इन्फ्रॉस्ट्रक्चर, नागपुर व्दारा 10 अक्टूबर 2010 को मॉल का शुभारंभ किया किया था. लेकिन उसके बाद से इस कंपनी ने कभी भी हर साल दिए जाने वाले 2,66,53,315 रुपए की वार्षिक भूभाटक राशि समय पर जमा नहीं की. जब भी उन्हें नोटिस दिया गया वे पार्ट पेमेंट कर शेष राशि शीघ्र जमा कर देने का आश्वासन देते रहे पर उन्होंने राशि जमा नहीं की. प्राधिकरण ने मॉल के प्रबंधक को हमेशा से ही सचेत किया था कि यदि वे समय पर भूभाटक की राशि जमा नहीं करेंगे तो उस पर उन्हें 15 प्रतिशत वार्षिक की दर से सरचार्ज राशि का भुगतान करना होगा. मॉल प्रबंधक की लापरवाही से यह राशि लगातार बढ़ती रही और आज यह बढ़ कर 6 करोड़ 25 लाख  95 हजार 778 हो गई है. इस पर राशि में लगभग 97 लाख रुपए सरचार्ज की राशि भी शामिल है.


May 25, 2016

कमल विहार में 66 रो हॉऊस डुप्लेक्स का पंजीयन 30 मई से

रायपुर, 25 मई 2016रायपुर विकास प्राधिकरण ने आज कमल विहार में बनने वाले 66 रो हॉऊस डुप्लेक्स की पंजीयन 30 मई से शुरु करने की घोषणा की. प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव ने आज विक्रय के लिए उपलब्ध डुप्लेक्स के पंजीयन के लिए नियम, शर्तों एवं आवेदन पत्र की पुस्तिका का विमोचन किया. इस अवसर पर प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एम.डी.कावरे और मुख्य अभियंता श्री जे.एस. भाटिया भी उपस्थित थे.
      आरडीए के अध्यक्ष श्री श्रीवास्तव ने इस अवसर पर बताया कि नगर विकास योजना कमल विहार में 69 रो हॉऊस डुप्लेक्स भवनों के निर्माण की योजना बनाई गई है. जिसमें वर्तमान में 66 डुप्लेक्स के पंजीयन अर्थात बुकिंग के लिए आवेदन पत्रों का विक्रय सोमवार 30 मई 2016 से प्रारंभ किया जा रहा है. प्राधिकरण ने रोहॉऊस डुप्लेक्स के निर्माण के लिए निविदा (टेन्डर) की प्रक्रिया भी शुरु कर दी है. इस योजना में कुल 69 रो हाऊस डुप्लेक्स का निर्माण किया जाना है जिसमें से में 3 को तकनीकी कारणों से HOLD किया गया हैइसलिए वर्तमान में 66 डुप्लेक्स भवन की बुकिंग शुरु की जा रही है. इसमें 2BHK के 12 डुप्लेक्स भवन 3BHK के 36 डुप्लेक्स भवन तथा 4BHK के 21 डुप्लेक्स भवनों का निर्माण किया जाएगा.
उन्होंने बताया कि 2BHK DUPLEX : इसके अन्तर्गत 12 डुप्लेक्स भवनों का निर्माण किया जाएगा. जिसका अनुमानित मूल्य रुपए 16.44 लाख से रुपए 23.89 लाख तक है. इसके भूखंडों का आकार 471 वर्गपुट से 719 वर्गफुट तक तथा बिल्टअप क्षेत्रफल 802 वर्गफुट से 815 वर्गफुट तक है. 3BHK DUPLEX : इसके अन्तर्गत 33 डुप्लेक्स भवनों का निर्माण किया जाएगा. जिसका अनुमानित मूल्य रुपए 18.88 लाख से रुपए 47.24 लाख के बीच है. इसके भूखंडों का आकार 615 वर्गपुट से 1965 वर्गफुट तक तथा बिल्टअप क्षेत्रफल 836 वर्गफुट से 1561 वर्गफुट तक है. 4BHK DUPLEX : इसके अन्तर्गत 21 डुप्लेक्स भवनों का निर्माण किया जाएगा. जिसका अनुमानित मूल्य रुपए 23.88 लाख से रुपए 48.85 लाख के बीच है. इसके भूखंडों का आकार 798 वर्गपुट से 1508 वर्गफुट तक तथा बिल्टअप क्षेत्रफल 1029 वर्गफुट से 1561 वर्गफुट तक है.
पंजीयन हेतु आवेदन पत्र 30 मई से  - रो हॉऊस डुप्लेक्स के लिए 30 मई 2016 से आवेदन पत्र, नियम एवं शर्ते रायपुर विकास प्राधिकरण के कार्यालय में रुपए 500/- का भुगतान कर प्राप्त किया जा सकता है. भरे हुए आवेदन पत्र डुप्लेक्स भवन के अनुमानित मूल्य के 10 प्रतिशत राशि के बैंक ड्रॉफ्ट के साथ प्राधिकरण कार्यालय में 9 जून 2016 दोपहर 3.00 बजे तक जमा किए जा सकेंगे. डुप्लेक्स भवनों का पहला आवंटन 10 जून 2016 दोपहर 3.00 बजे लॉटरी से किया जाएगा. इसके बाद भवन शेष रहने की स्थिति में हर गुरुवार दोपहर 3.00 बजे तक आवेदन पत्र स्वीकार किए जाएंगे तथा शुक्रवार को उनका लॉटरी के माध्यम से आवंटन किया जाएगा. आवेदन पत्र प्राधिकरण की वेबसाईट से सोमवार से आरडीए रायपुर डॉट काम से भी डॉऊनलोड किया.
रो हाऊस डुप्लेक्स की विशेषताओं की जानकारी देतु श्री श्रीवास्तव ने बताया कि इसकी संरचना  आर.सी.सी. फ्रेमड स्ट्रक्चर की है. हॉल, बेडरुम व किचन में विट्रीफाईड टॉईल्स तथा टॉयलेट में सिरेमिक टाईल्स फ्लोरिंग होगी. किचन के प्लेटफार्म में मार्बल टॉप व स्टील सिंक लगाए जाएंगे. दरवाजों में लकड़ी के सालवुड की चौखट तथा कामर्शियल फ्लश डोर के पल्ले लगाए जाएंगे. इसमें लगने वाली खिड़कियां में वुडन फ्रेम तथा ग्लेज्ड पल्ले होंगे. भीतरी दीवारों पर आयल बाऊंड डिस्टेम्पर पुट्टी होगी तथा बाहरी दीवारों पर एक्सटीरियर वेदर कोट पेंट किया जाएगा. सेन्टरी एवं वॉटर सप्लाई फिटिंग्स आईएसआई मार्क वाली होगा. इलेक्ट्रीफिकेशन में आईएसआई मार्क कन्सील्ड पीवीसी कन्डयूट वायरिंग, माड्यूलर स्विच, सॉकेट व अन्य एक्सेसरीज, एमसीबी इत्यादि, टीवी व टेलीफोन केबल का प्रावधान किया गया है. 

