Search This Blog

Mar 1, 2014

इन्द्रप्रस्थ रायपुरा में अवैध कब्जे हटाए गए


रायपुर, 1 मार्च 2014, रायपुर विकास प्राधिकरण की नगर विकास योजना क्रमांक -1 इन्द्रप्रस्थ रायपुरा में निर्मित डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी आवास योजना में आज अवैध रुप से बनाई गई बाऊन्ड्रीवाल,पानी की टंकियां और ठेले हटाए. प्राधिकरण के अधिकारियों ने स्थानीय निवासियों के घरों में पानी नहीं आने की शिकायत पर यह कार्रवाई की. योजना में कुल 10 लोगों व्दारा अपने घरों के सामने घेर कर बॉऊन्ड्रीवाल बनाई थी. इसके अलावा भूतल पर लगभग 6 घर वालों ने पानी की टंकिया लगाई थी जिससे प्रथम तल और व्दितीय तल के घरों में पानी नहीं आ रहा था. योजना में अवैध रुप से लगाए गए 6 ठेलों वालों को भी हटाया गया. 

Feb 26, 2014

वृहद आवास मेला में नया रायपुर और कमल विहार के विकास की प्रदर्शनी

कमल विहार की सबसे बड़ी विशेषता
नाली पानी बिजली और संचार के सभी केबल सड़क के नीचे
- नया रायपुर में बनेगा सीबीडी -

रायपुर, 26 फरवरी 2014, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कल रात वृहद आवास मेला में कमल विहार योजना की सड़कों के नीचे बिछाई गई अधोसंरचना के मॉडल का अवलोकन  

किया.  इसके अन्तर्गत विद्युत व  दूरसंचार के केबल, जलप्रदाय, सीवर लाईन, वर्षा के पानी के निकासी और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट से उपचारित पानी के पाईप की अधोसंरचना का एक मॉडल प्रदर्शनी में रखा गया है. नया रायपुर और रायपुर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अमित कटारिया ने प्रदर्शनी में मुख्यमंत्री को बताया कि कमल विहार की सबसे बड़ी विशेषता यही है कि सारी बुनियादी अधोसंरचनाएं भूमि के अन्दर ही बनाई गई है जिससे पूरी योजना काफी साफ सुथरी होगी और योजना में एक स्वस्थ व बेहतर पर्यावरण उपलब्ध होगा.


नया रायपुर में अब सीबीडी की तैयारी
श्री कटारिया ने नया रायपुर की प्रदर्शनी में मुख्यमंत्री को जानकारी देते हुए बताया कि सेक्टर 21 में 105 हेक्टेयर क्षेत्र में बनने वाले सेन्ट्रल बिजनेस डिस्ट्रिक्ट (सीबीडी) की योजना तैयार कर निर्माण कार्य के लिए निविदा जारी कर दी गई है. नया रायपुर के सेक्टर 21 में एक रेल्वे स्टेशन भी प्रस्तावित है जिससे मंत्रालय आने वालों को काफी सुविधा होगी. श्री कटारिया ने मुख्यमंत्री को नया रायपुर की सेंध झील में वाटर स्पोर्टस की थीम पर विकसित किए जाने की योजना की जानकारी भी दी.
छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल व्दारा आयोजित वृहद आवास मेला में विधानसभा के अध्यक्ष श्री गौरीशंकर अग्रवाल, प्रदेश के आवास एवं पर्यावरण मंत्री श्री राजेश मूणत, सांसद श्री रमेश बैस, रायपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री एस. एस. बजाज, मुख्य अभियंता श्री जे.एस. भाटिया, नया रायपुर डेव्हलपमेंट अथॉरिटी के महाप्रबंधक श्री महादेव कांवरे तथा मुख्यमंत्री के ओएसडी श्री विक्रम सिसोदिया उपस्थित थे.  

Feb 21, 2014

कमल विहार में बनेगा मॉडल रुम

योजना की अवधारणा और निर्माण की तकनीकी जानकारी भी देख सकेगी जनता
मुख्यमंत्री का निर्देश बेहतर निर्माण की जानकारी पंचायत और नगर निगम तक पहुंचें

रायपुर, 21 फरवरी 2014, मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की पहल पर प्रदेश के ग्राम पंचायतों, नगर पालिकाओं और नगर पालिक निगमों को गुणवत्तापरक विकास और निर्माण की जानकारी देने के लिए कमल विहार योजना के स्थल कार्यालय में एक मॉडल रुम बनाया जाएगा. इसमें योजना की प्रकिया, मानचित्रों, योजना व सेक्टर स्तर की सुविधाएं, भूमिगत अधोसंरचना सहित निर्माण कार्य से संबंधित तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जानकारी प्रदर्शित की जाएगी. रायपुर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अमित कटारिया ने आज योजना में चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान उक्त बातें कहीं.
श्री कटारिया ने बताया कि माननीय मुख्यमंत्री जी ने विभिन्न विभागीय बैठकों के दौरान प्रदेश में चल रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को और बेहतर करने के निर्देश दिए हैं. मुख्यमंत्री ने कहा है कि रायपुर विकास प्राधिकरण व्दारा विश्व स्तरीय नगर विकास योजना कमल विहार का विकास किया जा रहा है. इसमें देश की जानी मानी निर्माण कंपनी लार्सन एंड टुब्रों व्दारा अधोसंरचना का विकास किया जा रहा है. इसलिए प्रदेश के विभिन्न निर्माण एजेंसियों और उनके इंजीनियरों को ऐसे गुणवत्ता पूर्ण कार्यों जानकारी देने की आवश्यक्ता है ताकि वे अच्छे से अच्छा निर्माण कर सके. श्री कटारिया के अनुसार कमल विहार योजना का मॉडल रुम आम जनता के अवलोकन के लिए भी उपलब्ध होगा.

