Search This Blog

Apr 4, 2016

कमल विहार और इन्द्रप्रस्थ – रायपुरा के शेष बचे भूस्वामियों को विकसित भूखंड देने आरडीए का 3 दिवसीय शिविर आज से

भूस्वामियों को अविकसित के बदले मिलेंगे विकसित भूखंड

रायपुर, 4 अप्रैल 2016कमल विहार और इन्द्रप्रस्थ – रायपुरा योजना के ऐसे भूस्वामी जिनके सहयोग से नगर विकास योजनाएं बनाई गई हैं. उनको अब रायपुर विकास प्राधिकरण विकसित भूखंड दे रहा है. इसी कड़ी में कल से कलेक्टोरेट स्थित पंजीयक कार्यालय रायपुर में प्राधिकरण का राजस्व शाखा एक विशेष कैंप लगा रहा है. जिसमें आरडीए की टीम वहीं पर भूमि स्वामियों से अनुबंध कर उन्हें भूखंड आवंटन के लिए रजिस्ट्री के दस्तावेज तैयार कर के देगी जो रजिस्ट्रार के समक्ष प्रस्तुत किए जा सकेंगे. यह कैम्प 5,6 व 7 अप्रैल को तीन दिन तक चलेगा.

प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एम. डी. कावरे के अनुसार तीन दिवसीय शिविर में भूमि स्वामियों को एक सौ रुपए के नान जुडिशियल स्टांम्प पेपर, मूल रजिस्ट्री अथवा मूल ऋण पुस्तिका, तीन पासपोर्ट फोटो, अद्यतन बी - 1 एवं खसरे की प्रति तथा अपना पहचान पत्र लाना होगा. इस विशेष कैंप में प्राधिकरण व्दारा योजना में शामिल होने के लिए पहला अनुबंध तथा विकसित भूखंड आवंटन के लिए निश्चयात्मक अनुबंध दोनो ही निष्पादित किए जाएंगे. श्री कावरे का कहना है कि प्राधिकरण अविकसित भूमि के बदले योजना में सहभागी बने भूस्वामियों को विकसित भूखंड वापस दे रहा है. विकसित भूखंड में हर भूखंड को सड़क, भूमिगत नाली,बिजली,पानी सहित भूमिगत सीवर लाईन, विकसित योजना में खेल मैदान, उद्यान, बाजार की सुविधाएं भी प्रदान कर रहा है, इसलिए हमारी  भूस्वामियों से अपील है कि वे रजिस्ट्री ऑफिस में आकर अनुबंध निष्पादित कराएं और अपने नाम का सर्वसुविधायुक्त विकसित भूखंड प्राप्त कर लें.  

Apr 3, 2016

इन्द्रप्रस्थ – रायपुरा और कमल विहार के भूस्वामियों से अनुबंध के लिए 5 से 7 अप्रैल तक रजिस्ट्री कार्यालय में विशेष शिविर

अनुबंध कर विकसित भूखंड लेने की लिए विशेष शिविर

रायपुर, 3 अप्रैल 2016, इन्द्रप्रस्थ – रायपुरा और कमल विहार योजना के भूस्वामी जिनकी भूमि इन योजनाओं में शामिल की गई है उनके साथ अनुबंध के लिए रजिस्ट्री (पंजीयक कार्यालय) ऑफिस में एक विशेष शिविर 5, 6 व 7 अप्रैल को लगाया जा रहा है. रायपुर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एम.डी. कावरे ने बताया कि इस शिविर में प्राधिकरण के राजस्व शाखा के अधिकारी और कर्मचारी उपलब्ध रहेंगे. शिविर के दौरान रजिस्ट्री कार्यालय में ही भूस्वामियों के अनुबंध तैयार कर वहीं पंजीयक के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा. प्राधिकरण व्दारा योजना में शामिल होने के लिए पहला अनुबंध तथा विकसित भूखंड आवंटन के लिए निश्चयात्मक अनुबंध दोनो ही निष्पादित किए जाएंगे. श्री कावरे ने भूस्वामियों से अपील की है कि वे अनुबंध निष्पादित कर जल्द से जल्द प्राधिकरण से अपना सर्वसुविधायुक्त विकसित भूखंड प्राप्त कर लें.  

देवेन्द्रनगर के 100 भूखंडों पर भवन निर्माण नहीं करने का कारण पूछेगा आरडीए

जवाब उपयुक्त नहीं पाए जाने पर भूखंड का अनुबंध होगा निरस्त
 रायपुर, 3 अप्रैल 2016, देवेद्रनगर के सौ से ज्यादा रिक्त भूखंड जिन पर मकान नहीं बनाए गए हैं को रायपुर विकास प्राधिकरण व्दारा कारण बताओ सूचना दे कर यह पूछेगी कि उन्होंने नियम के अनुसार निर्धारित समय में अपने भूखंड पर भवन निर्माण का काम क्यों नहीं किया. प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एम.डी. कावरे और मुख्य अभियंता श्री जे.एस. भाटिया ने आज सुबह राजस्व शाखा के अधिकारियों का साथ देवेन्द्रनगर के सभी सेक्टरों का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने पाया कि कई भूखंड रिक्त पड़े हैं. वे आवंटित तो है और रिक्त भी पर उनमें अनुबंध की शर्तों के अनुरुपर निर्धारित दो वर्ष की अवधि में निर्माण कार्य नहीं किया गया है.
उल्लेखनीय है कि देवेन्द्रनगर 1983 से अस्तित्व में आई थी और वहां पांच सेक्टरों में आवासीय योजना विकसित की गई थी. इसके अतिरिक्त वहां व्यावसायिक योजना भी विकसित की गई थी. सन् 2008 में यहां प्रदेश के सबसे पहले मॉल की अवधारणा पर कार्य शुरु किया गया था जो 10 अक्टूबर 2010 को बन कर शुरु हो गया था.

Apr 1, 2016

आरडीए अध्यक्ष का देवेन्द्रनगर स्थित पत्रकार कॉलोनी का दौरा

रायपुर 01 अप्रैल 2016, रायपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव ने आज प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एम.डी. कावरे तथा मुख्य अभियंता श्री जे.एस. भाटिया के साथ देवेन्द्रनगर स्थित पत्रकार कालोनी का दौरा कर वहां प्राधिकरण की संपत्तियों का अवलोकन किया. उन्होंने उन रिक्त भूखंडो का अवलोकन किया जो आवंटन के के बाद रिक्त पड़े है जिनमें आज तक निर्माण नहीं किया गया है. इस अवसर पर पार्षद श्री गोपाल सोनी, पूर्व पार्षद श्री दिलीप सारथी भी उपस्थित थे. 