May 24, 2016

स्मार्ट सिटी में सकारात्मक भूमिका को तैयार आरडीए – श्री संजय श्रीवास्तव

मुख्यमंत्री के विकास कार्यों के कारण रायपुर स्मार्ट सिटी की सूची शामिल हुआ 

रायपुर24 मई 2016 रायपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव ने रायपुर शहर को स्मार्ट सिटी की सूची में शामिल किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा है कि
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह व्दारा लगातार किए जा रहे विकास कार्यों के कारण रायपुर को स्मार्ट सिटी की सूची में शामिल होने का अवसर मिला है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रायपुर शहर विकास के लिए रायपुर विकास प्राधिकरण को जो भी जिम्मेदारी सौपेंगे उसे हम पूरी शिद्दत के साथ पूरा करने को तैयार हैं. हम हमेशा से ही सकारात्मक भूमिका के विकास और निर्माण कार्य के लिए तैयार हैं.श्री श्रीवास्तव ने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य में हो रहे समग्र विकास की दिशा में मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने गत 12 सालों से जो लगातार प्रयास किया है उसके कारण ही राज्य को कई उपलब्धियां मिली हैं. उन्होंने रायपुर को स्मार्ट सिटी में शामिल करने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और केन्द्रीय शहरी विकास मंत्री श्री वैकेय्या नायडू के प्रति आभार व्यक्त किया है. श्री श्रीवास्तव ने कहा कि रायपुर विकास प्राधिकरण काफी पहले से ही स्मार्ट सिटी की दिशा में कमल विहार और इन्द्रप्रस्थ जैसी नगर विकास योजना पर काम कर रहा है. इसलिए प्राधिकरण को इस दिशा में अच्छा खासा अनुभव भी है. रायपुर शहर विकास के लिए 1963 से कार्यरत रायपुर विकास प्राधिकरण स्मार्ट सिटी की दिशा में अहम भूमिका के लिए तैयार है. 

May 13, 2016

इन्द्रप्रस्थ रायपुरा के निवासियों को भी मिली सौगात 6 दुकानों, 3 उद्यानों का हुआ लोकार्पण

शहर की कॉलोनियों से ज्यादा सुन्दर इन्द्रप्रस्थ - रायपुरा
रायपुर13 मई 2016 इन्द्रप्रस्थ रायपुरा योजना के निवासियों को उनकी दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए 6 दुकानों से अब और भी बेहतर सुविधाएं  मिलने लगेंगी. इसके साथ ही कल योजना में तीन उद्यान जनता को समर्पित किए गए. लोक सुराज अभियान के अतंर्गत कल रायपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव ने योजना में नवनिर्मित 240 वर्गफुट की 6 दुकानों का लोकार्पण किया और 4 दुकानों के आवंटितयों को उनका आवंटन पत्र सौंपा.
इन्द्रप्रस्थ रायपुरा योजना में डुप्लेक्स भवनों के क्षेत्र में प्राधिकरण ने तीन उद्यान भी विकसित किए है जिसमें पॉथवे तथा पौधरोपण का कार्य किया गया है. एक उद्यान में बच्चों के खेलने के लिए अलग से स्थान भी रखा गया है. कुल 56,544 वर्गफुट में विकसित यह उद्यान डुप्लेक्स भवनों के बीच में बनाए गए हैं.   

इस अवसर पर आरडीए के अध्यक्ष श्री श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में नागरिकों से आव्हान किया कि वे अपनी कॉलोनी को साफ सुथरा और व्यवस्थित रखने में एक दूसरे का सहयोग करें. श्री श्रीवास्तव ने कहा कि उनकी यह कॉलोनी विशेषज्ञों व्दारा तैयार किए गए नक्शे के विकसित की गई नगर विकास योजना का एक साकार रुप है. इसलिए यहां काफी चौड़ी सड़कें तथा खुलापन है. इसी काकरण यह वर्तमान रायपुर शहर की अन्य कॉलोनियों के मुकाबले यह कही ज्यादा सुन्दर और सुखद अहसास देने वाली कॉलोनियों में से एक हो गई है. इस कार्यक्रम में प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एम.डी. कावरे, मुख्य अभियंता श्री जे.एस. भाटिया, अधीक्षण अभियंता श्री एस.सी. झा, कार्यपालन अभियंता श्री वाय.सी. साहू,सहायक अभियंता श्री सुशील शर्मा सहित स्थानीय निवासी काफी संख्या में उपस्थित थे.  