श्री कटारिया ने बताया कि कमल विहार योजना में अधोसंरचना विकास का लगभग 50 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है. अगले माह के अंत तक योजना के सेक्टर 6 तथा रिंग रोड भी शुरु कर दी जाएगी. प्राधिकरण के मुख्य अभियंता श्री जे.एस. भाटिया ने इस मौके पर जानकारी दी कि योजना में जल आपूर्ति के लिए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग व्दारा लगभग 70 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया गया है तथा विद्युत आपूर्ति तथा सब स्टेशन की स्थापना के लिए विद्युत मंडल व्दारा भी कार्रवाई की जा रही है. 

Feb 7, 2014

कमल विहार की लाटरी में 113 को मिले भूखंड

जिन्हें भूखंड नहीं मिले उन्हें अगले आवंटन में मिलेगा मौका - श्री कटारिया
कम्प्यूटर ने किया फैसला किसे मिलेगा कौन सा भूखंड

रायपुर, 07 फरवरी 2014, कमल विहार योजना में भूखंडों के लिए बहुप्रतीक्षित लाटरी में आज 113 लोगों को विकसित भूखंडों का आवंटन हुआ. प्राधिकरण कार्यालय में मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अमित कटारिया की उपस्थिति में कम्प्यूटर से हुई लाटरी में सामान्य वर्ग की श्रेणी में 89 तथा आरक्षित वर्ग की श्रेणी में 24 आवेदनकर्ताओं को विकसित भूखंडों का आवंटन हुआ.

श्री कटारिया ने लाटरी के बाद कहा कि कमल विहार के प्रति लोगों के रुझान को देखते हुए जिन लोगों को भूखंड नहीं मिले है उनकों अगले आवंटन में बिना किसी अन्य आवेदन के शामिल किया जाएगा. इसके लिए उन्हें कुछ दिन का इन्तजार करना पड़ेगा.  
कमल विहार में सबसे ज्यादा 1200 से 1500 वर्गफुट के भूखंड समूह में प्रतिस्पर्धा थी. इसके बाद 980 से 1200 वर्गफुट भूखंड समूह में काफी संख्या में लोगों ने आवेदन किया था. प्राधिकरण को 144 भूखंड के लिए कुल 512 वैध आवेदन मिले.

छत्तीसगढ़ की पहली नगर विकास योजना कमल विहार में विकसित भूखंडों लेने के लिए आतुर आवेदनकर्ता पूरी लाटरी प्रक्रिया के दौरान उपस्थित रहें. प्राधिकरण के न्यू राजेन्द्रनगर स्थित कार्यालय में प्रातः 11 बजे से आरक्षित वर्ग की लाटरी शुरु की जो दोपहर साढ़े 12 बजे तक चली. इसमें अनुसूचित जाति / जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, सैनिक / भूतपूर्व सैनिक, शारीरिक विकलांग, शासकीय / रायपुर विकास प्राधिकरण के कर्मचारियों के लिए लाटरी निकाली गई. उसके बाद दोपहर डेढ़ बजे से साढ़े तीन बजे तक सामान्य वर्ग के लिए लाटरी होती रही. प्राधिकरण कार्यालय में लाटरी के दौरान सेन्ट्रल बैंक ऑफ इंड़िया, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया और ऐक्सिस बैंक के अधिकारियों ने आवेदकों को ऋण देने के बारे अपने बैंक की योजनाओं की जानकारी दी.  

Feb 6, 2014

कमल विहार की लाटरी आज

144 भूखंड के लिए 511 वैध आवेदन मिले
आरक्षित वर्ग के लिए 11 बजे, अनारक्षित वर्ग के लिए दोपहर 1 बजे
ऋण की पेशकश की जानकारी के लिए बैंक भी लगाएंगे स्टॉल

रायपुर, 06 फरवरी 2014रायपुर विकास प्राधिकरण की कमल विहार योजना के लिए कल विकसित भूखंडों के आवंटन के लिए लाटरी होगी. प्राधिकरण कार्यालय में सबसे पहले 11 बजे से आरक्षित वर्ग के लिए लाटरी निकाली जाएगी और दोपहर एक बजे अनारिक्षत वर्ग की लाटरी होगी. लाटरी उपस्थित आवेदकों के समक्ष कम्प्यूटर से निकाली जाएगी. जिन आवेदकों की लाटरी निकलेगी उन्हें ऋण देने की पेशकश के लिए सेन्ट्रल बैंक, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया सहित कई अन्य बैंक भी अपना स्टॉल लगाएंगे.   
प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अमित कटारिया के बताया कि विभिन्न श्रेणी के भूखंडों में अनुसूचित जाति / जनजाति वर्ग के 30, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी वर्ग में 6, अन्य पिछड़ा वर्ग में 45, सैनिक एवं भूतपूर्व सैनिक वर्ग में 9, शासकीय / रायपुर विकास प्राधिकरण कर्मचारी वर्ग में 9, शारीरिक विकलांग वर्ग में 9 के प्राप्त वैध आवेदन पत्रों की प्रातः 11 बजे से लाटरी की जाएगी. इसके बाद दोपहर एक बजे से अनारक्षित वर्ग की लाटरी होगी. अनारक्षित वर्ग में कुल 403 वैध आवेदन पत्र प्राप्त हुए हैं. प्राधिकरण कार्यालय में अधिकारियों ने लाटरी करने की तैयारी पूरी कर ली है.   
 उल्लेखनीय है कि देश की सबसे बड़ी नगर विकास योजनाओं में से एक कमल विहार को पूरे देश और प्रदेश में लोगो ने हाथों हाथ लिया गया है. दिल्ली, बिहार, पंजाब, गुजरात, उडीसा, मध्यप्रदेश, चंडीगढ़, कैनेडा, अमरीका और दुबई से भी लोगों ने फोन तथा इंटरनेट के माध्यम से योजना की जानकारी ली. इनमें से कई लोगों ने कमल विहार में भूखंड लेने के लिए आवेदन भी किया है. कमल विहार योजना के लिए ऋण देने वाले बैंक सेन्ट्रल बैंक आफ इंडिया ने भी पूरे छत्तीसगढ़ स्थित अपनी शाखाओं के माध्यम से भूखंडों के आवेदन पत्रों का विक्रय किया और उससे जमा भी किया. सेन्ट्रल बैंक की इस सुविधा का प्रदेश और देश के कई भागों मे रह रहे नागरिकों ने इस सुविधा का उपयोग कर कमल विहार में भूखंड लेने के लिए आवेदन पत्र जमा कराए.    