8 विक्रय अभिकर्ताओं का अनुबंध निरस्त

सरचार्ज में छूट की अवधि एक माह बढ़ी
लागत बढ़ने से कमल विहार के छोटे आवासीय प्लॉटों की दरें बढ़ी
रायपुर 01 अप्रैल 2016, रायपुर विकास प्राधिकरण व्दारा 3 लाख रुपए तक की सरचार्ज राशि में दी जा रही छूट को बढ़ा कर 30 अप्रैल तक कर दिया गया, पहले यह छूट 31 मार्च तक थी. प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव व मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एम.डी. कावरे के पास आवंटितियों व्दारा इस संबंध में लगातार मांग आ रही थी की सरचार्ज राशि में छूट की अवधि को आगे बढ़ाया जाए. इस पर प्राधिकरण के संचालक मंडल की बजट बैठक में बकायादारों व्दारा एक मुश्त राशि जमा करने पर सरचार्ज की राशि में छूट की अवधि को एक माह तक और बढ़ा दिया गया है. 
संचालक मंडल व्दारा लिए गए एक और निर्णय के अनुसार विभिन्न योजनाओं में विक्रय की जाने वाली संपत्तियों के लिए नियुक्त किए गए 8 एजेंटो (विक्रय अभिकर्ता) व्दारा कार्य नहीं किए जाने के कारण उनका अनुबंध समाप्त कर दिया गया है. प्राधिकरण ने इससे पूर्व में कुल 18 एजेंटो की नियुक्ति की थी जिनमें से आठ एजेंटों व्दारा व्यवसाय नहीं किया जा रहा था, इस कारण उनका अनुबंध समाप्त करने का निर्णय लिया गया। इनमें मंजिन्दर सिंह भामरा, चन्द्रकांत बावरिया, महेन्द्र कोचर जैन, डागा बन्धु दीपक डागा, सुशांत पोलाई, विकल्प अग्रवाल, सुलभ अग्रवाल और राजेश गिदवानी शामिल हैं.  
      वहीं प्राधिकरण व्दारा बड़े भूखंडों को छोटे किए जाने के फलस्वरुप उसके अधोसंरचना की लागत बढ़ने का कारण 2000 वर्गफुट के तक आवासीय प्लॉटों की दरें 5 प्रतिशत बढ़ा दी हैं. इससे पहले फ्रीहोल्ड के भूखंडों का मूल्य 1696 रुपए प्रति वर्गफुट था जिसे बढ़ा कर 1781 रुपए प्रति वर्गफुट तथा लीज होल्ड प्लॉटों की दरें 1402 रुपए प्रति वर्गफुट से बढ़ा कर 1472 रुपए प्रति वर्गफुट कर दिया गया है.

      उल्लेखनीय है कि सरचार्ज राशि में रायपुर विकास प्राधिकरण व्दारा 31 मार्च तक आवंटितियों को एकमुश्त राशि का भुगतान करने पर आवासीय संपत्तियों की सरचार्ज राशि पर 50 प्रतिशत, व्यावसायिक संपत्तियों पर 40 प्रतिशत तथा शैक्षणिक संपत्तियों पर 45 प्रतिशत सरचार्ज राशि में छूट दी गई थी जो 3 लाख रुपए तक के सरचार्ज राशि पर ही दी जा रही थी. अब इस छूट को बढ़ा कर अब 30 अप्रैल तक कर दिया गया है. 