डीईओ ऑफिस चौक के पास 12 छोटी दुकानों का भूमिपूजन

नागरिकों को मिलेगी बेहतर सुविधा
रायपुर, 13 मई 2016, शैलेन्द्रनगर डीईओ ऑफिस चौक के पास कल 12 छोटी दुकानों के निर्माण का भूमिपूजन रायपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव ने किया. लगभग 20.22 लाख की निर्माण लागत से बनने वाली दुकानों में एक दुकान का क्षेत्रफल लगभग 67 वर्गफुट होगा. इन दुकानों के निर्माण से क्षेत्र के निवासियों को पहले से ज्यादा सुविधा मिलेगी और युवाओं को रोजगार भी मिलेगा. इस अवसर पर प्राधिकरण के सीईओ श्री एम.डी. कावरे व सीई श्री जे.एस. भाटिया भी उपस्थित थे.


May 12, 2016

आरडीए ने जारी किया टोलफ्री नंबर 18002337188

लोक सुराज अभियान के अंतर्गत 
रायपुर विकास प्राधिकरण की सौगात
रायपुर12 मई 2016रायपुर विकास प्राधिकरण ने आज जनसुविधा के लिए  एक टोलफ्री नंबर 18002337188 जारी किया. प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव ने कार्यालय में आज औपचारिक रुप से इसकी शुरुआत की.
प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एम.डी. कावरे ने बताया कि टोलफ्री नंबर से आवंटिती सहित अन्य कोई भी व्यक्ति सीधे इस नंबर पर फोन कर प्राधिकरण से संबंधित विभिन्न जानकारियां कार्यालयीन समय प्रातः 10.30 बजे से शाम 5.30 के मध्य ले सकेगा. चूंकि यह टोलफ्री नंबर है इसलिए फोन करने वाले को फोन करने का कोई शुल्क नहीं लगेगा. प्राधिकरण की विक्रय योग्य विभिन्न संपत्तियों यथा कमल विहार, इन्द्रप्रस्थ योजना में रिक्त आवासीय, व्यावसायिक, स्वास्थ्य,शैक्षणिक व सार्वजनिक व अर्ध्द सार्वजनिक प्लॉट, फ्लैट्स, नए भूखंड की उपलब्धता इत्यादि की जानकारी सहित बकाया राशि, आवंटन इत्यादि की कई जानकारी नागरिक टोलफ्री नंबर के माध्यम से ले सकेंगे. श्री कावरे के अनुसार टोलफ्री नंबर के माध्यम से आवश्यकता पड़ने पर प्राधिकरण की विभिन्न शाखाओं के अधिकारियो से भी जानकारी ली जा सकेगी. टोलफ्री नंबर प्रारंभ करने के इस अवसर पर प्राधिकरण के मुख्य अभियंता श्री जे.एस.भाटिया सहित कई अधिकारी व कर्मचारी भी उपस्थित थे.
        छत्तीसगढ़ शासन के लोक सुराज के अंतर्गत गत एक सप्ताह में प्राधिकरण व्दारा नागरिकों की सुविधा के लिए कई कार्यों की शुरुआत की है. इसके अंतर्गत पीने के पानी के लिए निशुल्क पानी के टैंकर का लोकार्पण, बोरियाखुर्द में नागरिक सुविधाओं के लिए शॉपिंग सेन्टर व कम्युनिटी सेन्टर, शैलेन्द्रनगर में कार्यालय भवन के निर्माण का भूमिपूजन किया है. उल्लेखनीय है कि जनसुविधा के लिए कार्य की गति बढ़ाने के लिए प्राधिकरण ने आवंटितियों के भुगतान व बकाया राशि के लिए पूर्व में मैनेजमैंट इनफर्मेशन सिस्टम का लागू किया था उसे और बेहतर बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है.  

May 8, 2016

शैलेन्द्रनगर में 6 व्यावसायिक हॉल निर्माण का भूमिपूजन हुआ

रायपुर, 8 मई 2016, लोक सुराज अभियान के अन्तर्गत आज रायपुर विकास प्राधिकरण ने शैलेन्द्रनगर योजना में स्थानीय निवासियों को व्यावसायिक सुविधा उपलब्ध कराने के लिए एक निर्माण योजना की शुरुआत की. इसके अन्तर्गत शैलेन्द्रनगर पानी टंकी के पास बनी भूतल पर बने दुकानों के परिसर के प्रथम तल पर 6 हॉल बनाने के लिए आज प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव ने भूमि पूजन किया. इसके अन्तर्गत 748 वर्गफुट से 1041 वर्गफुट आकार के 6 हॉल का निर्माण किया जाएगा. प्राधिकरण की पुरानी योजनाओं में से एक शैलेन्द्रनगर अब पूरी तरह से विकसित हो गया है. यहां बनने वाले हॉल विभिन्न व्यावसायिक उपयोग के प्रयोजन का होगा. जिसके निर्माण के उपरांत इसे निविदा के माध्यम से विक्रय किया जाएगा. इस अवसर पर प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एम.डी. कावरे, मुख्य अभियंता श्री जे.एस. भाटिया सहित कई नागरिक उपस्थित थे.