टिकरापारा, बोरियाखुर्द, डूंडा, डुमरतराई और देवपुरी के क्षेत्र में बनी प्राधिकरण की नगर विकास योजना कमल विहार में विश्व स्तरीय अधोसंरचना विकास की जानकारी से नागरिकों ने इस योजना में काफी रुचि दिखाई और विकसित भूखंड लेने के लिए उनमें उत्साह बना रहा.

Feb 3, 2014

कमल विहार को भारी प्रतिसाद, आखरी दिन उमड़ी भीड़

144 भूखंड के लिए 600 आवेदन, बिके 1217
विदेश और देश के अन्य शहरों के लोगों ने भी दिखाई रुचि
लॉटरी 7 फरवरी को

रायपुर, 03 फरवरी 2014रायपुर विकास प्राधिकरण की कमल विहार योजना को पूरे प्रदेश ने हाथों हाथ लिया गया है. पिछले बीस दिनों में पूरे प्रदेश के विभिन्न शहरों में लगभग 1217 आवेदन पत्र बिके और लगभग 600 आवेदन पत्र जमा हुए. आज अंतिम दिन संपूर्ण छत्तीसगढ़ में कमल विहार मे भूखंड लेने के लिए 304 आवेदन पत्र जमा हुए.
प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अमित कटारिया के अनुसार आज प्राधिकरण के कार्यालय में आवेदन के साथ नगद के रुप में 85 लाख रुपए जमा हुए और ड्रॉफ्ट के रुप में लोगों ने लाखों रुपए आवेदन पत्र के साथ जमा किए. प्राधिकरण ने सेन्ट्रल बैंक ऑफ इंडिया के माध्यम से पूरे छत्तीसगढ़ में नागरिकों को आवेदन पत्र प्राप्त करने और जमा करने की सुविधा दी थी जिससे बिना रायपुर पहुंचे लोगों ने अपने - अपने शहरों के सेन्ट्रल बैंक ऑफ इंडिया में आवेदन पत्र जमा किए. पूरे प्रदेश से सेन्ट्रल बैंक के खाते में कुल 7.89 करोड रुपए जमा हुए. श्री कटारिया ने कहा कि प्राधिकरण शीघ्र ही व्यावसायिक भूखडों के लिए भी निविदा जारी करेगा.
देश की सबसे बड़ी नगर विकास योजना की लोकप्रियता को देखते हुए कई अन्य बैंक भी आवंटितियों को अब ऋण देने के लिए आतुर है और इन बैंकों ने भूखंड की लाटरी के दिन 7 फरवरी को प्राधिकरण में उपस्थित रह कर आवंटितियों को ऋण देने का मन बनाया है.
कमल विहार में भूखंड के लिए प्राधिकरण के अधिकारियों को दिल्ली, बिहार, पंजाब, गुजरात, उडीसा,मध्यप्रदेश, चंडीगढ़, कैनेडा, अमरीका और दुबई से भी लोगों ने फोन कर जानकरी ली और इंटरनेट के माध्यम से भी देखा. इनमें से कई लोगों ने कमल विहार में भूखंड लेने के लिए आवेदन भी किया है.  
1600 एकड़ की नगर विकास योजना कमल विहार में विश्व स्तरीय अधोसंरचना विकास ने नागरिकों को काफी प्रभावित किया है. आवेदन पत्र की बिक्री के दौरान सैकडों लोगों ने कमल विहार जा कर वहां के विकास कार्यों को देखा. यहीं नही विदेशों में रह रहे छत्तीसगढ़ियों ने कमल विहार में अच्छी रुचि दिखाई. देश के कई अन्य नगरों से भी नागरिकों ने अपने आवेदन पत्र भिजवाएं. आवेदन पत्र के साथ ऑन लाईन राशि जमा करने की सेन्ट्रल बैंक की सुविधा से लोगों को काफी आसानी हुई. कमल विहार के लिए प्राधिकरण ने आवेदन पत्र देने व जमा करने और योजना स्थल में भूखडों का अवलोकन कराने के लिए विशेष रुप से अधिकारियों की नियुक्ति की थी. इसी कारण लोगों ने कमल विहार में खासी रुचि दिखाई.

Feb 1, 2014

इन्द्रप्रस्थ रायपुरा में पहला भूखंड श्रीमती प्रियंका रुपरेला को आवंटित

आरडीए की नगर विकास योजना क्रमांक एक
रायपुर, 01 फरवरी 2014रायपुर विकास प्राधिकरण ने आज इन्द्रप्रस्थ रायपुरा के फेज दो में पहले 3 विकसित पुनर्गठित भूखंडों का आवंटन श्रीमती प्रियंका रुपरेला को किया. प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अमित कटारिया नें आज अनुबंध की प्रति श्रीमती प्रियंका को सौंपी. इसमें उन्हें भूखंड क्रमांक बी - 29, 30 व 31 आवंटित किया गया जिसका कुल क्षेत्रफल 658 वर्गमीटर है.     
कमल विहार की तर्ज पर विकसित की जा रही नगर विकास योजना क्रमांक एक इन्द्रप्रस्थ रायपुरा के अन्तर्गत फेज 2 को एक आवासीय कालोनी के रुप में विकसित किया जा रहा है. 131.62 एकड़ क्षेत्र विकसित हो रही इस योजना में शामिल 562 भूस्वामियों को प्राधिकरण व्दारा सूचना भेजी जा रही है कि वे अपने भूखंडों का आवंटन आदेश प्राप्त कर अनुबंध का निष्पादन कर लें. इस आशय की सूचना समाचार पत्रों के माध्यम से भूस्वामियों को दी गई है.  
          उल्लेखनीय है कि नगर विकास योजना एक अर्थात इन्द्रप्रस्थ रायपुरा में प्राधिकरण प्रदेश का सबसे बड़ा रिक्रिएशन पार्क एवं अन्तर्राष्ट्रीय स्तर का स्वीमिंग पूल भी विकसित कर रहा है जिसका शीघ्र ही लोकापर्ण होना है. योजना में मध्यम आय वर्ग के लिए 302 डुप्लेक्स आवास का निर्माण कर आवंटित किया गया हैं. इन्द्रप्रस्थ अपार्टमेंट के अन्तर्गत 120 फ्लैट्स का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है जिसके आवंटन के लिए शीघ्र ही जनसूचना जारी की जाएगी. इन्द्रप्रस्थ रायपुरा में प्राधिकरण व्दारा 972 फ्लैट्स का निर्माण कर आवंटित किया गया है. 