Mar 30, 2016

शहर विकास के लिए बजट में कई नई योजनाएं

 रायपुर विकास प्राधिकरण का बजट 2016 – 17

रायपुर 30 मार्च 2016, रायपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव और प्राधिकरण के संचालक मंडल ने आज इस वर्ष के बजट में नई योजनाओं की घोषणा की है इसमें प्रधानमंत्री आवास योजना, सड्ढू में आवासीय योजना, ईदगाह भाठा मैदान में स्टेडियम का निर्माण, मॉस्टर प्लॉन की 6 सड़कों का निर्माण, छोटी रेल्वे लाईन की भूमि पर एक्सप्रेस हाईवे
निर्माण, कमल विहार में रो हाऊस निर्माण तथा प्राधिकरण कार्यालय के कार्यों का डिजीटलाईजेशन (कम्प्यूटरीकरण) को शामिल किया गया है. बजट में प्रस्ताव का प्रस्तुतिकरण संचालक मंडल के सचिव श्री एम.डी.कावरे ने किया.
अन्य योजनाओं में रायपुरा में विशेषीकृत व्यावसायिक क्षेत्र का विकास, कमल विहार में रिक्रिएशन एवं वॉटर स्पोर्टस, कमल विहार में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट, गैसीय शवदाहगृह की मरम्मत, ईएसी कालोनी का पुर्ननिर्माण,नगर विकास योजना – 05 तथा उद्यान विकास किया जाएगा.
रायपुर विकास प्राधिकरण वर्ष 2016 – 17 का बजट 6 अरब 19 करोड 19 लाख 81 हजार रुपए का है. इसमें 5 अरब 91 करोड 51 लाख 93 हजार रुपए की आवक तथा 5 अरब 79 करोड 4 लाख 62 हजार रुपए की जावक का अनुमान है. बजट प्रावधानों के अनुसार योजना व्यय में कुल बजट का 72.76 प्रतिशत व्यय होगा. हडको तथा सेन्ट्रल बैंक ऑफ इंडिया को ऋण वापसी में 17.40 प्रतिशत राशि व्यय होगी. जबकि कर्मचारियों को वेतन तथा भत्तों में 2.62 प्रतिशत राशि तथा कार्यालयीन व प्रशासनिक व्यय में 3.80 प्रतिशत राशि व्यय होगी.
{ प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास का निर्माण }
• रायपुर विकास प्राधिकरण व्दारा प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत इन्द्रप्रस्थ - रायपुरा योजना के फेज – 2 में EWS 1472 तथा LIG के 944 फ्लैट्स का निर्माण का प्रस्ताव है. इसकी लागत क्रमशः 70.50 करोड़ रुपए व 63.71 करोड़ रुपए होगी. बोरियाखुर्द योजना में भी LIG के 1984 फ्लैट्स प्रस्तावित किए गए हैं. इसके लिए रुपए 10.25 करोड़ का प्रावधान किया गया है.
{ सड्ढू में आवासीय योजना }
• ग्राम सड्ढू के 16.20 हेक्टेयर भूमि में आवासीय योजना प्रस्तावित की गई है. योजना के विकास एवं निर्माण के लिए बजट में 10 करोड़ रुपए का प्रावधान रखा गया है.
{ ईदगाह भाठा मैदान में स्टेडियम का निर्माण }
• लाखेनगर स्थित ईदगाह भाठा स्थित हिन्द स्पोर्टिंग मैदान में प्राधिकरण व्दारा स्टेडियम के निर्माण की जो पूर्व में योजना बनाई थी उसका इस वर्ष क्रियान्वयन किया जाएगा. इस हेतु 35 लाख रुपए का बजट प्रावधान रखा गया है.
{मॉस्टर प्लॉन की 6 सड़कों का निर्माण होगा}
• इसमें रायपुर शहर के मास्टर प्लॉन 2021 के अंतर्गत छह सड़कों की 29.3 किलोमीटर लंबी सड़क निर्माण किया जाएगा. इस हेतु राज्य शासन से अनुदान अपेक्षित है इसलिए प्राधिरण के बजट में 16 करोड़ रुपयों का प्रावधान किया गया है. यह सड़के 18 से 75 मीटर तक चौड़ी होंगी.
{ छोटी रेल्वे लाईन की भूमि पर एक्सप्रेस हाईवे का निर्माण}
• रायपुर से केन्द्री तक स्थित छोटी रेल्वे लाईन जिसकी दूरी 22 किलो मीटर है इस भूमि पर एक्सप्रेस हाईवे का निर्माण करना प्रस्तावित किया गया है. रायपुर शहर की मास्टर प्लान के विभिन्न सड़कों के निर्माण के साथ इस निर्माण के लिए इस वित्त वर्ष में 17 करोड रुपए का प्रावधान किया गया है. शासन से प्राप्त अनुदान राशि से इस कार्य को किया जाएगा.
{ रायपुरा मेे विशेषीकृत व्यावसायिक क्षेत्र का विकास }
नगर विकास योजना क्रमांक – 01 के अंतर्गत इन्द्रप्रस्थ – रायपुरा योजना में अधिसूचित विशेषीकृत व्यावसायिक क्षेत्र हेतु 50.30 हेक्टेयर निर्धारित है इसके क्रियान्वयन हेतु वित्त वर्ष 2016-17 में 10 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है।
{ डिजीटलाईजेशन - कम्प्यूटरीकरण }
• नागरिकों को बेहतर सुविधा देने और पूरी कार्यप्रणाली को पारदर्शी, सुगम व त्वरित बनाने के लिए मैनेजमैंट इनफर्मेशन सिस्टम को और बेहतर बनाया जाएगा. इसके लिए कार्यालयीन एवं योजनाओं के कार्यों को डिजीटलाईजेशन अर्थात कम्प्यूटरीकृत किया जा रहा है. इस हेतु बजट में 103 लाख रुपए का प्रावधान किया गया है.
{ कमल विहार में रिक्रिएशन एवं वॉटर स्पोर्टस }
• कमल विहार के बोरियाखुर्द तालाब (सेक्टर - 3) के लगभग 235 एकड़ क्षेत्र में पिकनिक स्पॉट तथा वॉटर स्पोर्ट्स की सुविधाएं पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप मॉडल पर विकसित किए जाने का प्रस्ताव है.
{ कमल विहार में रो हाऊस का होगा निर्माण }
• कमल विहार योजना में रो हाऊस का निर्माण का प्रस्ताव है. इस पर 14 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है. इसके अंतर्गत 100 डुप्लेक्स मकान बनाए जाएंगे. जिसकी लागत 25 से 45 लाख के बीच होगी.
{ कमल विहार में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट - Sewerage Treatment Plant }
• कमल विहार योजना में वृहद स्तर पर 5 बड़े सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) बनाए जाएंगे. ये STP सीवर अर्थात भूमिगत नाली के पानी को शुध्द करेंगे जिसका उपयोग उद्यानों की सिंचाई के लिए उपयोग किया जाएगा. 22 एमएलडी की क्षमता वाले STP की कुल लागत 25 करोड़ रुपए होगी. पहली बार राजधानी रायपुर में इतने बड़े स्तर पर सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण होगा.
{ गैसीय शवदाहगृह की मरम्मत }
• मारवाड़ी श्मशानघाट के पास रायपुर विकास प्राधिकरण व्दारा निर्मित गैसीय शवदाहगृह के मरम्मत तथा संचालन हेतु 50 लाख रुपए का प्रावधान रखा गया है.
{ ईएसी कालोनी का पुर्ननिर्माण }
• कलेक्टर कार्यालय रायपुर के पीछे ई.ए.सी.कालोनी के पुर्ननिर्माण हेतु टोकन राशि 25 लाख रुपए रखी गई हैं.
{ नगर विकास योजना – 05 }
• नया धमतरी राष्ट्रीय राजमार्ग से इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय और नया रायपुर की सीमा से लगे क्षेत्र में नगर विकास योजना क्रमांक – 05 अधिसूचित की गई है. इसके कंसलटेंसी कार्य हेतु 20 लाख रुपए का प्रावधान किया गया है.
{ उद्यानों का विकास }
• प्राधिकरण की पुरानी योजनाओं में वृक्षारोपण व उद्यान विकास हेतु 20 लाख रुपए खर्च करने का प्रावधान किया गया है.
आज हुई संचालक मंडल की बैठक में संचालक सदस्य के रुप में अवर सचिव आवास एवं पर्यावरण मंत्रालय के श्री जी.एल. सॉकला, प्रतिनिधि के रुप में उप वन संरक्षक श्री विनोद मिश्रा, सदस्य के रुप में संयुक्त संचालक श्री विनीत नायर तथा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी के अधीक्षण अभियंता श्री आर.के. चौबे, प्रतिनिधि के रुप में अपर आयुक्त नगर पालिक निगम रायपुर के डॉ. जे. आर. सोनी व कार्यपालन अभियंता छत्तीसगढ़ राज्य विद्यत वितरण कंपनी के श्री आर.के. बंछोर तथा तहसीलदार श्रीमती गीता दीवान उपस्थित थी.

Mar 29, 2016

आरडीए का बजट 2016 - 17 कल

पहली बार कार्यालय के बाहर होगी बैठक

        रायपुर, 29 मार्च 2016, रायपुर विकास प्राधिकरण का वर्ष 2016  17 का बजट पहली बार प्राधिकरण के कार्यालय से बाहर कमल विहार योजना के स्थल कार्यालय में होगी. बजट कल सुबह
10.30 बजे प्रस्तुत होगा. रायपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव की अध्यक्षता में संचालक मंडल की बैठक होगी. संचालक मंडल के सचिव और प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एम.डी. कावरे इस बैठक में नए विकास और निर्माण के प्रस्ताव प्रस्तुत करेंगे। संचालक मंडल के सदस्य बजट बैठक के बाद कमल विहार योजना का निरीक्षण भी करेंगे।

कमल विहार के ऋण अदायगी की हुई समीक्षा

मूलधन और ब्याज की राशि समय पर दे रहा है आरडीए
अन्य बड़े भूखंडों को छोटा करने पर विचार, रो हाऊस भी बनेंगे

        रायपुर, 29 मार्च 2016, कमल विहार योजना के विकास और निर्माण कार्यो के लिए ऋण देने वाले सेन्ट्रल बैंक ऑफ इंडिया की एजीएम श्रीमती काकुली दास और रायपुर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एम.डी. कावरे  ने 600 करोड़ रुपए के ऋण और उसके ब्याज की
अदायगी की समीक्षा की. बैठक में श्री कावरे ने बताया कि प्राधिकरण नियमित रुप से ऋण और उसका ब्याज अदा कर रहा है. प्राधिकरण ने अगले दो सालों के अदायगी की भी व्यवस्था कर ली है. श्री कावरे ने बताया कि कमल विहार के अन्य बड़े भूखंडों को भी छोटा करने की मांग पर विचार किया जा रहा है. साथ ही अविक्रित बड़े प्लॉटों में भी रो हाऊसेस का निर्माण प्रस्तावित है. आरडीए के सीईओ ने कमल विहार योजना के बाद आगामी नगर विकास योजना - 5 के संबंध में भी जानकारी देते हुए बैंक के अधिकारियों को बताया कि इसके लिए भी वैधानिक प्रक्रिया पूरे होने के बाद प्राधिकरण ऋण लेने की पहल करेगा.   