May 7, 2016

बोरियाखुर्द के निवासियों को मिलेंगे दो शॉपिंग कॉम्पलेक्स व दो कम्युनिटी भवन

लोक सुराज अभियान के अंतर्गत भूमिपूजन
रायपुर07 मई 2016डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी आवास योजना बोरियाखुर्द के निवासियों को कुछ महीनों बाद अपनी बुनियादी जरूरतों की आवश्यकता की पूर्ति हेतु दो व्यावसायिक परिसर तथा विभिन्न सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यों के लिए दो कम्युनिटी हॉल उपलब्ध हो जाएंगे. कल शाम को रायपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव ने लोक सुराज अभियान के अन्तर्गत योजना में दो शॉपिंग कॉम्पलेक्स व कम्युनिटी हॉल निर्माण कार्य के भूमि पूजन कर इसकी शुरुआत की.

बोरियाखुर्द योजना में वहां के 1800 फ्लैट्स तथा आसपास के क्षेत्र में रह रहे नागरिकों को दो शॉपिंग कॉम्पलेक्स में कुल 48 दुकानें तथा सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यों हेतु कुल 5 हॉल उपलब्ध हो सकेंगे. रायपुर विकास प्राधिकरण व्दारा बोरियाखुर्द योजना के ग्रुप - ए के शॉपिंग कॉम्पलेक्स के भूतल पर 25 दुकानें तथा प्रथम तल के कम्युनिटी हॉल के अन्तर्गत कुल 3 हॉल का निर्माण होगा. वहीं ग्रुप - बी के शॉपिंग कॉम्पलेक्स में 23 दुकानें तथा कम्युनिटी हॉल के अन्तर्गत 2 हॉल का निर्माण किया जाएगा.
इस अवसर पर उपस्थित जनों को संबोधित करते हुए प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव ने कहा कि बोरियाखुर्द योजना में बनने वाले व्यावसायिक परिसर की दुकानों से और कम्युनिटी हॉल के बनने से स्थानीय युवाओं को अपना रोजगार प्रारंभ करने के अवसर  मिलेंगे. उन्होंने कहा कि इस योजना में नागरिकों की मांग पर साफ सफाई के लिए प्राधिकरण ने सफाई ठेकेदार की नियुक्ति कर दी है तथा प्राधिकरण के कर्मचारी भी इसकी लगातार देखरेख कर रहे हैं, ऐसे में नागरिकों को भी इसमें सहयोग करना होगा. साथ ही योजना में पानी के अपव्यय के प्रति नगारिकों को सचेत रहना होगा. आज आवश्यकता इस बात की है कि पानी की बचत की जाए. उन्होंने नागरिकों को आश्वस्त किया कि प्राधिकरण उनके समस्यायों के प्रति जागरुक है. शॉपिंग कॉम्पलेक्स व कम्युनिटी हॉल के भूमिपूजन के अवसर पर प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एम.डी. कावरे, मुख्य अभियंता श्री जे. एस. भाटिया, पार्षद प्रतिनिधि श्री कमल साहू सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित थे.

May 5, 2016

आपात परिस्थितियों में नागरिकों को निःशुल्क पानी उपलब्ध कराएगा आरडीए

आरडीए अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव की घोषणा 
रायपुर, 05 मई 2016गर्मी कि दिनों में रायपुर विकास प्राधिकरण की योजनाओं में पानी की समस्या नहीं रहे और जरूरत पड़ने पर तुरंत पीने का पानी उपलब्ध कराया जा सके इसकी पहल आज प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव ने की. उन्होंने आज टैगोरनगर स्थित पानी टंकी परिसर में आरडीए के तीन टैंकरों का नागरिक सुविधा के लिए लोकार्पण किया. श्री श्रीवास्तव ने इस अवसर पर घोषणा कि इसमें से एक टैंकर प्राधिकरण की योजनाओं के बाहर नागरिकों की मांग पर आपात परस्थितियों में ही भेजा जाएगा. उन्होंने कहा कि पानी का यह टैंकर निशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा. दो टैंकर प्राधिकरण की विभिन्न योजनाओं में आवश्यकतानुसार पीने का पानी प्रदाय करेंगे. टैंकर लोकार्पण के अवसर पर प्राधिकरण के सीईओ श्री एम.डी. कावरे, अतिरिक्त सीईओ श्री यू.एस. अग्रवाल, मुख्य अभियंता श्री जे. एस. भाटिया, पार्षद श्री श्याम चावला, श्री धर्म दस्सानी व वार्ड के अन्य कई गणमान्य नागरिक उपस्थित थे.


साईनगर व चाणक्य अपार्टमेंट में भी दो नलकूपों का खनन, 2 इंच पानी मिला

पीने के पानी के समस्या हुई दूर
रायपुर, 05 मई 2016रायपुर विकास प्राधिकरण की साईनगर योजना के फ्लैट्स एवं देवेन्द्रनगर सेक्टर 3 के चाणक्य अपार्टमेंट के फ्लैट्स के नागरिकों को हो रही पानी की कमी को दूर करने के लिए कल अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव ने दो नलकूपों के खनन के लिए पूजन कर इसकी शुरुआत की. नलकूप के लिए रातभर चले खनन के बाद सुबह इसमें सफलता मिली और 2 इंच का पानी मिला. अब इस नलकूप से साईनगर व चाणक्य अपार्टमेंट देवेन्द्रनगर के निवासियों की पानी की दिक्कतों का समाधान हो जाएगा. कल इसके नलकूप की शुरुआत किए जाने के अवसर पर प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एम.डी. कावरे, वार्ड के जोन क्रमांक - 2 की अध्यक्ष एवं पार्षद श्रीमती किरण दिलीप सारथी, गोपाल ठाकरे, कमलेश मिश्रा, धीरेन्द्र नशीने सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित थे.  