Jan 27, 2014


गणतंत्र दिवस पर आरडीए के
नए कार्यालय में फहराया झंडा

रायपुर, 27 जनवरी 2014 रायपुर विकास प्राधिकरण के न्यू राजेन्द्रनगर स्थित नए कार्यालय में मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अमित कटारिया ने तिरंगा फहराया. इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्राधिकरण के अधिकारियों और कर्मचारियों को गणतंत्र दिवस में शहर के विकास को और बेहतर बनाने का संकल्प लेना चाहिए. इस अवसर पर प्राधिकरण के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे.



Jan 23, 2014

न्यू राजेन्द्रनगर में 11 फ्लैट्स का आवंटन निरस्त

आरडीए ने फ्लैट्स सील कर निरस्तीकरण आदेश किया चस्पा
अन्य योजनाओं में 25 फ्लैट्स सील

रायपुर, 23 जनवरी 2014 रायपुर विकास प्राधिकरण ने आज न्यू राजेन्द्रनगर के कुशाभाऊ ठाकरे आवास के 11 फ्लैट्स को सील करते हुए फ्लैट्स के बाहर आवंटन निरस्त करने का आदेश चस्पा कर दिया. इन फ्लैट्स के आवंटितियों से प्राधिकरण को लगभग एक करोड़ रुपए लेना है. अब इन फ्लैट्स को विज्ञापन प्रकाशित कर नए सिरे से आवंटित किया जाएगा. प्राधिकरण प्रशासन ने यह स्पष्ट किया है कि राजस्व वसूली का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा.
प्राधिकरण के राजस्व वसूली दल ने आज हीरापुर के डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी आवास योजना के 8 फ्लैट्स को ताला लगा कर सील किया ही था कि आवंटितियों ने बकाया राशि जमा की फलस्वरुप वसूली दल ने फ्लैट्स का ताला खोल कर आवंटितियों को उसका कब्जा सौपा. बोरियाखुर्द, रायपुरा और सरोना में भी फ्लैट्स की बकाया राशि नहीं देने पर राजस्व दल ने 17 फ्लैट्स को सील किया.

उधर प्राधिकरण के दल को कुशाभाऊ ठाकरे आवास योजना के फ्लैट्स से आज लगभग 8 लाख रुपए की वसूली हुई. आज जिन आंटितियों को फ्लैट्स का आवंटन निरस्त किया गया है उनमें श्रीमती हीना लाहेजा, श्रीमती सुषमा लहेजा, श्रीमती सुषमा श्रीवास्तव, श्रीमती निर्मला राय, कु. नताशा लहेजा, अशोक साहू, वासू बत्रा, अमिताभ तिवारी, तनवीरुद्दीन तथा संजीव ठाकुर शामिल है. उल्लेखनीय है कि जिन लोगों प्राधिकरण से फ्लैट्स लिए है इनमें से कई बकायादार ऐसे है जो कई बार लिखित और मौखिक रुप से सूचना देने के बाद भी मासिक किश्तें, सरचार्ज तथा भूभाटक की राशि जमा नहीं कर रहे थे. प्राधिकरण व्दारा समय – समय पर आवंटितियों को सरचार्ज में छूट दी जाती है इसके बाद भी आवंटितियों व्दारा राशि जमा नहीं की जाती है. 

Jan 22, 2014

आरडीए ने सिटी सेन्टर से की 25 लाख की वसूली

बोरियाखुर्द, रायपुरा व सरोना 96 फ्लैट्स सील
आज कुशाभाऊ ठाकरे आवास में होगी वसूली और सीलिंग का कार्रवाई

रायपुर, 22 जनवरी 2014रायपुर विकास प्राधिकरण व्दारा बकाया वसूली अभियान के फलस्वरुप छत्तीसगढ़ सिटी सेन्टर देवेन्द्रनगर के प्रबंधक ने आज 25 लाख रुपए प्राधिकरण कोष में जमा कराए. वहीं दो दिन से चल रहे वसूली अभियान के दौरान बकाया राशि का भुगतान नहीं करने वाले बोरियाखुर्द, रायपुरा व सरोना में डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी आवास योजना के 96 फ्लैटस सील किए. कल प्राधिकरण की राजस्व टीम कल हीरापुर और कुशाभाऊ ठाकरे आवास योजना, न्यू राजेन्द्रनगर के बड़े बकायादारों से एक करोड़ 81 लाख रुपए की वसूली करने की कार्रवाई करेगी. राशि नहीं देने वाले फ्लैट्स को सील करने की कार्रवाई की जाएगी.