Mar 27, 2016

आरडीए की सरचार्ज की छूट 31 मार्च तक ही

सरचार्ज राशि में 40 से 50 प्रतिशत तक दी जा रही है छूट
रायपुर, 27 मार्च 2016, रायपुर विकास प्राधिकरण व्दारा बकाया राशि के सरचार्ज में दी जा रही छूट 31 मार्च तक ही मिलेगी। इसके बाद जो भी बकाया राशि होगी उसमें आवंटितियों को बिना किसी छूट के पूरी राशि जमा करनी होगी. प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव व्दारा जनता की काफी समय से की जा रही मांग पर गत 9 फरवरी को संचालक मंडल में रखे गए सरचार्ज राशि में छूट के प्रस्ताव को मंजूरी मिली थी. उधर प्राधिकरण की बकाया राशि भी लगातार बढ़ कर 20 करोड़ रुपए हो गई थी इसलिए इस फैसले से न्यून निम्न आय वर्ग के डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी आवास योजना के फ्लैट्धारियों सहित कई बड़े बकायादारों को राहत मिली है.
प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एम.डी. कावरे के अनुसार ऐसे बकायादार जिनकी बकाया राशि पर सरचार्ज की राशि 3 लाख रुपए तक है उन्हें संपूर्ण बकाया राशि का एक मुश्त जमा करने पर सरचार्ज राशि में छूट दी गई है. इससे आवासीय संपत्तियों पर सरचार्ज राशि पर 50 प्रतिशत, व्यावसायिक संपत्तियों पर सरचार्ज राशि पर 40 प्रतिशत की तथा शैक्षणिक संपत्तियों पर सरचार्ज राशि पर 45 प्रतिशत की छूट दी जा रही है. यह छूट 31 मार्च 2016 तक ही मिलेगी. कई बकायादारों ने जिन्होंने काफी समय से राशि का भुगतान नहीं किया था वे भी लगातार प्राधिकरण आकर राशि जमा कर सरचार्ज की छूट का लाभ ले रहे हैं. उल्लेखनीय है कि प्राधिकरण व्दारा काफी समय बाद यह छूट फिर से दी गई है.

Mar 21, 2016

देवेन्द्रनगर चाणक्य अपार्टमेंट में 5 अवैध कब्जे - निर्माण हटे

रायपुर21 मार्च 2016, देवेन्द्रनगर में रायपुर विकास प्राधिकरण ने अवैध रुप से कब्जा कर बनाए गए 5 अवैध निर्मित संरचनाओं को आज तोड दिया. प्राधिकरण व्दारा इन कब्जाधारियों को पहले भी कई बार कब्जा हटाने के लिए कहा गया था किन्तु कब्जा नहीं हटाने पर आज पुलिस बल की मदद से अवैध कब्जों को हटा दिया गया. प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एम.डी. कावरे ने इस संबंध में कुछ दिन पूर्व स्थल निरीक्षण कर अधिकारियों को अवैध कब्जा रोकने और अवैध निर्माण हटाने का निर्देश दिया था. उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ समय से प्राधिकरण के अधिकारियों ने लगातार स्थल निरीक्षण कर अवैध निर्माण एवं कब्जे को रोकने की कार्रवाई की है.  



 

Mar 19, 2016

शैलेन्द्रनगर के कार्नर भूखंड पर अतिरिक्त 2070 वर्गफुट जमा कब्जा आरडीए ने हटाया

रायपुर, 19 मार्च 2016, शैलेन्द्रनगर के कार्नर भूखंड पर सालों से कब्जा जमाए बैठे आवंटिति का कब्जा आज आरडीए ने तोड दिया और उसे अपने अधिपत्य में ले लिया। प्राधिकरण ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एम.डी.कावरे के निर्देश पर आरडीए की टीम ने भूखंड क्रमांक सी 151 का नाप जोख किया था जिसमें यह पाया गया की मूल आवंटन 3300 वर्गफुट है किन्तु आवंटिती ने कुल 5400 वर्गफुट पर अपना कब्जा जमा लिया है आवंटिति ने इस अतिरिक्त भूमि में एक गोडाऊन, सर्वेन्ट क्वॉटर, सीढ़ी और बॉऊन्ड्रीवाल बना लिया था और उसका उपयोग कर रहा था. प्राधिकरण व्दारा कल नोटिस दे कर आज उसका अवैध निर्माण एवं कब्जा हटा कर उसे अपने आधिपात्य ले लिया. प्राधिकरण की टीम में कार्यपालन अभियंता श्री अनवर खान और सहायक राजस्व अधिकारी श्री आर.एस. दीक्षित शामिल थे.

Mar 15, 2016

शैलेन्द्रनगर के खाली भूखंडों को भी मिलेगी आरडीए की नोटिस


रायपुर, 15 मार्च 2016, शैलेन्द्रनगर योजना में कई सालों से रिक्त पड़े भूखंडों पर मकान नहीं बनाने वालों को अब अनुबंध की शर्तों के अनुसार नोटिस दी जाएगी. प्राधिकरण के सीईओ श्री एम.डी. कावरे के अनुसार आज स्थल निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि जिन लोगों ने सालों पहले शैलेन्द्रनगर योजना में आवासीय भूखंड लिया है और उस पर भवन का निर्माण नहीं किया है इसका आश्य यह है कि उन्हें आवासीय भूखंडों की आवश्यकता नहीं है. इसीलिए उनसे नोटिस दे कर पूछा जाएगा कि क्यों न अनुबंध की शर्तों का पालन नहीं करने पर भूखंड का पट्टा निरस्त करते हुए उस पर पुन प्रवेश कर लिया जाए.
एक माह में 427 आवंटितियों ने सरचार्ज की छूट का लिया लाभ  
रायपुर, 15 मार्च 2016, रायपुर विकास प्राधिकरण व्दारा 50 प्रतिशत सरचार्ज में छूट का लाभ लेने के लिए अब आवंटिती लगातार कार्यालय में आ कर अपनी बकाया राशि का भुगतान कर रहे हैं. प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एम.डी. कावरे ने अनुसार पिछले एक माह में कुल 427 आवंटितियों ने छूट का लाभ लिया है. इन आवंटितियों व्दारा एक मुश्त राशि जमा करने पर प्राधिकरण कोष में लगातार बकाया राशि जमा भी हो रही है. प्राधिकरण ने काफी समय बाद आवंटितियों की लगातार मांग पर सरचार्ज राशि में छूट प्रदान की है.

उल्लेखनीय है कि रायपुर विकास प्राधिकरण व्दारा 31 मार्च तक आवंटितियों को एकमुश्त राशि का भुगतान करने पर आवासीय संपत्तियों की सरचार्ज राशि पर 50 प्रतिशत, व्यावसायिक संपत्तियों पर 40 प्रतिशत तथा शैक्षणिक संपत्तियों पर 45 प्रतिशत सरचार्ज राशि  में छूट दी जा रही है. यह छूट 3 लाख रुपए तक के सरचार्ज राशि पर ही मिलेगी. इस छूट का लाभ 31 मार्च तक ही मिलेगी. 