May 3, 2016

कमल विहार के  डूंडा स्थित निस्तारी तालाब के
जल स्तर को बनाए रखने नए नलकूप का खनन

रायपुर, 03 मई 2016कमल विहार स्थित डूंडा तालाब के जल स्तर को बनाए रखने के लिए रायपुर विकास प्राधिकरण व्दारा कल एक नए नलकूप का खनन किया गया. रायपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव ने गत दिनों वार्ड की पार्षद यशोदा कमल साहू की मांग पर यह अधिकारियों को एक नए नलकूप खनन करने के निर्देश दिया था. प्राधिकरण की कमल विहार योजना क्षेत्र में शामिल ग्राम डूंडा की आबादी नियमित रुप से डूंडा के इस तालाब का उपयोग निस्तारी के लिए करती है. तेज गर्मी का कारण इस तालाब में पानी का स्तर लगातार घट रहा था. कल किए गए नलकूप खनन में लगभग 2 इंच पानी प्राप्त हुआ है. प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार इस नलकूप से तालाब में पानी भरने से निस्तारी के लिए पानी की कमी नहीं होगी और तालाब का स्तर उपयुक्त बना रहेगा. इससे ग्राम वासियों की सुविधा बनी रहेगी.

कमल विहार और इन्द्रप्रस्थ  रायपुरा में भूस्वामियों को
विकसित भूखंड देने आरडीए का  तीन दिवसीय शिविर 5 मई से
रायपुर, 3 मई 2016रायपुर विकास प्राधिकरण की कमल विहार और इन्द्रप्रस्थ – रायपुरा योजना में शामिल भूस्वामियों को उनकी भूमि के बदले विकसित भूखंड देने के लिए 5 से 7 मई तक कलेक्टोरेट स्थित पंजीयक कार्यालय (रजिस्ट्री ऑफिस) रायपुर में प्राधिकरण का राजस्व शाखा एक विशेष कैंप लगाया जा रहा है. जिसमें आरडीए की राजस्व शाखा व्दारा वहा पर भूमि स्वामियों से अनुबंध कर उन्हें भूखंड आवंटन के लिए रजिस्ट्री के दस्तावेज तैयार करके देगी जो वहीं रजिस्ट्रार के समक्ष प्रस्तुत किए जा सकेंगे. तीन दिवसीय यह कैम्प 5,6 व 7  मई को होगा.
प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एम. डी. कावरे के अनुसार तीन दिवसीय शिविर में भूमि स्वामियों को एक सौ रुपए के नान जुडिशियल स्टांम्प पेपर, मूल रजिस्ट्री अथवा मूल ऋण पुस्तिका, तीन पासपोर्ट फोटो, अद्यतन बी - 1 एवं खसरे की प्रति तथा अपना पहचान पत्र लाना होगा. इस विशेष कैंप में प्राधिकरण व्दारा योजना में शामिल होने के लिए पहला अनुबंध तथा विकसित भूखंड आवंटन के लिए निश्चयात्मक अनुबंध दोनों ही निष्पादित किए जाएंगे. 

Apr 28, 2016

बच्चों को पानी का महत्व समझाने के विषय को स्कूली पाठ्यक्रम में शामिल करना एक अच्छी की पहल होगी – श्री संजय श्रीवास्तव

रायपुर28 अप्रैल 2016रायपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव ने कहा है कि बच्चों को पानी के महत्व की जानकारी देने के लिए इसे शुरु से ही स्कूली पाठ्यक्रम में शामिल करना एक अच्छी पहल होगी. यह बात उन्होंने शिमला में आयोजित दो दिवसीय रेन वॉटर हार्वेस्टिंग और भूजल प्रबंधन कार्यशाला में विशेषज्ञों से चर्चा के दौरान कही. कार्यशाला में पानी के महत्व और उसके संरक्षण के बारे में बच्चों को बचपन से ही जानकारी देने के संबंध में बताया गया कि गुजरात सरकार के वाटर एंड सेनिटेशन मैनेजमैंट आर्गेनाईजेशन के सलाहकार के श्री आर.एन. शुक्ला ने कुछ समय पहले एक प्रस्ताव प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी को भेजा था कि जल संरक्षण और उसकी उपयोगिता के बारे में ऐसी जानकारियों को स्कूलों के पाठ्यक्रमों में शामिल किया जाए.
        
रायपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव ने कहा कि जल संरक्षण और उसके प्रबंधन के संबंध में इस कार्यशाला में जो चर्चा हो रही है उसके बेहतर निष्कर्ष जो छत्तीसगढ़ प्रदेश के लिए उपयोगी होंगे उसकी जानकारी वे प्रदेश के मुख्मंत्री डॉ. रमन सिंह को देंगे ताकि उन सुझावों को प्रदेश के हित में लागू किया जा सके.
भूजल संरक्षण, प्रबंधन विषय पर आज श्री श्रीवास्तव ने कार्यशाला के दौरान कई विशेषज्ञों से चर्चा की और रायपुर विकास प्राधिकरण व्दारा कमल विहार योजना व इन्द्रप्रस्थ योजना में भूजल प्रबंधन, वर्षा के जल का संचय, जल पुनर्भरण तकनीक तथा प्रदूषित जल के शोधन करने के लिए सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के उपयोग के संबंध में भी जानकारी दी. श्री श्रीवास्तव ने कहा कि 45 सालों से जल संरक्षण और उसके प्रबंधन पर कार्य कर रहे श्री आर.एन. शुक्ला के अनुभवों का लाभ लेने के लिए उन्हें छत्तीसगढ़ आमंत्रित किया जाएगा ताकि वे यहां जल संरक्षण एवं उसके प्रबंधन में काम करने वालों को बेहतर तकनीक की जानकारी दे सकें.  