प्राधिकरण व्दारा लगातार कई बार लिखित और मौखिक रुप से सूचना देने के बाद भी आवंटिती मासिक किश्तें जमा नहीं कर रहे हैं. प्राधिकरण व्दारा गत दो दिनों में के वसूली अभियान में राशि जमा नहीं करने वाले 96 फ्लैट्स को सील किया है.  इसमें बोरियाखुर्द में 50, रायपुरा में 32 तथा सरोना में 14 फ्लैट्स के स्वामियों के फ्लैट्स में ताला लगा कर सील किया गया. बकाया राशि जमा करने वाले पर आवंटितियों के फ्लैट्स की सील खोल कर उन्हें फ्लैट्स वापस भी किए जा रहे है. न्यू राजेन्द्रनगर में प्राधिकरण व्दारा कुशाभाऊ ठाकरे आवास योजना में विभिन्न आकार के 108 फ्लैट्स का निर्माण कर आवंटित किया था. इनमें लगभग 25 आवंटितियों ऐसे है जिन्होंने वर्षो से मासिक किश्तों का भुगतान नहीं किया है. यहां एक करोड़ 81 लाख रुपए लेना बाकी है. मासिक किश्तों के जमा नहीं करने के कारण फ्लैट्स के मूल बकाया के साथ सरचार्ज की राशि भी जुड़ रही है. प्राधिकरण व्दारा समय समय पर आवंटितियों को सरचार्ज में छूट भी दी जाती है उसके बाद भी आवंटिती राशि जमा नहीं करते हैं. इसलिए प्राधिकरण के राजस्व दल व्दारा बकाया राशि की वसूली की जा रही है.

Jan 18, 2014

कमल विहार के भूखंड होंगे समतल

बोरिया तालाब की बढ़ेगी सुन्दरता
रायपुर,18 जनवरी 2014कमल विहार योजना में भूखंडों का समतलीकरण कर उस तक पहुंच को आसान बनाया जाएगा और बोरिया तालाब की सुन्दरता बढ़ाई जाएगी. साथ ही सेक्टर 6 के उद्यान को प्राथमिकता के साथ जल्द ही विकसित किया जाएगा. रायपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री एस. एस. बजाज ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अमित कटारिया के साथ आज कमल विहार योजना के भ्रमण को दौरान उक्त बातें कहीं.

श्री बजाज ने स्थल निरीक्षण के दौरान कमल विहार में आवंटितियों व्दारा भवन निर्माण के दौरान भवन सामग्री रखे जाने के संबंध में मुख्य अभियंता को एक नीति तैयार करने को कहा. श्री बजाज ने कहा कि भवन निर्माण के दौरान अक्सर आवंटिती अपने भूखंड सामने की सड़कों पर भवन सामग्री का संगहण करते है जो बाद में काफी फैल जाती है जिससे सड़कें तो खराब होती ही हैं साथ ही आवगमन में भी निवासियों को परेशानी होती है. इसलिए इसकी एक नीति बनाई जानी चाहिए.
कमल विहार का दौरा करते हुए श्री बजाज ने सबसे पहले सेक्टर एक और दो से योजना को विकास कार्यों को देखना शुरु किया. ढ़ाई घंटे तक उन्होंने कमल विहार के विकास से सबंधित हर पहलू को देखा. श्री बजाज ने बोरिया तालाब और उसके तटबंध का मुआयना करते हुए उनके तटबंध को सुन्दर बनाने का निर्देश दिया. प्राधिकरण के अध्यक्ष ने सेक्टर के सभी आवासीय भूखंडों को समतल करने का निर्देश दिया. जिससे आवंटिती की भूखंड पर पहुंच आसान हो सके. उन्होंने धमतरी मार्ग से कमल विहार प्रवेश स्थल पर प्रवेश व्दार लगाने के लिए भी कहा. श्री बजाज ने कहा कि सेक्टर 6 के उद्यान को प्राथमिकता देते हुए उसे सुन्दर तरीके से विकसित किया जाए.




Jan 17, 2014

Jan 4, 2014

कमल विहार आवासीय प्लॉट 1335 रुपए प्रति वर्गफुट

आरडीए संचालक मंडल की बैठक
144 भूखंड का आवंटन शीघ्र, शासकीय कार्यालय व बैंकों को भी प्लाट


रायपुर, 4 जनवरी 2014कमल विहार योजना में आवासीय प्लॉट लेने के लिए लोगों का इन्तजार अब खत्म होने जा रहा है. रायपुर विकास प्राधिकरण के संचालक मंडल ने आज कमल विहार में प्लॉट की दर 1335 रुपए प्रतिवर्गफुट तय कर दी. प्राधिकरण इसी दर पर पहले चरण में 144 भूखडों के लिए आवेदन आमंत्रित कर पंजीयन कर लाटरी से भूखंडों का आवंटन करेगा. प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री एस. एस. बजाज की अध्यक्षता में आज न्यू राजेन्द्रनगर स्थित नए कार्यालय में इस वर्ष की पहली बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए.

मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अमित कटारिया व्दारा प्रस्तुत प्रस्ताव के अनुसार  संचालक मंडल ने कमल विहार में विभिन्न सेक्टरों में तथा अलग  अलग आकार के 144 भूखंडों के आवंटन की स्वीकृति दी. इसमें 540 वर्गफुट से दस हजार वर्गफुट तक के प्लॉटों का पंजीयन कर उसे लाटरी के आधार पर आवंटित किया जाएगा. भूखंडों के आवंटन हेतु राज्य शासन के नियमों के अनुसार भूखंड आवंटन में नागरिकों को 27 प्रतिशत का आरक्षण भी दिया जाएगा. कुल 144 भूखडों में से आरक्षित किए जाने वाले 39 भूखंडों कौन से होंगे इसके लिए बैठक में संचालक सदस्यों के समक्ष कम्प्यूटर से रेण्डमाईजेशन कर भूखंडो का नंबर तय किया गया. शेष 105 भूखंड अनारक्षित श्रेणी के अन्तर्गत आवंटित किए जाएंगे.
 जिनकी भूमि अर्जित उन्हें भी मिलेंगे भूखंड