Mar 14, 2016

आरडीए के सरचार्ज राशि पर 50 प्रतिशत की छूट 31 मार्च तक

रायपुर, 14 मार्च 2016, रायपुर विकास प्राधिकरण व्दारा आवंटितियों को एकमुश्त राशि का भुगतान करने पर सरचार्ज राशि में दी जा रही छूट 31 मार्च तक ही दी जाएगी. प्राधिकरण के संचालक मंडल के फैसले के बाद आवासीय संपत्तियों की सरचार्ज राशि पर 50 प्रतिशत, व्यावसायिक संपत्तियों पर सरचार्ज राशि पर 40 प्रतिशत तथा शैक्षणिक संपत्तियों पर सरचार्ज राशि पर 45 प्रतिशत की छूट दी जा रही है. यह छूट 3 लाख रुपए तक के सरचार्ज राशि पर ही मिलेगी.
प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव के अनुसार आवंटितियों के लगातार अनुरोध के बाद रायपुर विकास प्राधिकरण ने बकाया राशि का एक मुश्त भुगतान करने के लिए ही यह छूट दी है. श्री श्रीवास्तव के अनुसार यह छूट 31 मार्च 2016 तक मिलेगी. इस छूट से बकायादारों को काफी लाभ होगा फलस्वरुप वे एक मुश्त राशि जमा कर सकेंगे. प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एम.डी. कावरे के अनुसार सरचार्ज की छूट की जानकारी पा कर आवंटिति प्राधिकरण कार्यालय आ कर एक मुश्त राशि जमा करने लगे हैं किन्तु जो 31 मार्च तक एक मुश्त राशि जमा नहीं करेंगे तो वे इस छूट का लाभ नहीं ले पाएंगे क्योंकि प्राधिकरण के संचालक मंडल ने इस हेतु 31 मार्च तक की ही स्वीकृति दी है. 

Mar 8, 2016

देवेन्द्रनगर कॉलोनी में 5 रिक्त भूखंड स्वामियों को कारण बताओ नोटिस

अनुबंध के अनुसार एक साल में करना था निर्माण
रायपुर, 08 मार्च 2016, रायपुर विकास प्राधिकरण की देवेन्द्रनगर कालोनी में रियायती दर पर भूखंड लेने के बावजूद उस पर निर्माण नहीं करने वाले 5 आवंटितियों को प्राधिकरण ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है कि वे 10 दिनों में प्राधिकरण कार्यालय में उपस्थित हो कर इस संबंध में अपना पक्ष प्रस्तुत करें अन्यथा उनके भूखंड का आधिपत्य वापस लेने की कार्रवाई की जाएगी.
प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एम.डी. कावरे ने आज टिम्बर मार्केट की पीछे स्थित कॉलोनी का निरीक्षण किया. उनके साथ मुख्य अभियंता श्री जे.एस. भाटिया और कार्यपालन अभियंता श्री अनवर खान भी थे. स्थल निरीक्षण के दौरन यह पाया गया कि कुछ भूखंडधारियों ने रियायती दर पर आवंटित भूखंडों पर वर्षों से निर्माण ही नहीं किया है. इस पर श्री कावरे के निर्देश पर प्राधिकरण के राजस्व अधिकारी ने छत्तीसगढ़ नगर तथा ग्राम निवेश विकसित भूमियों गृहों तथा संरचना का व्ययन नियम 1975 के नियम 51 के अधीन आज 5 लोगों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है. इनमें अनिल कुमार फतनानी, श्रीमती सुषमा तिवारी, रितेश जैन व अन्य, परमानंद वर्मा तथा दिनेश पटेल को जारी नोटिस में कहा गया है कि 30 वर्षीय पट्टे पर अनुबंध विलेख निष्पादित करा कर भूखंड का आवंटन किया गया है. अनुबंध की शर्त के अनुसार प्रश्नाधीन भूखंड पर पट्टा निष्पादन की तिथि से एक वर्ष की अवधि में भवन निर्माण हेतु अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त कर नियमानुसार अनुमोदित रेखांक के अनुसार भवन सन्निर्माण की कार्रवाई की जानी थी किन्तु उक्त अवधि के व्यतीत होने के पश्चात भी उक्त भूखंड पर निर्माण नहीं किया गया है. इस तरह निष्पादित अनुबंध का उल्ल्घंन किया गया है. अतः इस सूचना के 10 दिनों के भीतर इस कार्यालय में उपस्थित हो कर अपना पक्ष प्रस्तुत करें अन्यथा भूखंड का आधिपत्य वापस लेने की कार्रवाई की जाएगी.
 

कमल विहार के भूखंडों का एक मुश्त राशि भुगतान पर 12 प्रतिशत की छूट जारी
रायपुर, 08 मार्च 2016, रायपुर विकास प्राधिकरण की कमल विहार योजना में भूखंड आवंटन के बाद आवंटितियों को एक मुश्त में पूरी राशि का भुगतान करने पर शेष किश्तों की राशि पर 12 प्रतिशत प्रतिदिन के हिसाब से छूट दी जा रही है. प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव के अनुसार प्रो-रेटा आधार पर दी जा रही इस छूट का काफी लोगों ने लाभ लिया है. यह छूट इसीलिए भी दी जा रही है कि किश्तों में राशि का भुगतान करने वाले आवंटितियों को बैंक या अन्य किसी वित्तदायी संस्थान से ऋण ले कर भुगतान करने में आसानी हो. 

Mar 3, 2016

जलविहार में भूखंडों का होगा सर्वेक्षण

- चाणक्य अपार्टमेंट में 5 और अवैध कब्जे हटाए गए -

रायपुर, 03 मार्च 2016, देवेन्द्रनगर के चाणक्य अपार्टमेंट में अवैध रुप से बनाए गए गैरेज, स्टोर तथा टॉयलेट को आज रायपुर विकास प्राधिकरण के अधिकारियों ने हटा दिया. इसके पहले 26 फरवरी को एक फ्लैट के नीचे की पार्किंग और सामने की खुली भूमि में अवैध रुप निर्माण कर टिफिन सप्लाई करने वाले एक व्यक्ति का निर्माण प्राधिकरण ने थ्रीडी जेसीबी लगाकर तोड़ा था. 

जलविहार में रिक्त भूखंडों और अतिरिक्त भूमि की लिए लिए होगा सर्वेक्षण होगा
रायपुर, 03 मार्च 2016, रायपुर विकास प्राधिकरण की जलविहार योजना में रिक्त भूखंड और भूखंडों की अतिरिक्त भूमि का सर्वेक्षण कराया जाएगा. यह बात रायपुर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एम. डी. कावरे ने स्थल निरीक्षण के दौरान कही. उन्होंने ऐसे भूखंडधारियों को नोटिस देने के निर्देश भी दिया जिन्होंने पट्टे की शर्तों का उल्लघंन करते हुए भूखंडों पर अब तक निर्माण नहीं किया है. श्री कावरे ने इसके लिए राजस्व व तकनीकी शाखा की एक समिति भी गठित की है जो सर्वेक्षण कर एक सप्ताह में अपनी रिपोर्ट देगी.