Apr 27, 2016

भूजल प्रबंधन और रेन वॉटर हॉर्वेस्टिंग कार्यशाला में भाग लेने संजय श्रीवास्तव शिमला गए

28 व 29 अप्रैल को दिवसीय कार्यशाला
रायपुर, 27 अप्रैल 2016रेन वॉटर हार्वेस्टिंग और भूजल प्रबंधन विषय पर शिमला में आयोजित एक कार्यशाला में शामिल होने के लिए रायपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव आज नई दिल्ली के लिए रवाना हुए, वे कल वहां से शिमला पहुंच कर दो दिवसीय प्रशिक्षण एवं कार्यशाला में भाग लेंगे.
नई दिल्ली की संस्था एवरीथिंग एबॉऊट वॉटर व्दारा आयोजित इस कार्यशाला में जल तथा प्रदूषित जल के प्रबंधन व उसके संरक्षण एवं संवर्धन विषय पर 28 व 29 अप्रैल 2016 को विभिन्न विशेषज्ञों के व्याख्यान, व्यावहारिक अभ्यास, केस स्टडीज सहित उपस्थित प्रतिनिधियों के बीच सीधे चर्चा होगी. श्री संजय श्रीवास्तव इस कार्यशाला में रायपुर विकास प्राधिकरण की कमल विहार योजना, इन्द्रप्रस्थ योजना पर भूजल प्रबंधन, सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट की स्थापना सहित मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह व्दारा सुझाए गए वर्षा जल पुनर्भरण तकनीक, भूजल संचय एवं प्रबंधन के संबंध में उपस्थित प्रतिनिधियों को संबोधित करेंगे. इस कार्यशाला में भाग लेने के लिए रायपुर विकास प्राधिकरण के जल आपूर्ति के वरिष्ठ सहायक अभियंता श्री अनिल गुप्ता भी साथ गए हैं. 

Apr 12, 2016

कमल विहार की श्मशान भूमि पर बाऊन्ड्रीवाल का भूमिपूजन

ग्राम डूंडा के विकास के अंतर्गत सुविधा की दृष्टि  

के लिए बनाई जा रही बॉऊन्ड्रीवॉल 

रायपुर, 12 अप्रैल 2016कमल विहार में कृष्णा पब्लिक स्कूल के पीछे सेक्टर11 ए में स्थित ग्राम डूंडा की श्मशान की भूमि पर बाऊन्ड्रीवाल बनाने के लिए आज रायपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव ने भूमि पूजन किया. इस अवसर पर पूर्व विधायक श्री नंदे साहू, पार्षद श्रीमती यशोधर कमल साहू, पार्षद प्रतिनिधि श्री कमल साहू और रायपुर ग्रामीण के विधायक के प्रतिनिधि श्री पंकज शर्मा और प्राधिकरण के मुख्य अभियंता श्री जे.एस. भाटिया भी उपस्थित थे.

लगभग चार एकड़ में 27.20 लाख रुपए की लागत से बनने वाली बॉऊन्ड्रीवॉल की कुल लंबाई 825 मीटर होगी. यह बॉऊन्ड्रीवॉल कॉलम तथा बीम की संरचना पर आधारित होगी. बॉऊन्ड्रीवाल के निर्माण से आवासीय क्षेत्र का हिस्सा अलग हो जाएगा. श्री श्रीवास्तव ने आज भूमि पूजन के साथ ही अधिकारियों को यह कहा कि वे समय सीमा के साथ गुणवत्ता का भी ध्यान रखें. कमल विहार योजना के साथ लगे गांव के निवासियों ने काफी समय पहले से यह मांग की थी कि श्मशान के क्षेत्र की बॉऊन्ड्रीबाल का निर्माण कर उसे घेर दिया जाए. इसी परिपेक्ष्य में प्राधिकरण व्दारा कमल विहार योजना के साथ ही योजना में आने वाले ग्रामों के विकास की सुविधा देने के लिए यह कार्य कर रहा है. इस संबंध में योजना की अवधारणा के समय ही यह कहा गया था कि प्राधिकरण योजना में आने वाले गांवों के लिए विकास कार्य कर उन्हें सुविधाएं देगा. उसी के अन्तर्गत आज वहां बॉऊन्ड्रीवॉल का कार्य प्रारंभ किया गया है. 

Apr 5, 2016

विकसित भूखंड लेने पहुंचने लगे भूस्वामी

6 व 7 को भी होंगे अनुबंध व निश्चयात्मक अनुबंध

रायपुर5 अप्रैल 2016रायपुर विकास प्राधिकरण व्दारा विकसित भूखंड देने की सूचना देने पर आज कई भूमिस्वामी कलेक्टोरेट स्थित पंजीयक कार्यालय पहुंचे. भूमि स्वामियों की भागीदारी से बनी कमल विहार और इन्द्रप्रस्थ  रायपुरा योजना में लगातार कार्य होने के बाद अब भूखंडों में बुनियादी सुविधाएं विकसित कर ली गई हैं. 
प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एम.डी. कावरे के निर्देश पर प्रसार माध्यमों के साथ ही टेलीफोन पर भूस्वामियों को अनुबंध कर विकसित भूखंड लेने के लिए आमंत्रित किया जा रहा है. विकसित भूखंड देने की प्रक्रिया में पहले अनुबंध फिर निश्चयात्मक अनुबंध किया जा रहा है. प्राधिकरण के राजस्व शाखा के अधिकारी और कर्मचारी पूरे द्स्तावेज और कम्प्यूटर सहित आज से तीन दिवसीय विशेष शिविर के लिए रजिस्ट्री ऑफिस के सामने हाल में पहुंचे. आज वहां कई भूस्वामियों ने जानकारी ली और दोनों ही योजनाओं में विकसित भूखंड देने के लिए अनुबंध के दस्तावेज भी तैयार किए गए. यह शिविर 6 और 7 अप्रैल को भी जारी रहेगा. भूमि स्वामियों को विकसित भूखंड लेने के लिए एक सौ रुपए के नॉन जुडिशियल स्टांम्पभूमि की मूल रजिस्ट्री या मूल ऋण पुस्तिकातीन पासपोर्ट फोटो,अद्यतन बी - 1 एवं खसरे की प्रति तथा अपना पहचान पत्र ले कर जाना होगा.  

Apr 4, 2016

कमल विहार और इन्द्रप्रस्थ – रायपुरा के शेष बचे भूस्वामियों को विकसित भूखंड देने आरडीए का 3 दिवसीय शिविर आज से

भूस्वामियों को अविकसित के बदले मिलेंगे विकसित भूखंड

रायपुर, 4 अप्रैल 2016कमल विहार और इन्द्रप्रस्थ – रायपुरा योजना के ऐसे भूस्वामी जिनके सहयोग से नगर विकास योजनाएं बनाई गई हैं. उनको अब रायपुर विकास प्राधिकरण विकसित भूखंड दे रहा है. इसी कड़ी में कल से कलेक्टोरेट स्थित पंजीयक कार्यालय रायपुर में प्राधिकरण का राजस्व शाखा एक विशेष कैंप लगा रहा है. जिसमें आरडीए की टीम वहीं पर भूमि स्वामियों से अनुबंध कर उन्हें भूखंड आवंटन के लिए रजिस्ट्री के दस्तावेज तैयार कर के देगी जो रजिस्ट्रार के समक्ष प्रस्तुत किए जा सकेंगे. यह कैम्प 5,6 व 7 अप्रैल को तीन दिन तक चलेगा.

प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एम. डी. कावरे के अनुसार तीन दिवसीय शिविर में भूमि स्वामियों को एक सौ रुपए के नान जुडिशियल स्टांम्प पेपर, मूल रजिस्ट्री अथवा मूल ऋण पुस्तिका, तीन पासपोर्ट फोटो, अद्यतन बी - 1 एवं खसरे की प्रति तथा अपना पहचान पत्र लाना होगा. इस विशेष कैंप में प्राधिकरण व्दारा योजना में शामिल होने के लिए पहला अनुबंध तथा विकसित भूखंड आवंटन के लिए निश्चयात्मक अनुबंध दोनो ही निष्पादित किए जाएंगे. श्री कावरे का कहना है कि प्राधिकरण अविकसित भूमि के बदले योजना में सहभागी बने भूस्वामियों को विकसित भूखंड वापस दे रहा है. विकसित भूखंड में हर भूखंड को सड़क, भूमिगत नाली,बिजली,पानी सहित भूमिगत सीवर लाईन, विकसित योजना में खेल मैदान, उद्यान, बाजार की सुविधाएं भी प्रदान कर रहा है, इसलिए हमारी  भूस्वामियों से अपील है कि वे रजिस्ट्री ऑफिस में आकर अनुबंध निष्पादित कराएं और अपने नाम का सर्वसुविधायुक्त विकसित भूखंड प्राप्त कर लें.  

Apr 3, 2016

इन्द्रप्रस्थ – रायपुरा और कमल विहार के भूस्वामियों से अनुबंध के लिए 5 से 7 अप्रैल तक रजिस्ट्री कार्यालय में विशेष शिविर

अनुबंध कर विकसित भूखंड लेने की लिए विशेष शिविर

रायपुर, 3 अप्रैल 2016, इन्द्रप्रस्थ – रायपुरा और कमल विहार योजना के भूस्वामी जिनकी भूमि इन योजनाओं में शामिल की गई है उनके साथ अनुबंध के लिए रजिस्ट्री (पंजीयक कार्यालय) ऑफिस में एक विशेष शिविर 5, 6 व 7 अप्रैल को लगाया जा रहा है. रायपुर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एम.डी. कावरे ने बताया कि इस शिविर में प्राधिकरण के राजस्व शाखा के अधिकारी और कर्मचारी उपलब्ध रहेंगे. शिविर के दौरान रजिस्ट्री कार्यालय में ही भूस्वामियों के अनुबंध तैयार कर वहीं पंजीयक के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा. प्राधिकरण व्दारा योजना में शामिल होने के लिए पहला अनुबंध तथा विकसित भूखंड आवंटन के लिए निश्चयात्मक अनुबंध दोनो ही निष्पादित किए जाएंगे. श्री कावरे ने भूस्वामियों से अपील की है कि वे अनुबंध निष्पादित कर जल्द से जल्द प्राधिकरण से अपना सर्वसुविधायुक्त विकसित भूखंड प्राप्त कर लें.  

देवेन्द्रनगर के 100 भूखंडों पर भवन निर्माण नहीं करने का कारण पूछेगा आरडीए

जवाब उपयुक्त नहीं पाए जाने पर भूखंड का अनुबंध होगा निरस्त
 रायपुर, 3 अप्रैल 2016, देवेद्रनगर के सौ से ज्यादा रिक्त भूखंड जिन पर मकान नहीं बनाए गए हैं को रायपुर विकास प्राधिकरण व्दारा कारण बताओ सूचना दे कर यह पूछेगी कि उन्होंने नियम के अनुसार निर्धारित समय में अपने भूखंड पर भवन निर्माण का काम क्यों नहीं किया. प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एम.डी. कावरे और मुख्य अभियंता श्री जे.एस. भाटिया ने आज सुबह राजस्व शाखा के अधिकारियों का साथ देवेन्द्रनगर के सभी सेक्टरों का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने पाया कि कई भूखंड रिक्त पड़े हैं. वे आवंटित तो है और रिक्त भी पर उनमें अनुबंध की शर्तों के अनुरुपर निर्धारित दो वर्ष की अवधि में निर्माण कार्य नहीं किया गया है.
उल्लेखनीय है कि देवेन्द्रनगर 1983 से अस्तित्व में आई थी और वहां पांच सेक्टरों में आवासीय योजना विकसित की गई थी. इसके अतिरिक्त वहां व्यावसायिक योजना भी विकसित की गई थी. सन् 2008 में यहां प्रदेश के सबसे पहले मॉल की अवधारणा पर कार्य शुरु किया गया था जो 10 अक्टूबर 2010 को बन कर शुरु हो गया था.

Apr 1, 2016

आरडीए अध्यक्ष का देवेन्द्रनगर स्थित पत्रकार कॉलोनी का दौरा

रायपुर 01 अप्रैल 2016, रायपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव ने आज प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एम.डी. कावरे तथा मुख्य अभियंता श्री जे.एस. भाटिया के साथ देवेन्द्रनगर स्थित पत्रकार कालोनी का दौरा कर वहां प्राधिकरण की संपत्तियों का अवलोकन किया. उन्होंने उन रिक्त भूखंडो का अवलोकन किया जो आवंटन के के बाद रिक्त पड़े है जिनमें आज तक निर्माण नहीं किया गया है. इस अवसर पर पार्षद श्री गोपाल सोनी, पूर्व पार्षद श्री दिलीप सारथी भी उपस्थित थे. 

8 विक्रय अभिकर्ताओं का अनुबंध निरस्त

सरचार्ज में छूट की अवधि एक माह बढ़ी
लागत बढ़ने से कमल विहार के छोटे आवासीय प्लॉटों की दरें बढ़ी
रायपुर 01 अप्रैल 2016, रायपुर विकास प्राधिकरण व्दारा 3 लाख रुपए तक की सरचार्ज राशि में दी जा रही छूट को बढ़ा कर 30 अप्रैल तक कर दिया गया, पहले यह छूट 31 मार्च तक थी. प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव व मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एम.डी. कावरे के पास आवंटितियों व्दारा इस संबंध में लगातार मांग आ रही थी की सरचार्ज राशि में छूट की अवधि को आगे बढ़ाया जाए. इस पर प्राधिकरण के संचालक मंडल की बजट बैठक में बकायादारों व्दारा एक मुश्त राशि जमा करने पर सरचार्ज की राशि में छूट की अवधि को एक माह तक और बढ़ा दिया गया है. 
संचालक मंडल व्दारा लिए गए एक और निर्णय के अनुसार विभिन्न योजनाओं में विक्रय की जाने वाली संपत्तियों के लिए नियुक्त किए गए 8 एजेंटो (विक्रय अभिकर्ता) व्दारा कार्य नहीं किए जाने के कारण उनका अनुबंध समाप्त कर दिया गया है. प्राधिकरण ने इससे पूर्व में कुल 18 एजेंटो की नियुक्ति की थी जिनमें से आठ एजेंटों व्दारा व्यवसाय नहीं किया जा रहा था, इस कारण उनका अनुबंध समाप्त करने का निर्णय लिया गया। इनमें मंजिन्दर सिंह भामरा, चन्द्रकांत बावरिया, महेन्द्र कोचर जैन, डागा बन्धु दीपक डागा, सुशांत पोलाई, विकल्प अग्रवाल, सुलभ अग्रवाल और राजेश गिदवानी शामिल हैं.  
      वहीं प्राधिकरण व्दारा बड़े भूखंडों को छोटे किए जाने के फलस्वरुप उसके अधोसंरचना की लागत बढ़ने का कारण 2000 वर्गफुट के तक आवासीय प्लॉटों की दरें 5 प्रतिशत बढ़ा दी हैं. इससे पहले फ्रीहोल्ड के भूखंडों का मूल्य 1696 रुपए प्रति वर्गफुट था जिसे बढ़ा कर 1781 रुपए प्रति वर्गफुट तथा लीज होल्ड प्लॉटों की दरें 1402 रुपए प्रति वर्गफुट से बढ़ा कर 1472 रुपए प्रति वर्गफुट कर दिया गया है.

      उल्लेखनीय है कि सरचार्ज राशि में रायपुर विकास प्राधिकरण व्दारा 31 मार्च तक आवंटितियों को एकमुश्त राशि का भुगतान करने पर आवासीय संपत्तियों की सरचार्ज राशि पर 50 प्रतिशत, व्यावसायिक संपत्तियों पर 40 प्रतिशत तथा शैक्षणिक संपत्तियों पर 45 प्रतिशत सरचार्ज राशि में छूट दी गई थी जो 3 लाख रुपए तक के सरचार्ज राशि पर ही दी जा रही थी. अब इस छूट को बढ़ा कर अब 30 अप्रैल तक कर दिया गया है.