भूमि का पुनर्गठन कर विकसित भूखंड देने की अवधारणा पर बनाई गई कमल विहार की योजना बनाते समय जिन भूस्वामियों की भूमि प्राधिकरण व्दारा अर्जित की गई है उन्हें भी अब योजना में सहभागी होने का मौका मिलेगा. संचालक मंडल ने ऐसे सभी भूमि स्वामियों को जिनकी भूमि अर्जित कर अवार्ड पारित कर दिया गया है या जिन्हें मुआवजा दे दिया गया है उन्हें भी विकसित भूखंड दिए जाने का निर्णय लिया है. ऐसे भूस्वामियों के अनुरोध पर संचालक मंडल ने राज्य शासन की अनुमति मिलने पर उन्हें कमल विहार में विकसित भूखंड देने की स्वीकृति दी है. ऐसे भूस्वामियों को मुआवजे की राशि के साथ  साढ़े 11 प्रतिशत ब्याज तथा 10 प्रतिशत सर्विस चार्ज के साथ राशि प्राधिकरण में जमा करना होगा.
केन्द्र राज्य शासन व बैंकों को प्लाट
सार्वजनिक तथा अर्ध्द सार्वजनिक उपयोग के लिए आरक्षित भूमि केन्द्रीय सरकार, राज्य शासन तथा राष्ट्रीयकृत बैंकों को 1610 रुपए प्रति वर्गफुट की दर से आवंटन किए जाने के प्रस्ताव को संचालक मंडल ने सहमति दी.
कार्नर भूखंडों की अतिरिक्त भूमि का आवंटन पहले से कम दरों पर
एक अन्य महत्वपूर्ण निर्णय में प्राधिकरण की पुरानी योजनाओं के कार्नर के आवासीय भूखंडों में आवंटन योग्य अतिरिक्त भूमि को गृह निर्माण मंडल की तर्ज पर आवंटित किया जाएगा. इसमें अतिरिक्त भूमि मूल भूखंड आवंटन की दर पर 15 प्रतिशत साधारण ब्याज के साथ अतिरिक्त भूमि के आवंटन की तिथि तक और वर्तमान कलेक्टर गाईड लाईन की दर को जोड़ कर औसत दर पर आवंटित किया जाएगा. इससे पहले प्राधिकरण व्दारा अतिरिक्त भूमि का आवंटन वर्तमान कलेक्टर गाईड लाईन के आधार पर किया जाता था. 
रायपुरा इन्द्रप्रस्थ फेस 2 में अधोसंरचना विकास
रायपुरा इन्द्रप्रस्थ फेस - 2 में 96 करोड़ रुपए की लागत से विकसित की जाने वाले अधोसंरचना विकास के अन्तर्गत सड़क, भूमिगत नाली, बिजली व जलप्रदाय के अधोसंरचना कार्य में तेजी लाने और सेन्ट्रल बैंक से 78.75 करोड़ रुपए के ऋण लिए के प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई. इस योजना में भूस्वामियों से अनुबंध करने, भूखंडों का आवंटन के लिए कमल विहार की तर्ज में किए जाने का निर्णय लिया गया.
        संचालक मंडल की बैठक में अध्यक्ष श्री एस. एस बजाज, मुख्य कार्यापालन अधिकारी श्री अमित कटारिया अन्य संचालक सदस्य श्री नरेन्द्र दुग्गे, आयुक्त नगर पालिक निगम रायपुर, श्री बी. सी. साहू अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), श्री पी. के. खरे अधीक्षण अभियंता छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी, श्री आर. के चौबे अधीक्षण अभियंता लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, श्री संदीप बांगड़े संयुक्त संचालक नगर तथा ग्राम निवेश, श्री विनोद मिश्र उप वनसंरक्षक तथा प्राधिकरण के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एस. के अग्रवाल उपस्थित थे. 

Dec 20, 2013

कमल विहार के भूखंडों को लोगों ने लिया हाथों हाथ

अन्य भूखंडों का पंजीयन भी शीघ्र श्री कटारिया 

रायपुर, 20 दिसंबर 2013, कमल विहार के आज 19 भूखंड निविदा के माध्यम से बिके । निविदा में आज सेक्टर 4 के भूखंड क्रमांक डी 57ए के लिए सबसे अधिक दर रुपए 2197.38 का प्रस्ताव दे कर श्रीमती ज्योति सोनी ने भूखंड पाने की पात्रता हासिल की। प्राधिकरण का निर्धारित मूल्य 1150 रुपए का था । इस भूखंड हेतु सबसे ज्यादा प्रतिस्पर्धा रही जिसमें 44 आवेदकों ने निविदाएं डाली । 
         प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अमित कटारिया ने आज निविदा के बाद कहा है कि कमल विहार में भूखडों के लिए शीघ्र ही प्राधिकरण व्दारा पंजीयन शुरु किया


जाएगा जिससे और लोगों को प्लॉट मिल सके । श्री कटारिया के अनुसार निविदा में लोगों ने ऑफसेट दर से कही ज्यादा का प्रस्ताव दे कर योजना में अपना विश्वास व्यक्त किया है । उन्होंने बताया कि दो सौ लोगों ने विकसित भूखंड के लिए अपनी निविदाएं डाली जिसमें से 19 आवदेकों को ही भूखंड मिलेंगे। निविदा में सबसे छोटा भूखंड 646 वर्गफुट (सी-154, सेक्टर 6) का था जो रुपए 2105.26 की दर पर मनहरण स्वर्णकार ने हासिल किया । इस भूखंड की निविदा में 19 लोगों ने भाग लिया । सेक्टर 6 के दो भूखंडों बी 169 तथा डी 123 में काफी लोगों ने रुचि दिखाई 29 लोगों ने इसमें अपनी किस्मत आजमाई ।  


कमल विहार के भूखंड लेने के लिए लोग कितना आतुर थे यह आज निविदा खुलने पर पता चला । रायपुर विकास प्राधिकरण के कार्यालय में आज सुबह से ही लोग कल तक डाले अपने प्रस्ताव का परिणाम जानने के लिए आतुर थे । कुल दो सौ लोगों ने भूखंड लेने में दिलचस्पी दिखाई जिसमें 65 महिला और 135 पुरुष शामिल थे । इसमें 7 महिलाओं को और 12 पुरुषों को भूखंड मिले । 