विधायक विश्राम गृह की सड़क पर निर्माण सामग्री
फैलाने वाले को आरडीए ने दी नोटिस

रायपुर, 3 मार्च 2016,  विधायक विश्राम गृह के सामने की सड़क पर ईंटा, रेती जैसी भवन निर्माण के फैलाव से आवागमन में हो रही परेशानी को देखते हुए आज रायपुर विकास प्राधिकरण के सहायक राजस्व अधिकारी ने भूखंड क्रमांक सी 89 के आवंटिती सुरेश कुमार पंजवानी को नोटिस जारी किया. इसकी सूचना नगर निगम के जोन कमिश्नर को भी भेजी गई है.   

Mar 1, 2016

मठपुरैना में खाली पड़े भूखंड होंगे निरस्त

रायपुर, 01 मार्च 2015, रायपुर विकास प्राधिकरण की मठपुरैना आवासीय योजना में लीज पर आवंटित ऐसे भूखंड जिनमें दो वर्षों से भी अधिक समय से निर्माण नहीं कर पट्टे की शर्तों का उल्लघंन किया गया है ऐसे भूखंड स्वामियों को नोटिस दे कर उस पर पुनःप्रवेश की कार्रवाई की जाएगी. प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एम. डी. कावरे ने आज योजना का स्थल निरीक्षण यह पाया कि कई भूखड़ जिनमें कार्नर के भी भूखंड शामिल हैं उनके भूखंड मालिकों ने वहां भवन का निर्माण नहीं किया है तथा वे अब तक रिक्त पड़े हैं. इसका आश्य यह है कि उन आवासीय भूखंड मालिकों को उस भूखंड की आवश्यक्ता नहीं है. इसलिए ऐसे भूखंड के मालिकों को नोटिस दिया जाएगा और उस पर पुनः प्रवेश कर उसका आधिपत्य वापस ले कर उसे छत्तीसगढ़ नगर तथा ग्राम निवेश विकसित भूमियों, गृहों, भवनों तथा अन्य संरचनाओं का व्ययन नियम 1975 के अधीन पुनः विक्रय किया जाए ताकि जरूरत मंद लोग वहां अपना आवास बना सकें.
श्री कावरे ने इस हेतु राजस्व व तकनीकी शाखा के अधिकारियों की एक समिति भी गठित की है जो योजना के रिक्त भूखंडों का निरीक्षण कर एक सप्ताह के भीतर अपनी रिपोर्ट देगी. इसके बाद रिक्त भूखंड़ों के मालिकों को नोटिस देकर भूखंडों को अपने आधिपत्य में लिया जाएगा और उसका पुनःआवंटन किया जाएगा.    

Feb 29, 2016

सफाई के साथ पानी का प्रबंधन भी करें – श्री संजय श्रीवास्तव


पानी-बिजली और सफाई के लिए रजिस्टर में दर्ज होगी शिकायतें
रायपुर, 29 फरवरी 2015, हीरापुर की डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी आवास योजना में रह रहे निवासियों के समस्या से रुबरू होने के लिए पहुंचे रायपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव ने वहां आज सफाई अभियान की शुरुआत की. उन्होंने पूरी योजना का स्थल भ्रमण किया और लोगों को सफाई के प्रति प्रेरित किया.
श्री श्रीवास्तव ने कुछ ब्लॉक के व्दितीय तल पर कम पानी आने की समस्या से अवगत होते हुए योजना के इंजीनियरों से चर्चा की. उन्होंने आरडीए के अधिकारियों से कहा कि वे नगर निगम और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के विशेषज्ञों के साथ बैठक कर चर्चा करें तथा व्दितीय तल पर पानी कम आने का तकनीकी समाधान निकालें. श्री श्रीवास्तव ने वहां के स्थानीय निवासियों से एक के बाद उनकी बातें सुनीं और फिर सबसे पानी की बचत करने का आव्हान करते हुए कहा कि पानी का कोई भी व्यक्ति पानी का दुरुपयोग न करें इस बात का सभी को ध्यान रखना होगा. श्री श्रीवास्तव ने कहा कि गरमी के दिनों में प्राकृतिक रुप से पानी की कमी तो आएगी ही किन्तु हम सब लोगों को पानी की बचत के साथ उसका प्रबंधन सही दिशा में करना होगा.
इस अवसर पर प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एम. डी. कावरे ने कहा कि यहां पानी की कम उपलब्धता के कारण दिन में दो बार के बदले प्रातः काल में ही सुबह साढे 6 बजे से साढ़े 8 बजे तक ही दिया जाना संभव होगा. उन्होंने कहा कि हीरापुर की डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी आवास योजना के तीन पंप हाऊस में निवासियों की पानी बिजली और सफाई व्यवस्था के लिए तीनों पंप हाऊस एक एक रजिस्टर रखा जाएगा. जिसमें लोग अपनी लिखित शिकायत दर्ज करा सकेंगे. प्रत्येक सोमवार की सुबह यहां प्राधिकरण का एक उप अभियंता जनता की शिकायतों का निराकरण करेंगे तथा वे स्वयं हर बुधवार को होने वाली समय सीमा की बैठक में इसकी समीक्षा करेंगे. स्थल निरीक्षण के दौरान प्राधिकरण के मुख्य अभियंता श्री जे.एस.भाटिया, कार्यपालन अभियंता श्री श्रीचंद झा, सहायक अभियंता श्री अनिल गुप्ता, बी.के. ठाकुर, श्री सुरेश कुंजाम व कई निवासी भी उपस्थित थे.


Feb 26, 2016

फ्लैट परिसर में दो मंजिला अवैध निर्माण कर टिफिन सप्लाई का व्यवसाय, आरडीए ने तोड़ा निर्माण