Dec 19, 2013

श्री एस.एस.बजाज आरडीए के नए अध्यक्ष

रायपुर,19 दिसंबर 2013, छत्तीसगढ़ शासन ने आज एक आदेश जारी कर श्री एस.एस. बजाज को रायपुर विकास प्राधिकरण का अध्यक्ष नियुक्त किया है । श्री सुनील कुमार सोनी के अध्यक्ष पद से त्यागपत्र दिए जाने के बाद प्राधिकरण में अध्यक्ष का पद रिक्त हो गया था । फलस्वरुप राज्य शासन ने श्री एस.एस. बजाज संचालक नगर तथा ग्राम निवेश छत्तीसगढ़, उपाध्यक्ष नया रायपुर डेव्हलेपमेंट अथारिटी एवं सचिव छत्तीसगढ़ शासन आवास एवं पर्यावरण विभाग को अपने वर्तमान कार्य के साथ अस्थाई रुप से आगामी आदेश तक रायपुर विकास प्राधिकरण का अध्यक्ष नियुक्त किया है ।
भारतीय वन सेवा के वरिष्ठ अधिकारी श्री बजाज इसके पहले 31 दिसंबर 2008 से 24 जनवरी 2011 तक रायपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष रह चुकें हैं । वे सिविल इंजीनियरिंग में बी.ई. तथा एम. टेक हैं ।
       

Dec 18, 2013

कमल विहार के 23 भूखंडों की निविदा का आज अंतिम दिन

रजिस्ट्री आफिस में भूस्वामियों से अनुबंध के लिए आरडीए का कैम्प जारी


 रायपुर, 18 दिसंबर 2013, कमल विहार में पहले 23 विकसित भूखंडों को लेने के लिए निविदा डालने का कल अंतिम दिन है । रायपुर विकास प्राधिकरण व्दारा प्रारंभिक रुप से कमल विहार के सेक्टर 4, 6  8-ए में 23 भूखंड़ों के विक्रय के लिए निविदा आमंत्रित की गई है । प्राप्त सभी निविदाएं शुक्रवार 20 दिसंबर को प्रातः 11 बजे उपस्थित निविदादाताओं के समक्ष प्राधिकरण के न्यू राजेन्द्रनगर स्थित कार्यालय में खोली जाएंगी । प्राप्त निविदाओं में निर्धारित ऑफसेट दर से अधिक राशि के प्रस्तावकों को भूखंड आवंटित किए जाएंगे ।
प्राधिकरण व्दारा निविदा के लिए पूर्ण रुप से विकसित भूखंड़ों का ऑफसेट दर 1150/- रुपए निर्धारित है। निविदादाता को इस दर से अधिक राशि का वित्तीय प्रस्ताव देना होगा । निविदाएं गुरुवार 19 दिसंबर सांय बजे तक प्राधिकरण कार्यालय की निविदा पेटी में डाली जा सकती है ।
उधर कमल विहार के भूमि स्वामियों को भूखंड देने के लिए प्राधिकरण ने कलेक्टोरेट स्थित पंजीयक (रजिस्ट्रार) कार्यालय में कैम्प लगा रखा है जो 31 दिसंबर तक जारी रहेगा । कैम्प कार्यालय में जिन भूस्वामियों ने कमल विहार योजना के लिए अपनी भूमि देने के लिए सहमति दी है उनके साथ अनुबंध कर उनकों विकसित भूखंड का आवंटन कर रजिस्ट्री की जा रही है । प्राधिकरण के अनुसार भूमि स्वामी जितनी जल्दी प्राधिकरण से अनुबंध करेंगे उतनी जल्दी उन्हें भूखंड आवंटित हो सकेंगे।

Dec 16, 2013

कमल विहार के लिए फिर लगा रजिस्ट्री कार्यालय में कैम्प

16 31 दिसंबर 2013 तक जारी रहेगा कैम्प
रायपुर,16 दिसंबर 2013, कमल विहार के भूमि स्वामियों से अनुबंध कर उन्हें भूखंड आवंटन के लिए रायपुर विकास प्राधिकरण ने रजिस्ट्री कार्यालय में फिर से कैम्प लगाया है । यह कैम्प 16 से 31 दिसंबर तक चलेगा । कैम्प के लगने से भूस्वामियों को प्राधिकरण के साथ अनुबंध कर भूखंड आवंटन में काफी सुविधा हो रही है । प्राधिकरण व्दारा भूमि स्वामियों को अनुबंध और रजिस्ट्री के लिए फोन पर भी सूचना दी जा रही है । प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री सुनील कुमार सोनी के निर्देश पर सहायक राजस्व अधिकारी राजस्व शाखा के कर्मचारियों के साथ कलेक्टोरेट स्थित रजिस्ट्री कार्यालय में 31 दिसंबर तक कैम्प करेंगे।   
प्लॉट लेने से पहले कमल विहार घूम रहे हैं लोग
23 भूखंडों के लिए 558 फार्म बिके

कमल विहार में रायपुर विकास प्राधिकरण व्दारा निविदा के माध्यम से 23 भूखंडों के आवंटन की अंतिम तिथि 19 दिसंबर के नजदीक आने से आवेदन पत्रों की बिक्री और बढ़ गई है । आज शाम तक प्राधिकरण से दो लाख उनयासी हजार रुपए के 558 आवेदन पत्र बिक चुके हैं । प्राधिकरण की वेबसाइट आरडीए रायपुर डॉट काम से भी कई लोग सीधे आवेदन पत्र डाऊनलोड कर रहे हैं । कई आवेदक कमल विहार जा कर स्थल में प्लाटों की स्थिति देख कर उसका आंकलन कर रहे हैं । प्राधिकरण ने स्थल निरीक्षण कराने के लिए चार इंजीनियरों तथा सलाहकार कंपनी के एक मार्केटिंग प्रतिनिधि को नियुक्त किया है जो अवकाश के दिनों में भी आगंतुकों को कमल विहार और प्लॉटों की जानकारी दे रहे हैं ।    