देवेन्द्रनगर के चाणक्य अपार्टमेंट की पार्किंग में अवैध कब्जा
रायपुर 26 फरवरी 2016, चाणक्य अपार्टमेंट, देवेन्द्रनगर सेक्टर 3 के एक फ्लैट के नीचे की पार्किंग और सामने की खुली भूमि में अवैध रुप से कब्जा कर उस पर निर्माण कर टिफिन सप्लाई करने वाले अरुण बरेटवार का निर्माण आज रायपुर विकास प्राधिकरण ने थ्रीडी जेसीबी लगाकर तोड़ दिया. प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एम.डी. कावरे ने बताया कि अवैध रुप से किए गए निर्माण और टिफिन सप्लाई के कार्य से वहां के आसपड़ोस के लोग भी काफी परेशान थे, वहां प्रदूषण भी फैल रहा था. इसीलिए प्राधिकरण को यह कार्रवाई करनी पड़ी.
चाणक्य अपार्टमेंट के ब्लॉक 10 के फ्लैट ए में रहने वाले अरुण वरेटवार ने भूतल की पार्किंग स्थल पर अवैध रुप से कब्जा कर रखा था और उसके सामने वाले क्षेत्र में अवैध रुप से कब्जा कर भूतल और प्रथम तल का निर्माण कर लिया था. पड़ोसियों की शिकायत के बावजूद वहां अवैध निर्माण कर खाना बनाने का कार्य किया जा रहा था. खाना बना कर वहां से लोगों को टिफिन सप्लाई करने का व्यवासाय किया जा रहा था. उसके इस कार्य से पड़ोसी भी काफी परेशान थे. लोगों की शिकायत पर रायपुर विकास प्राधिकरण ने उसे नोटिस दे कर स्थिति स्पष्ट करने को कहा था. किन्तु चूंकि वरेटवार ने अवैध कब्जा कर निर्माण कर रखा था इसलिए उसका यह कृत्य पूर्ण रुप से गैर कानूनी था. इसलिए प्राधिकरण प्रशासन ने आज पूरी तैयारी की, दलबल और गंज पुलिस के सहयोग से लगभग 200 वर्गफुट पर बने पार्किंग स्थल पर कब्जा तथा सामने वाली भूमि के ऊपर बनाए गए कमरों को थ्रीडी जेसीबी के माध्यम से तोड़ दिया. इससे पहले अधिकारियों ने सबसे पहले बिजली के कनेक्शन को काटा, फिर कमरों मे रखे सामान को बाहर निकाला.  प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार इस अवैध निर्माण में यह पाया गया कि अरुण वरेटवार ने कॉलम स्ट्रक्चर पर निर्माण किया है. इसके अलावा बनाए गए कमरों में विट्रीफाईट टाईल्स, एयरकंडीशन, सिक्युरिटी कैमरा और छत पर पानी की दो टंकियां भी लगा रखी थी.
प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री कावरे ने बताया कि देवेन्द्रनगर के चाणक्य अपार्टमेंट परिसर में अन्य कई लोगों ने भूतल पर शेड व निर्माण किया है इन्हें नोटिस दिया गया है उसे भी अगले चरण में तोड़ा जाएगा.  

Feb 23, 2016

कमल विहार के बारे में अफवाह फैला रहे हैं विऱोधी

विकास - निर्माण और नगर निगम से नक्शा पास कराने पर कोई रोक नहीं
- निवेशकों को डरने की आवश्यक्ता नहीं -
रायपुर 23 फरवरी 2016, रायपुर विकास प्राधिकरण प्रशासन ने कमल विहार में अपने घर, बिजनेस के लिए प्लॉट खरीदने वालों तथा पूंजी निवेशकों से कहा है कि कमल विहार के भूखंडों पर भवन निर्माण और नगर निगम से नक्शा पास कराने में कोई दिक्कत नहीं है और ना ही लोगों को परेशान होने की जरूरत है. प्राधिकरण का कहना है कि शुरु से ही कमल विहार के विरोधी लोग जिनमें प्रापर्टी डीलर व रियल इस्टेट में काम करने वाले लोग जिनकी दूर दराज की संपत्तियां नहीं बिक रही है ऐसे ही लोग आम लोगों में भ्रम फैला रहे हैं कि कमल विहार में रोक लग गई है, वह विवादों में हैं इसलिए वहां प्लॉट नहीं खरीदें.
प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव का कहना है कि निजी क्षेत्रों के मुकाबले सरकारी संस्थाओं और विकास प्राधिकरण पर आम लोगों ने सालों से भरोसा किया है और उनका आज भी शासन की योजनाओं पर काफी विश्वास है. लोगों का विश्वास इस बात से पता चलता है जब वे प्राधिकरण के कार्यालय में संपत्तियों के बारे में आवश्यक पूछताछ करते हैं और जानकारी लेने के बाद उनमें से अधिकांश लोग प्लॉट. मकान, फ्लैट या दुकान खरीद लेतें हैं. उन्होंने कहा कि प्राधिकरण की संपत्तियों में कोई छुपी हुई कीमत नहीं होती. जो भी कीमत होती है वह स्प्ष्ट होती है. उसका उल्लेख नियम एवं शर्तों में होता है.       
प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एम.डी. कावरे के अनुसार कमल विहार योजना में पिछले दो सालों से प्राधिकरण औसतन प्रतिदिन दो प्लॉटों का नियमित रुप से विक्रय कर रहा  है. यहां 2750 वर्गफुट तक के प्लॉटों के लिए काफी मांग रही, फलस्वरुप एक ही प्लॉट के लिए कई लोगों के आवेदन आए इसलिए जिन प्लॉटों के लिए प्रतिस्पर्धा रही उन प्लॉटों के लिए लोगों के बीच लॉटरी कर निर्णय लिया गया. यहीं नहीं कुछ बड़े प्लॉटों को जब छोटा किया गया तो उसमें भी काफी स्पर्धा हुई और लाटरी से निर्णय लेना पड़ा. श्री कावरे ने कहा कि कमल विहार और इन्द्रप्रस्थ रायपुरा जो विश्वस्तरीय नगर विकास योजनाएं हैं इनमें विभिन्न आकार और क्षेत्रफल के फ्री होल्ड भूखंड उपलब्ध हैं. यहां आवासीय भूखंड 1696 प्रति वर्गफुट, बिजनेस के प्लॉट 2680 व 2245 रुपए प्रति वर्गफुट हैं. कमल विहार में हर सोमवार बुधवार और शुक्रवार को तथा इन्द्रप्रस्थ रायपुरा में हर बुधवार और गुरुवार को फ्लैट्स और प्लॉटों का आवंटन किया जा रहा है. इन्द्रप्रस्थ रायपुरा योजना में आवासीय प्लॉटों की कीमत 1520 रुपए प्रति वर्गफुट तथा बिजनेस  व मिश्रित प्लाटों का मूल्य 2072 प्रति वर्गफुट है.

Feb 19, 2016

' शब्द ' रिश्ते जोड़ता भी है और तोड़ता भी है

आरडीए में व्यक्तित्व विकास और निवेश पर प्रशिक्षण सम्पन्न
कार्य स्थल पर सकारात्मक सोच से काम करें 

रायपुर, 19 फरवरी 2016, कार्य स्थल पर संवाद और व्यवहार तथा व्यक्तिगत बचत व निवेश के संबंध में रायपुर विकास प्राधिकरण में आज दो दिवसीय प्रशिक्षण का समापन हुआ.

प्रशिक्षण के दौरान मैनेजमैंट डेव्हलेपमेंट इंस्टीट्यूट की सहायक प्रोफेसर डॉ. नीवा भंडारी ने कार्यालय में अधिकारियों कर्मचारियों में हमेशा सकारात्मक सोच, बातचीत, ड्रेस कोड के बारे में जानकारी दी. उन्होंने कार्यालय में एक दूसरे के प्रति व आगंतुकों के साथ व्यवहार तथा नेगेटिव्हविटी को कैसे दूर करें इस पर भी जानकारी दी. डॉ. भंडारी ने बताया कि हमें आगे बढ़ने के लिए हमेशा ही सकारात्मक सोच रखना चाहिए. कार्य के दौरान एक भी नेगेटिव्ह इम्प्रेशन को छिपाने के लिए काफी मेहनत करना पड़ता है. उन्होंने कहा कि प्रतिदिन जब कार्यालय आएं तो पॉजिटिव्ह सोच के साथ आएं. डॉ. भंडारी ने कहा कि बातचीत के दौरान शब्दों का बहुत ही महत्व होता है. उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि शब्दों का संवाद रिश्ते जोड़ता भी है और तोड़ता भी है. इसलिए इसे काफी सोच समझ कर बोलना चाहिए. प्रशिक्षण के दौरान नई दिल्ली से आए वित्तीय सलाहकार व प्रशिक्षक श्री पंकज सहजवानी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को बताया कि वे अपनी कमाई से बचत कैसे करें और उन्हें कहां निवेश करें.

दो दिवसीय प्रशिक्षण की समाप्ति पर रायपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव और मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एम.डी. कावरे ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रमाण पत्र वितरित किए. इस अवसर पर आयोजक समिति पुखराज सेवा समिति की अध्यक्ष सुमन मुथा भी उपस्थित थी. अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव और सीईओ श्री कावरे प्रशिक्षकों को भी प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका सम्मान किया.





Feb 16, 2016

बोरियाखुर्द में लगा ऑन – ऑफ आटोमैटिक टाईमर

स्मार्ट सिटी में लगने वाले बिजली उपकरणों में से एक है टाईमर

रायपुर16 फरवरी 2016, स्मार्ट सिटी में रात होते ही बल्बों को जलाने और सुबह होते ही बल्ब को बंद करने वाला एक उपकरण आटोमैटिक ऑन – ऑफ स्ट्रीट लाईट कंट्रोल यूनिट टाईम स्वीच अब रायपुर विकास प्राधिकरण की योजना में भी काम करने लगा है. कल ही रायपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव ने इसका अवलोकन किया. प्राधिकरण की डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी आवास योजना बोरियाखुर्द में लगाए गए इस टाईमर के कारण पूरी योजना में अब प्रतिदिन शाम साढ़े 6 बजे बिजली के खंबों में लगे बल्ब रौशन हो जाएंगे और सुबह साढ़े 5 बजे बल्ब अपने आप बंद जाएंगे.

आरडीए के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एम.डी. कावरे ने बताया कि ऐसे ही चार आटोमैटिक ऑन – ऑफ स्ट्रीट लाईट कंट्रोल यूनिट टाईम स्वीच डॉ. खूबचंद बघेल ट्रांसपोर्टनगर में भी लगाया गया है. इस टाईमर के लगने से बिजली की बचत तो होगी ही साथ ही बिना किसी लाईनमैन के यह काम करेगा तथा इससे लोगों की यह शिकायत भी दूर हो जाएगी समय पर स्ट्रीट लाईटें नहीं जलती. बारिश के दिनों में करंट लगने की संभावना बनी रहती है सो तब भी यह सुविधाजनक होगा कि समय पर स्ट्रीट लाईटें जल जाएंगी. श्री कावरे के अनुसार प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री श्रीवास्तव ने यह भी कहा है कि ऐसी आधुनिक सुविधा वाले आटोमैटिक टाईमर प्राधिकरण की आगामी योजनाओं में भी उपयोग किया जाए सो हम इसका उपयोग अन्य नई योजनाओं में भी करेंगे. टाईमर लगाने की इस तकनीकी कार्य में मुख्य अभियंता श्री जे. एस. भाटिया और कार्यपालन अभियंता श्री प्रमोद भास्कर ने दिए गए निर्देश पर त्वरित कार्रवाई करते हुए समय पर कार्य पूर्ण किया.  

इन्द्रप्रस्थ अपार्टमेंट की रजिस्ट्री शुरु
रायपुर16 फरवरी 2016, रायपुर विकास प्राधिकरण की इन्द्रप्रस्थ रायपुरा योजना के अंतर्गत बन कर तैयार हुए इन्द्रप्रस्थ अपार्टमेंट के 120 फ्लैट्स का कब्जा देने के लिए पंजीयनकर्ताओं के नाम पर रजिस्ट्री करने का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है. प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव से कई पंजीयनकर्ताओं ने शीघ्र ही शेष निर्माण कार्य पूर्ण कर कब्जा देने की मांग की थी. इसी सिलसिले में प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एम.डी.कावरे के निर्देश पर राजस्व शाखा के अधिकारियों ने कल ही पहली रजिस्ट्री की. रजिस्ट्री के उपरांत फ्लैट्स का कब्जा देने की कार्रवाई की जाएगी. आधुनिक सुविधा वाले इस अपार्टमेंट में 2 बीएचके के फ्लैट्स रुपए 21 लाख में तथा 3 बीएचके फ्लैट्स 25 लाख रुपए में उपलब्ध हैं. इस योजना में रायपुर विकास प्राधिकरण ने पहली बार सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण किया है जिससे गंदे पानी को शुध्द कर उसका उपयोग किया जा सकेगा.   

आरडीए ने न्यू राजेन्द्रनगर के फ्लैट का कब्जा वापस लिया
रायपुर16 फरवरी 2016, कटोरातालाब योजना, न्यू राजेन्द्रनगर के अंतर्गत बने कुशाभाऊ ठाकरे आवास योजना के फ्लैट नंबर ए 6 का कब्जा आज रायपुर विकास प्राधिकरण ने वापस ले लिया. इस फ्लैट्स की बकाया राशि बढ़ कर 12 लाख रुपए हो गई थी. फ्लैट्स के आवंटिति को प्राधिकरण व्दारा कई बार नोटिस दे कर भाड़ाक्रय की किश्तें जमा करने को कहा गया था. बकाया राशि जमा नहीं करने पर गत 28 जनवरी को प्राधिकरण ने उक्त फ्लैट का आवंटन निरस्त कर दिया. इसके बाद आज कब्जा लेने के लिए प्राधिकरण के सहायक अभियंता पी. के. बैस और वसूली टीम प्रभारी श्री ज्ञानेश रेड्‍डी ने फ्लैट का पंचनामा कर उसका कब्जा प्राधिकरण के पक्ष में वापस ले लिया.

  आरडीए के सरचार्ज पर एकमुश्त राशि देने पर छूट 50 की छूट  
रायपुर16 फरवरी 2016, रायपुर विकास प्राधिकरण के संचालक मंडल के फैसले के बाद अब आवासीय संपत्तियों की सरचार्ज राशि पर 50 प्रतिशत, व्यावसायिक संपत्तियों पर सरचार्ज राशि पर 40 प्रतिशत की तथा शैक्षणिक संपत्तियों पर सरचार्ज राशि पर 45 प्रतिशत की छूट दी जा रही है. यह छूट 3 लाख रुपए तक के सरचार्ज राशि पर ही मिलेगी. प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव के अनुसार वर्तमान में प्राधिकरण की बकाया राशि बढ़ कर 20 करोड़ रुपए हो गई है. इसीलिए बकायादारों को राहत देने तथा बकाया राशि एक मुश्त भुगतान करने के लिए ही यह छूट दी गई है. बकायादारों को संपूर्ण राशि का भुगतान एक मुश्त जमा करने पर ही यह छूट 31 मार्च 2016 तक मिलेगी. सीईओ श्री एम.डी. कावरे  ने बताया कि आवंटिती इस छूट के लिए पहले से इंतजार कर रहे थे. अब उन्हें इस छूट से काफी लाभ होगा फलस्वरुप वे एक मुश्त राशि जमा कर सकेंगे. इस संबंध में अब कई लोग कार्यालय आ कर जानकारी ले रहे हैं.