Dec 12, 2013

कमल विहार के पहले 23 भूखंड मिलेंगे चार किश्तों में

रायपुर, 3 दिसंबर 2013, रायपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष सुनील कुमार सोनी ने कहा है कि कमल विहार के सभी भूस्वामियों को दिए गए भूखंड पूरी तरह से फ्री होल्ड हैं उन्हें प्राधिकरण में किसी भी प्रकार का कोई भूभाटक जमा नहीं करना होगा । किन्तु लगभग 1600 एकड़ की कमल विहार योजना में विक्रय के लिए उपलब्ध होने वाले भूखंडों को छत्तीसगढ़ शासन के व्ययन नियमों के अनुसार पहले पट्टे पर ही दिया जा सकता है। पट्टे पर भूखंड के विक्रय के कारण उसमें भूभाटक लागू होता है । प्राधिकरण से भूखंड आवंटित होने के बाद भूखंड क्रय करने वाला व्यक्ति उसे तत्काल ही फ्रीहोल्ड करा सकता है।
श्री सोनी ने कहा प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की सरकार ने प्राधिकरण के आवासीय भूखंडों को फ्रीहोल्ड की जो घोषणा की थी उसी प्रक्रिया के अन्तर्गत प्राधिकरण की कमल विहार योजना में विक्रय किए जाने वाले सभी भूखंड निर्धारित प्रक्रिया के अन्तर्गत ही फ्रीहोल्ड कर विक्रय किए जा रहे हैं ।
प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री सोनी ने बताया कि कमल विहार योजना लगभग 1600 एकड़ में विकसित की जा रही है। इसमे विक्रय के लिए विभिन्न आकार के लगभग 11 सौ भूखंड विकसित किए जा रहे हैं जो पूरी योजना के क्षेत्रफल का मात्र 9.2 प्रतिशत होता है । यही 9.2 प्रतिशत भूमि ही प्राधिकरण को विक्रय के लिए उपलब्ध होगी । भूखंडों के विक्रय से उपलब्ध सारी राशि योजना में आधुनिक अधोसंरचना के विकास में खर्च की जाएगी ।
कमल विहार योजना जनभागीदारी के साथ विकसित की जा योजना है ऐसी पहली नगर विकास योजना है जिसमें अब तक की सबसे बेहतर सुविधाएं और तकनीक से काम किया जा रहा है। योजना में 24 घंटे पीने का पानी, भूमिगत जलप्रदाय, विद्युत, सीवरेज सिस्टम, संचार की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है । देश की सबसे नामी निर्माण की कंपनी लार्सन एंड टुब्रों कमल विहार में अधोसंरचना का विकास कार्य कर रही हैं । इसके अतिरिक्त योजना में निम्न आय वर्ग के लिए फ्लैट्स योजना भी तैयार की गई है ।
श्री सोनी ने कहा की कमल विहार नगर विकास की एक ऐसी योजना है जो प्राधिकरण की अब तक की बनाई गई सभी योजनाओं से अलग है । प्राधिकरण की पहले की योजनाओं में पहले भूमि का अर्जन कर भूस्वामियों को मुआवजा दे दिया जाता था । लेकिन कमल विहार योजना में भूस्वामियों को उनकी भी भूमि या उसके पास उनकी भूमि के बदले 35 से 58 प्रतिशत तक का विकसित भूखंड निःशुल्क आवंटित किया गया है। श्री सोनी ने कहा कि प्राधिकरण के पास केवल 9.2 प्रतिशत भूमि जो उपलब्ध हो रही उसको विक्रय कर जो भी राशि आएगी वह सारी राशि योजना के विकास में उपयोग की जाएगी। 
प्राधिकरण के अध्यक्ष ने कहा कि कमल विहार योजना में लगभग 90 प्रतिशत भाग में भूस्वामियों को ही भूखंड दिया जा रहा है । योजना में 4126 फ्लैटस भी आम आदमियों के लिए बनाए जाएंगे जिसमें सारी सुविधाओं का लाभ मिलेगा। इसलिए यह कहना उचित नहीं होगा कि कमल विहार योजना किसी वर्ग विशेष के लिए है ।

Dec 4, 2013

आरडीए के छगनलाल यादव 36 साल बाद सेवानिवृत

प्राधिकरण के तीनों कार्यालय भवनों में काम किया

रायपुर, 4 दिसंबर 2013, रायपुर विकास प्राधिकरण में 36 साल की सेवा के बाद छगनलाल यादव 30 नंवबर को भृत्य के पद से सेवानिवृत हो गए । इस अवसर पर प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री सुनील कुमार सोनी ने श्रीफल और शॉल दे कर उनकी दीर्घ सेवाओं के लिए सम्मानित किया । श्री सोनी ने श्री यादव के स्वस्थ्य और उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें प्राधिकरण परिवार की ओर से बिदाई दी ।  

श्री छगनलाल यादव ने 1977 से रायपुर विकास प्राधिकरण कार्यालय में अपनी नौकरी की शुरुआत की थी । इस दौरान उन्हें प्राधिकरण के तीन कार्यालय भवनों में कार्य करने का अवसर किया । श्री यादव ने बताया कि 1977 में प्राधिकरण का कार्यालय विवेकानंद आश्रम स्थित भवन में लगता था । उसके बाद शास्त्री चौक के पास बजरंग मार्केट में और अब न्यू राजेन्द्रनगर स्थित भक्त माताकर्मा व्यवासायिक परिसर में कार्यालय लग रहा है ।  श्री यादव ने कहा कि उन्हें गर्व है कि उन्होंने प्राधिकरण के तीनो कार्यालय भवनों में कार्य किया । श्री यादव ने नया रायपुर डेव्हलेपमेंट अथारिटी में भी कुछ बर्षों तक अपनी सेवाएं दी । बिदाई के इस अवसर पर प्राधिकरण के कार्यपालन अभियंता श्री पी.एम. कोल्हे, सहायक अभियंता श्री अनवर खान, के.पी. देवांगन, लेखाधिकारी संदीप सिंह पाल, कर्मचारी संघ के अध्यक्ष धर्मेन्द सिंह सेंगर, महासचिव अब्दुल आरिफ और कई अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे ।