Search This Blog

Sep 16, 2016

आरडीए के अभियंता सुशील शर्मा इंजीनियर ऑफ दी ईयर 2016 अवार्ड से सम्मानित

अध्यक्ष,उपाध्यक्षव्दय, सीईओ और मुख्य अभियंता ने बधाई
रायपुर, 16 सितंबर 2016, रायपुर विकास प्राधिकरण के सहायक अभियंता श्री सुशील शर्मा को इंजीनियर ऑफ दी ईयर 2016 अवार्ड से सम्मानित किया गया है. कल मेडिकल कॉलेज हॉल में

संयुक्त अभियंता संघ रायपुर व्दारा आयोजित अभियंता दिवस समारोह में विधान सभा अध्यक्ष श्री गौरीशंकर अग्रवाल और कृषि एवं जल संसाधन मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल ने श्री शर्मा को इंजीनियर ऑफ दी ईयर 2016 अवार्ड प्रदान किया.

रायपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव, उपाध्यक्षव्दय श्री गोवर्धन दास खंडेलवाल और श्री रमेश सिंह ठाकुर, मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एम.डी. कावरे, मुख्य अभियंता श्री जे.एस. भाटिया सहित प्राधिकरण के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी श्री सुशील शर्मा को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी. श्री शर्मा 1987 से रायपुर विकास प्राधिकरण में कार्यरत हैं. उन्होंने देवेन्द्रनगर के चाणक्य फ्लैट्स परिसर, डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी आवास योजना सरोना, हीरापुर और रायपुरा के फ्लैट्स निर्माण, नगर विकास योजना इन्द्रप्रस्थ –रायपुरा में इन्द्रप्रस्थ अपार्टमेंट में 120 फ्लैट्स तथा इन्द्रप्रस्थ योजना के विकास एवं निर्माण का महत्वपूर्ण कार्यो का निष्पादन किया है.  

Sep 13, 2016

कमल विहार में प्लॉट खरीदा पर किस्तें जमा नहीं की अब आरडीए आवंटन करेगा निरस्त

रायपुर, 13 सितंबर 2016, कमल विहार में प्लॉट खरीद कर आवंटन आदेश में दी गई किस्तों के अनुसार राशि जमा नहीं करने वाले 100 आवंटितियों के भूखंड निरस्त किए जाएंगे. प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव के निर्देश पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एम.डी. कावरे ने ऐसे एक सौ आवंटितियों को नोटिस जारी कर पूछा है कि समय पर किस्तें नहीं जमा करने के कारण क्यों न उनके प्लॉट का आवंटन निरस्त कर दिया जाए. नोटिस का उत्तर आने के बाद प्राधिकरण प्लॉट के निरस्त करने की कार्रवाई करेगा. 

Sep 12, 2016

कमल विहार विकास कार्य में देरी, निर्माण कंपनी एलएंडटी को कड़ी फटकार

दिसबंर 2016 तक अधोसंरचना का कार्य पूरा करने का निर्देश

रायपुर, 12 सितंबर 2016, कमल विहार योजना के बुनियादी अधोसंरचना कार्य दिसंबर 2016 तक पूरा करने के उद्देश्य से रायपुर विकास प्राधिकरण ने कार्य की मॉनिटरिंग और तेज कर दी है.
आवास एवं पर्यावरण मंत्री श्री राजेश मूणत ने 12 अगस्त को मंत्रालय में आयोजित समीक्षा बैठक जिसमें प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव भी उपस्थित में कहा था कि कमल विहार योजना के बुनियादी अधोसंरचना का कार्य दिसबंर 2016 तक पूरा कर लिया जाए.
इसी परिपेक्ष्य में कल कमल विहार स्थल कार्यालय और आज प्राधिकरण के कार्यालय में मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एम. डी. कावरे ने प्राधिकरण के इंजीनियर्स, प्रोजेक्ट मैंनेजमैंट कंसलटेंट वॉपकोस तथा निर्माण कंपनी लार्सन एंड टूर्बो (एलएंडटी) के साथ विकास कार्यो की समीक्षा
की. बैठक व्दारा एलएंडटी कंपनी के व्दारा अनावश्यक बहाने बना कर धीमी गति से कार्य करने के कारण उसके प्रोजेक्ट मैनेजर को जम कर फटकार लगाई गई. श्री कावरे ने एलएंडटी कंपनी को स्पष्ट रुप से कहा कि वे टालमटोल न करें तथा दिए गए समय पर कार्य की प्रगति दें. 
श्री कावरे ने कमल विहार में बनाए जा रहे 5 अंडरग्राऊंड वॉटर रिजरवायर और पंप हॉऊस में देरी, कुछ सेक्टरों में अधोसंरचना के अंतर्गत सड़क व अंडरग्राऊंड सर्विसेस के कार्यों को समय पर नहीं करने पर एलएडंटी कंपनी को कड़ी चेतावनी दी है. उन्होंने कंपनी को स्पष्ट रुप से कहा कि वे पहले ही योजना के निर्माण कार्यो में काफी देर कर चुके हैं. इसलिए बिजली और पानी से सबंधित कार्य को अब अक्टूबर 2016 तक और शेष अन्य कार्यों को दिसंबर 2016 तक पूरा करें. प्राधिकरण के सीईओ श्री कावरे व्दारा आयोजित समीक्षा बैठक में प्राधिकरण के मुख्य अभियंता श्री जे.एस. भाटिया, अधीक्षण अभियंता श्री पी.एम,कोल्हे, प्रोजेक्ट मैनेजमैंट कंपनी वॉपकोस के टीम लीडर श्री संजय वर्मा, एलएंडटी के श्री पी. गुप्ता व अन्य इंजीनियर्स उपस्थित थे.

Sep 9, 2016

आरडीए ने शहर की प्रमुख सड़कों के निर्माण योजना पर शुरु किया मंथन

    दस दिनों में योजनाकार प्रस्तुत करेंगे प्रमुख सड़कों के विकास का अपना प्रस्ताव 
रायपुर, 09 सितंबर 2016, रायपुर शहर के मॉस्टर प्लॉन में प्रस्तावित 52 प्रमुख मार्गों में से कुछ सड़कों के नए विकास की संभावनाओं पर रायपुर विकास प्राधिकरण ने आज से मंथन शुरु कर दिया. इंदौर शहर का विकास देख कर रायपुर लौटी रायपुर विकास प्राधिकरण की टीम ने आज शहर विकास के योजनाकारों तथा वास्तुविदों के साथ एक बैठक की तथा उनसे कुछ प्रमुख मार्गों के लिए विकास और निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने को कहा.

प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव के साथ हुई बैठक में यह तय किया गया कि रायपुर विकास योजना 2021 में प्रस्तावित किन प्रमुख सड़कों का विकास प्राथमिकता के साथ किया जा सकता है इस पर कार्य योजना का प्रस्ताव योजनाकारो व्दारा तैयार कर दस दिनों में प्रस्तुत किया जाए. इस अवसर पर प्राधिकरण के उपाध्यक्ष व्दय श्री गोवर्धन दास खंडेलवाल और श्री रमेश सिंह ठाकुर भी उपस्थित थे.
शहर विकास के संबंध में हुई बैठक में योजनाकारों और वास्तुविदों ने कहा कि वे प्रमुख सड़कों के विकास के संबंध में प्राथमिकता के आधार पर प्रारंभिक कार्य योजना बनाने, योजना के विभिन्न पैमानों, प्रक्रिया और समस्याओं के बारे में अपनी सुझाव देंगे. उल्लेखनीय है कि प्राधिकरण ने अपने इस वर्ष के बजट में रायपुर मॉस्टर प्लॉन 2021 की 6 सड़कों के निर्माण का प्रस्ताव रखा था. जिसमें 29.3 किलोमीटर की छह सड़कों के निर्माण के लिए राज्य शासन से अनुदान से 18 से 75 मीटर चौड़ी सड़कें बनाने का प्रस्ताव संचालक मंडल की बैठक में पारित किया गया था.
आज जिन योजनाकार व वास्तुविद फर्मों ने प्राधिकरण की बैठक में भाग लिया उनमें नवीन शर्मा एंड एसोसियेट, आर्किटेक्ट आनंद संदीप एंड एसोसियेट, बिल्डक्रॉफ्ट, एवम् कंसलटेंट, श्रीवास्तव बागरेचा एंड एसोसियेट और आकृति एंड दृष्टिकोन तथा पिल्लीवार एसोसियेटस शामिल थी.

Sep 8, 2016

इंदौर शहर विकास के अनुभवों का उपयोग रायपुर में भी करेंगे – श्री संजय श्रीवास्तव

आरडीए की टीम ने विकास योजनाएं देखी, बदले हुए नियम प्रक्रिया को भी समझा
इंदौर विकास प्राधिकरण की टीम भी आएगी कमल विहार देखने


रायपुर, 08 सितंबर 2016, इंदौर शहर के विकास कार्यों का अध्ययन कर लौटी रायपुर विकास प्राधिकरण की टीम ने वहां के अनुभवों की कुछ बेहतर बातों को रायपुर शहर विकास के संदर्भ में लागू करने के लिए विचार मंथन शुरु कर दिया है. इंदौर शहर के विकास कार्यों का अध्ययन करने कल प्राधिकरण की टीम इंदौर पहुंची थी जिसमें उपाध्यक्षव्दय श्री गोवर्धन दास खंडेलवाल, श्री रमेश सिंह ठाकुर, मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एम.डी. कावरे और मुख्य अभियंता श्री जे.एस. भाटिया शामिल थे.
प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव ने आज रायपुर वापस लौटने के बाद कहा कि इंदौर विकास प्राधिकरण ने उनके विकास कार्यों के संबंध में कई बातें अपने प्रेजेन्टेशन के माध्यम से बताई हैं. उनके इस अनुभव का उपयोग हम रायपुर शहर के विकास के लिए भी करेंगे. इसके पहले आज इंदौर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री शंकर लालवानी, उपाध्यक्षव्दय श्री हरिनारायण यादव व श्री ललित पोरवाल तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री राकेश सिंह ने आरडीए की टीम का स्वागत् किया और उन्हें अपने कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी. आरडीए के अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव ने इंदौर विकास प्राधिकरण को भी देश की सबसे बड़ी नगर विकास योजनाओं में से एक कमल विहार योजना के अवलोकन के लिए आमंत्रित किया है.
आरडीए की टीम ने कल इंदौर विकास प्राधिकरण की विभिन्न विकास योजनाओं का अवलोकन किया. जिसमें 13 किलो मीटर लंबे 8 लेन वाले सुपर कॉरिडोर वाली दीर्घकालिक योजना, पिपल्यापाला रीजनल पार्क, विभिन्न व्यावसायिक एवं आवासीय योजनाएं, कारपोरेट सोशल रिसपांसबिलिटी के अन्तर्गत क्रियान्वित योजनाओं को देखा था. आज उन्होंने विकास योजनाओं के क्रियान्वयन की प्रक्रिया और उसमें आई समस्याओं तथा उसके निराकरण पर चर्चा की. इंदौर विकास प्राधिकरण के सीईओ ने प्रस्तुत प्रेजेन्टेशन के माध्यम से यह भी बताया कि राज्य शासन ने मध्यप्रदेश ग्राम तथा नगर निवेश अधिनियम, मध्यप्रदेश भूमि व्ययन नियमों में भी संशोधन किया ताकि योजनाओं का उचित ढ़ंग से क्रियान्वयन किया जा सके. उन्होंने बताया कि वे विकास - निर्माण कार्यों में सुपरविजन चार्ज के रुप में 16 प्रतिशत तक की राशि का प्रावधान करते हैं. यही नहीं वरन मध्यप्रदेश शासन ने इंदौर विकास प्राधिकरण की योजनाओं में भूभाटक निर्धारण का अधिकार भी वहां के संचालक मंडल को दिया है. इसके अलावा वे राज्य शासन के कई विकास और निर्माण कार्य डिपाजिट वर्क के रुप में करते हैं.   

Sep 7, 2016

इंदौर विकास की योजनाएं देखनें आरडीए की टीम का दौरा

सुपर कॉरीडोर सहित कई व्यावसायिक, रिक्रिएशन और आवासीय योजनाएं देखी

रायपुर, 07 सितंबर 2016 , रायपुर शहर के विकास को ऩई दिशा देने के लिए रायपुर विकास प्राधिकरण की टॉप मैनेजमैंट टीम विकास योजनाओं का अध्ययन करने आज इंदौर पहुंची. प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव के नेतृत्व में उपाध्यक्षव्दय श्री गोवर्धन दास खंडेलवाल, श्री रमेश सिंह ठाकुर, मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एम.डी. कावरे और मुख्य अभियंता श्री जे.एस. भाटिया इस टीम में शामिल हैं. कल इंदौर प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री शंकर लालवानी और मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री राकेश सिंह आरडीए के दल को अपने विकास कार्यों के संबंध में एक प्रेजेन्टेशन देंगे तथा शहर विकास के लिए किए गए कार्यों तथा नए विकास कार्यों के संबंध में जानकारी देंगे और  विस्तृत चर्चा करेंगे.

छत्तीसगढ़ के आवास एवं पर्यावरण मंत्री श्री राजेश मूणत के निर्देश पर मध्यप्रदेश के इंदौर शहर का विकास कार्य देखने पहुंची आरडीए की टीम ने आज पहले 11 सौ एकड़ में बन रही सुपर कॉरीडोर की योजना को देखा. योजना में 75 मीटर की सड़क के दोनों ओर 300 मीटर के स्थान पर विभिन्न प्रकार के व्यासायिक  व अन्य विकास कार्य किए जा रहे हैं. इसके बाद टीम ने इंदौर विकास प्राधिकरण व्दारा 3 हजार युवाओं को रोजगार देने वाली एक नई व्यावसायिक योजना का अध्ययन किया. इस योजना में देश में आईटी सेक्टर की जानी मानी कंपनियां इंफोसिस और टाटा कंसलटेंसी सर्विसेस को मध्यप्रदेश औद्य़ोगिक विकास निगम के माध्यम से बड़े प्लॉट उपलब्ध कराए गए है जिस पर आईटी कंपनियों व्दारा स्वयं भवनों का निर्माण किया जा रहा है. जिसमें आने वाले दिनों में युवाओं को रोजगार देने के लिए नए उद्यम की शुरुआत होगी. इंदौर विकास प्राधिकरण व्दारा पुराने समय के कलेक्टर कार्यालय भवन और उसके परिसर को नए स्वरुप के विकास को भी आरडीए की टीम ने देखा. इंदौर विकास प्राधिकरण ने अपनी स्कीम नंबर 140 में व्यावसायिक परिसर विकसित करते हुए उसके ऊपर विभिन्न आकार के फ्लैट्स का निर्माण किया गया है. इसके अतिरिक्त 200 एकड़ भूमि पर 40 करोड़ रुपए की लागत से एक रीजनल पार्क भी विकसित किया गया है, इसका भी रायपुर की टीम ने अवलोकन किया. रायपुर विकास प्राधिकरण के इस अध्ययन दौरे का मुख्य उद्देश्य यह है कि उसकी आगामी योजनाओं को बेहतर बनाने में अन्य शहरों में हो रहे विकास के अच्छे अनुभवों व नई तकनीकों और प्रक्रियाओं का समावेश किया जा सके.



Sep 3, 2016

आरडीए के प्रापर्टी लोन मेला से बैंकों को 10 करोड़ के व्यवसाय की उम्मीद

अगला प्रापर्टी मेला टॉऊन हॉल में – श्री संजय श्रीवास्तव
रायपुर, 03 सितंबर 2016, पहली बार कमल विहार योजना में लगाए गए प्रापर्टी लोन मेला से बैंको और वित्तदायी संस्थाओं को लगभग 10 करोड़ रुपए के व्यवसाय की उम्मीद है. दो दिनों में लगभग 250 लोगों ने कमल विहार में प्ल़ॉट देखे और उनके बारे में विस्तृत जानकारी ली. मेले के दूसरे दिन आज रायपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव ने मेले का निरीक्षण किया और वहां आए लोगों से और बैंकों को प्रतिनिधियों से चर्चा की. श्री श्रीवास्तव ने कहा कि अगला प्रापर्टी लोन मेला रायपुर शहर के बीच स्थित टॉऊन हॉल, शास्त्री चौक में किया जाएगा. इस अवसर पर प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एम.डी. कावरे और संचालक मंडल की सदस्य श्रीमती एम.लक्ष्मी भी उपस्थित थी.

दो दिवसीय प्रापर्टी मेले से बैंकों के प्रतिनिधि भी खासे उत्साहित दिखाई दिए. उनका कहना है कि प्राधिकरण को ऐसे मेलों का नियमित रुप से अलग – अलग स्थानों पर आय़ोजन करते रहना चाहिए. बैंकों प्रतिनिधियों ने बताया कि आम लोगों का आरडीए की संपत्ति के प्रति काफी भरोसा है और वे निजी के बदले सरकार की योजनाओं में संपत्ति लेने को पहली प्राथमिकता देते हैं. बैंकों के प्रतिनिधियों के अनुसार मेले में आए लोगों ने योजना में प्लॉट देखने व जानकारी लेने के बाद लगभग 80 लोगों ने संपत्ति लेनें में अपनी गहरी रुचि दिखाई है. जिनमें कई लोगों ने आवेदन पत्र भी भर कर जमा किए. प्राधिकरण को भी उम्मीद है कि इस मेले में दी गई जानकारी से आगामी दिनों में अधिक संख्या में लोग संपत्ति लेने के लिए अपनी रुचि दिखाएंगे.    

जिन बैंकों और वित्तदायी संस्थाओं ने इस मेले में भाग लिया उनमें सेन्ट्रल बैंक ऑफ इंडिया, पंजाब नेशनल बैंक, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, इलाहाबाद बैंक, छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक मर्यादित का अपेक्स बैंक, छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक, एचडीएफसी होम लोन्स, एलआईसी हॉऊसिंग फॉयनेंस लिमिटेड, जीआईसी हॉऊसिंग फॉयनेंस लिमिटेड, कैनफिन होम्स लिमिटेड शामिल थे.

Sep 2, 2016

प्रापर्टी लोन मेला में पहले दिन 100 लोगों ने प्लॉट देखे

प्रापर्टी लोन मेला पहली बार कमल विहार साईट ऑफिस में

रायपुर, 02 सितंबर 2016, कमल विहार में पहली बार प्लॉट दिखाने और उसकी जानकारी देने के साथ ही ऋण लेने के लिए प्रमुख बैंकों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति ने वहां आए लोगों ने काफी सहूलियत महसूस की. दिन भर छत्तीसगढ़ सहित मध्यप्रदेश और उडीसा के लोगों ने भी फोन और व्हॉट्सअप पर संपत्तियों तथा बैंक ऋण के संबंध में जानकारी ली. आरडीए का यह प्रापर्टी मेला कल भी दिन भर जारी रहेगा. 
प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एम.डी. कावरे ने आज सुबह कमल विहार में ही कई आगंतुकों के साथ स्वयं मुलाकात की और उनसे सीधी बात की. मेला में आज लगभग 100 लोगों ने प्लॉट देखे और उसकी पूरी जानकारी ली. प्राधिकरण व्दारा इसके पहले तीन बार कार्यालय परिसर में ही प्रापर्टी बैंक मेला का आयोजन किया था. इससे लोगों को जानकारी तो मिल जाती थी पर प्लॉट या फ्लैट्स इत्यादि देखने के लिए उन्हें योजना स्थल पर जाना पड़ता था, जिससे काफी समय लगता था. इस बार योजना स्थल पर ही प्लॉट दिखाने और उसकी जानकारी देने तथा कई राष्ट्रीकृत बैंकों से आवेदकों को ऋण लेने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है.
उल्लेखनीय है कि गत दिनों मंत्रालय में आवास एवं पर्यावरण मंत्री श्री राजेश मूणत ने समीक्षा बैठक में प्लॉट विक्रय करने, भूस्वामियो से अनुबंध करने तथा आवेदकों को बेहतर सुविधाएं दिए जाने की बात कही थी. इसी परिपेक्ष्य में प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव ने निर्देश पर कमल विहार के स्थल कार्यालय में एक नया सेल कॉऊन्टर प्रारंभ किया गया और आवेदकों को ऋण की सुविधा देने के लिए दो दिवसीय प्रापर्टी लोन मेला का आयोजन किया गया.
मेले में आज सेन्ट्रल बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, यूनियन बैंक, इलाहाबाद बैंक, अपेक्स बैंक, कैनफिन होम फॉयनेंस, एलआईसी होम फॉयनेंस लिमिटेड और एच.डी.एफ.सी बैंक ने भाग लिया. कल और बैंकों के प्रतिनिधि भी प्रापर्टी लोन मेला में शामिल होंगे. कल रायपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव, उपाध्यक्षव्दय श्री गोवर्धन दास खंडेलवाल व श्री रमेश सिंह ठाकुर प्रापर्टी लोन मेला में आगंतुकों से मिलेंगे.  

Aug 31, 2016

प्रापर्टी लोन मेला कमल विहार साईट ऑफिस में 2 व 3 सिंतबर को

प्लॉट की जानकारी और देखने के बाद आवेदन होगें जमा 
प्रमुख बैंकों के अधिकारियों से ऋण लेने आवेदकों की होगी सीधी मुलाकात
रायपुर, 31 अगस्त 2016, प्रापर्टी खरीदने वालों को प्रापर्टी सहित बैंक से ऋण उपलब्ध कराने के लिए रायपुर विकास प्राधिकरण ने इस बार कमल विहार साईट ऑफिस में ही प्रापर्टी लोन मेला का आयोजन किया है. प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव ने निर्देश पर इस बार स्थल पर संपत्तियों को दिखाने और वहीं पर पूरी जानकारी देने तथा आवेदन पत्र भरने की सुविधा दी जा रही है. इसके लिए प्राधिकरण ने गत दिनों कमल विहार में अपना प्राप्रटी सेल कॉऊन्टर भी खोल दिया है. प्रापर्टी लोन मेला के माध्यम से आवेदकों को बैंक ऋण की सुविधा के लिए पहली बार स्थल कार्यालय में ही सारी जानकारी उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है.
प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एम.डी. कावरे के अनुसार 2 और 3 सितंबर 2016 को कई प्रमुख राष्ट्रीकृत बैंकों के साथ ही अन्य वित्तदायी संस्थाएं प्रापर्टी लोन मेंला में कमल विहार में आ रही हैं. मेले में बैंकों के अधिकारियों के साथ ही प्राधिकरण की मार्केटिंग की टीम भी होगी. मेले में प्राधिकरण की संपत्तियों को खरीदने के लिए बैंक के अधिकारी आसान किस्तों एवं लंबी अवधि में ऋण लेने की प्रक्रिया की जानकारी और मार्गदर्शन भी देंगे.

Aug 29, 2016

3.65 लाख कीमत के ईडब्लूएस फ्लैट्स के आवेदन अब 30 सितंबर तक

प्रधानमंत्री आवास योजना के 1472 ईड्ब्लूएएस फ्लैट्स

रायपुर, 29 अगस्त 2016, रायपुर विकास प्राधिकरण ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत इन्द्रप्रस्थ रायपुरा में बनने वाले 1472 ईड्ब्लूएस फ्लैट्स के आवेदन की तिथि 30 सितंबर तक बढ़ा दी. प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव ने लगातार आ रही मांग के चलते उक्त तिथि को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है.

  प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एम.डी.कावरे ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अन्तर्गत इस योजना में महिलाओं को प्राथमिकता दी जा रही है. आवेदक को रायपुर नगर निगम सीमा क्षेत्र का निवासी तथा उसके परिवार की वार्षिक आय 3 लाख रुपए तक होना चाहिए. यह फ्लैट्स उन्हीं को लाटरी में आवंटित किए जाएंगे जिनके नाम पर कोई मकान नहीं है. 

      योजना के प्रत्येक फ्लैट्स पर केन्द्र सरकार व्दारा अनुदान के रुप में 1.50 लाख रुपए का अनुदान दिया जाएगा. श्री कावरे के अनुसार एक बेड, हॉल व किचन वाले ईडब्लूएस फ्लैट्स के क्षेत्रफल में कारपेट एरिया 304 वर्गफुट, सुपर बिल्टअप एरिया 530.15 वर्गफुट होगा. फ्लैट् की अनुमानित कीमत 4.79 लाख होगी जिसमें बाह्य रखरखाव के लिए एक मुश्त 36 हजार रुपए अलग से देय होगा. डेढ़ लाख के अनुदान से इस फ्लैट् की कीमत 3.65 लाख रुपए होगी. इसके लिए आवेदक को रायपुर विकास प्राधिकरण कार्यालय में अपने आवेदन के साथ पंजीयन राशि के रुप में 5 हजार रुपए जमा करना होगा. 

Aug 27, 2016

इन्द्रप्रस्थ – रायपुरा के ईडब्लूएस फ्लैट्स का पंजीयन सोमवार तक

प्रधानमंत्री आवास योजना में 1.50 लाख के अनुदान का फायदा,पंजीयन 5 हजार रुपए में
रायपुर, 27 अगस्त 2016, इन्द्रप्रस्थ रायपुरा में बनने वाले प्रधानमंत्री आवास योजना के 1472 ईडब्लूएस फ्लैट्स का पंजीयन सोमवार 29 अगस्त को बंद हो रहा है. यह योजना उनके लिए जिनके नाम पर कोई मकान नहीं है और साथ ही इसमें महिलाओं को प्राथमिकता दी जा रही है. एक बीएचके के इन फ्लैट्स पर केन्द्र सरकार के अनुदान के रुप में ईड्ब्लूएस फ्लैट्स में 1.50 लाख रुपए अनुदान दिया जाएगा. इसके लिए आवेदन के साथ पंजीयन राशि के रुप में 5 हजार रुपए देना होगा.  
प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एम.डी.कावरे के अनुसार एक बेड, हॉल व किचन वाले ईडब्लूएस फ्लैट्स लेने के लिए आवेदक को रायपुरन नगर निगम सीमा क्षेत्र का निवासी तथा उसके परिवार की वार्षिक आय 3 लाख रुपए तक होना चाहिए. परिवार की आय सीमा के प्रमाण के रुप में सक्षम प्राधिकारी व्दारा जारी प्रमाण पत्र, स्व-प्रमाणन अथवा हलफनामा दिया जा सकेगा. ईडब्लूएस फ्लैट्स का कारपेट एरिया 304 वर्गफुट (सुपर बिल्टअप एरिया 530.15 वर्गफुट) है. फ्लैट् की अनुमानित कीमत 4.79 लाख है जिसमें बाह्य रखरखाव के लिए एक मुश्त 36 हजार रुपए अलग से देय होगा. 

                         

Aug 25, 2016

|| 🔴|| श्री डागा सार्वजनिक जीवन के सक्रिय नेता – श्री संजय श्रीवास्तव

डागा जी परिश्रमी कार्यकर्ता – श्री गोवर्धन खंडेलवाल
स्पष्टवादी सोच, बातों के पक्के थे डागा जी – श्री रमेश सिंह ठाकुर


रायपुर, 25 अगस्त 2016, रायपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव ने प्राधिकरण के पूर्व उपाध्यक्ष श्री रतनलाल डागा के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि वे सार्वजनिक जीवन में काफी सक्रिय थे और लगातार मेहनत करने वालों में उनकी गिनती होती थी. उन्होंने नगर पालिक निगम रायपुर और रायपुर विकास प्राधिकरण में क्रमशः सभापति और उपाध्यक्ष रहते हुए रायपुर शहर के विकास और निर्माण कार्यों में अपना सक्रिय योगदान दिया.
प्राधिकरण के उपाध्यक्ष श्री गोवर्धन दास खंडेलवाल ने अपने पूर्ववर्ती श्री रतनलाल डागा को अपनी श्रध्दांजलि देते हुए कहा है कि मुझे उनके साथ कई सालों तक काम करने का मौका मिला. वे काफी परिश्रमी कार्यकर्ता थे. नगर निगम रायपुर और रायपुर विकास प्राधिकरण में उनकी नियमित सक्रियता रही. वे जनता के कार्यों को प्राथमिकता के साथ करने में विश्वास करते थे.
प्राधिकरण के उपाध्यक्ष और नगर निगम रायपुर में नेता प्रतिपक्ष श्री रमेश सिंह ठाकुर ने भी श्री डागा के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा है कि श्री डागा अपने कार्यों तथा बातों में स्पष्टवादी सोच वाले व्यक्तित्व थे. नगर निगम के सभापति के रुप में सामान्य सभा के संचालन दौरान वे नियमों एवं संविधान को काफी महत्व देते थे. वे अपने साथियों में कार्य के प्रति अपने समर्मपण के लिए भी जाने जाते रहे.
रायपुर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एम.डी. कावरे ने भी पूर्व उपाध्यक्ष श्री रतनलाल डागा को आज उनके निवास पर जा कर प्राधिकरण परिवार की ओर से श्रध्दांजलि दी. प्राधिकरण संचालक मंडल के सदस्य श्री गोपी साहू, श्री रविन्द्र बंजारे, श्री नारद कौशल,श्रीमती सुनयना शुक्ला और श्रीमती एम. लक्ष्मी ने भी श्री डागा के निधन पर शोक व्यक्त किया है.  

Aug 22, 2016

आरडीए ने शुरु किया प्रापर्टी सेल कॉऊन्टर

कमल विहार में संपत्ति विक्रय,अनुबंध,स्थल निरीक्षण, प्लॉट का कब्जा भी

22 भूस्वामियों ने किया आरडीए के साथ अनुबंध 
रायपुर, 22 अगस्त 2016, रायपुर विकास प्राधिकरण ने आज से कमल विहार में प्लॉटों और रो-हॉऊस डुप्लेक्स की ब्रिकी के लिए स्थल कार्यालय में एक नया प्रापर्टी सेल कॉऊन्टर शुरु किया. यह सेल कॉऊन्टर प्राधिकरण कार्यालय के अतिरिक्त होगा. इस मौके पर प्राधिकरण के उपाध्यक्षव्दय श्री गोवर्धनदास खंडेलवाल, श्री रमेश सिंह ठाकुर और मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एम.डी. कावरे भी उपस्थित थे.

प्रापर्टी सेल कॉऊन्टर के शुरु होने के बाद आज कई लोग कमल विहार में प्लॉट और रो-हॉऊस डुप्लेक्स की जानकारी लेने पहुंचे. प्राधिकरण की तीन सदस्यीय मार्केटिंग टीम ने कमल विहार स्थल कार्य में पहुंचे लोगों को उपलब्ध प्लॉटों की जानकारी दी और इच्छुक लोगों को स्थल पर प्लॉट भी दिखाया गया. कमल विहार में जिन भूमि स्वामियों ने योजना को बनाने के लिए अपनी भूमि प्राधिकरण को दी है उनको अब प्राधिकरण पूर्ण रुप से विकसित भूखंड दे रहा. ऐसे कई भूमि स्वामी आज कमल विहार पहुंचे और उन्होंने विकसित भूखंड प्राप्त करने के लिए तैयार किए गए अनुबंध पर हस्ताक्षर किए जिसे वे अब पंजीयक कार्यालय में जा कर अपने प्लॉट की रजिस्ट्री करवा सकेंगे. आज ऐसे ही 22 भूस्वामियों के ने अपने अनुबंधों का निष्पादन किया.
उल्लेखनीय है कि गत दिनों मंत्रालय में आवास एवं पर्यावरण मंत्री श्री राजेश मूणत ने समीक्षा बैठक में कहा था कि प्लॉट विक्रय करने, अनुबंध करने की दिशा में आवेदकों एवं भूस्वामियों को बेहतर सुविधाएं दी जाएं. इसी परिपेक्ष्य में प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव ने निर्देश पर अब स्थल कार्यालय में संपत्तियों के विक्रय के लिए एक नया सेल कॉऊन्टर शुरु किया गया है. प्रापर्टी सेल कॉऊन्टर में प्राधिकरण की मार्केटिंग टीम सुबह 10.30  से शाम 5.30 तक उपलब्ध रहेगी और आंगतुकों को प्लॉट व डुप्लेक्स से संबंधित सारी जानकारी देगी.
प्रापर्टी सेल कॉऊन्टर : - यहां आंगतुकों को कमल विहार में उपलब्ध संपत्तियों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी. जिसमें भूखंडों व डुप्लेक्स की कीमत, मानचित्र का अवलोकन, आवेदन पत्र के साथ जमा की जाने वाली राशि, किस्तों व अन्य दस्तावेजों तथा आवेदन पत्र भरने के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन दिया जाएगा. सेल कॉऊन्टर से न सिर्फ लोगों के समय की बचत होगी वरन संपत्ति खरीदने वालों को काफी सहूलियत भी होगी. 

Aug 19, 2016

कमल विहार में प्लॉट खरीदने नया सेल कॉऊन्टर सोमवार से

भूस्वामियों के अनुबंध निष्पादन भी स्थल कार्यालय से
रायपुर, 20 अगस्त 2016, कमल विहार में प्लॉट और रो हॉऊस डुप्लेक्स खरीदने वालों को सीधे रायपुर विकास प्राधिकरण के कार्यालय जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी. गत दिनों मंत्रालय में आवास एवं पर्यावरण मंत्री श्री राजेश मूणत ने समीक्षा बैठक में कहा था कि प्लॉट विक्रय करने, अनुबंध करने की दिशा में आवेदकों एवं भूस्वामियों को बेहतर सुविधाएं दी जाएं. इसी परिपेक्ष्य में
प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव ने निर्देश पर अब स्थल कार्यालय में एक नया सेल कॉऊन्टर सोमवार 22 अगस्त से प्रारंभ किया जा रहा है. जिसमें मार्केटिंग के तीन कर्मचारियों की डयूटी लगाई गई है. वे वहां सुबह 10.30 के बाद से शाम 5.30 तक उपलब्ध रहेंगे और सारी जानकारी देंगे. इसके अतिरिक्त कमल विहार योजना में शामिल भूस्वामियों से प्रथम अनुबंध व निश्चयात्मक अनुबंध भी अब नियमित रुप से स्थल कार्यालय में भी किया जाएगा.
प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एम.डी. कावरे के अनुसार कमल विहार स्थल कार्यालय में यह व्यवस्था होने से प्लॉट व डुप्लेक्स खरीदने वाले सीधे स्थल पर अपना प्लॉट भी देख पाएंगे. ऐसे आवेदकों को वहीं उपलब्ध संपत्तियों के बारे में मानचित्र का अवलोकन करने, आवेदन पत्र के साथ जमा की जाने वाली राशि व अन्य दस्तावेजों इत्यादि सहित आवेदन पत्र भरने के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन दिया जाएगा. कमल विहार के इस नए सेल कॉऊन्टर की व्यवस्था प्राधिकरण कार्यालय के अतिरिक्त होगी. श्री कावरे ने बताया कि पहले लोग प्राधिकरण के कार्यालय में संपत्ति के बारे में जानकारी लेते थे उसके बाद वे कमल विहार में जा कर प्लॉट तथा प्रस्तावित रो हाऊस डुप्लेक्स का स्थल देखते थे. इससे बाहर से आने वालों को काफी समय लगता था इसलिए लोगों को सुविधा देने के लिए यह नई व्यवस्था की गई है.
श्री कावरे ने बताया कि ऐसे भूस्वामी जिन्होंने कमल विहार योजना बनाने में अपनी भूमि प्राधिकरण को दी है उन्हें विकसित भूखंड देने के लिए प्रथम अनुबंध और निश्चयात्मक अनुबंध करने के लिए एक अलग टीम कमल विहार स्थल कार्यालय में बैठेगी. जिसमें प्राधिकरण के राजस्व निरीक्षक श्री रज्जाक खान सहित चार अन्य लिपिकों की डयूटी लगाई गई है जो नियमित रुप से स्थल कार्यालय में ही बैठेंगे और भूस्वामियों को आवश्यक जानकारी देते हुए उनसे अनुबंध से संबंधित दस्तावेज तैयार करेंगे ताकि वे पंजीयक कार्यालय से अपना अनुबंध का निष्पादन कर विकसित भूखंड प्राप्त कर सकें. वर्तमान में स्थल पर विकसित भूखंड के कब्जा देने की कार्रवाई भी नियमित रुप से की जा रही है.    

स्वतंत्रता दिवस पर आरडीए के तीन कर्मचारी पुरस्कृत

रायपुर, 19 अगस्त 2016, स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रायपुर विकास प्राधिकरण रायपुर विकास प्राधिकरण के राजेन्द्रनगर स्थित कार्यालय में अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव ने उपाध्यक्ष श्री गोवर्धन खंडेलवाल के साथ राष्ट्रीय झंडा फहराया. इस अवसर पर राजस्व शाखा के तीन कर्मचारियों को राजस्व वसूली में बेहतर कार्य करने के लिए अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव ने पुरस्कृत किया.
प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एम.डी. कावरे व्दारा पुरस्कार के लिए गठित समिति व्दारा की गई अनुशंसा के आधार पर पहली बार कर्मचारियों को उनके बेहतर कार्य के आधार पर पुरस्कृत किया गया. प्राधिकरण के सहायक राजस्व निरीक्षक श्री दसरु राम साहू ने वसूली लक्ष्य का 60 प्रतिशत हासिल करने पर पहला स्थान प्राप्त किया. इस हेतु उन्हें 3100 रुपए की नगद राशि व मोमेन्टो प्रदान किया गया. दूसरे स्थान पर सहायक ग्रेड लिपिक श्री अब्दुल आरिफ को 56 प्रतिशत वसूली करने के लिए 2100 रुपए नगद तथा मोमेन्टों और तीसरे स्थान पर सहायक ग्रेड लिपिक श्री हरीश नायडू को 54 प्रतिशत वसूली के लिए 1500 रुपए तथा मोमेन्टों प्रदान किया गया.
उल्लेखनीय है कि इस वसूली वर्ष में प्राधिकरण की आय में 33 प्रतिशत की वृध्दि हुई है. गत वसूली वर्ष में 1 जून 2014 से 31 मई 2015 तक प्राधिकरण की वसूली से कुल 26 करोड़ 65 लाख रुपए की आय हुई थी. वहीं इस वर्ष 35 करोड़ 45 लाख रुपए की वसूली हुई है. जो गत वर्ष की तुलना में 8 करोड़ 79 लाख की अधिक रही. राजस्व शाखा के कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने के लिए प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव ने गत 2 अगस्त को यह घोषणा की थी कि थी वसूली के आंकड़े बढ़ाने वाले कर्मचारियों को पुरस्कृत किया जाएगा.   
आजादी के 70 वे साल में झंडारोहण के अवसर पर प्राधिकरण संचालक मंडल की सदस्य श्रीमती सुनयना शुक्ला, श्रीमती एम. लक्ष्मी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एम.डी. कावरे, अतिरिक्त सीईओ श्री एस.आर. दीवान, मुख्य अभियंता श्री जे. एस भाटिया, अधीक्षण अभियंता श्री पी.एम.कोल्हे व श्री एस.सी. झा, कार्यपालन अभियंता श्री अनवर खान, श्री प्रमोद भास्कर, श्री के.पी. देवांगन, लेखाधिकारी श्री संदीप पाल, कर्मचारी संघ के अध्यक्ष श्री डी.एस. सेंगर सहित कई अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे. 




Aug 11, 2016

प्राधिकरण से भवन निर्माण का पहला नक्शा पास


अनिल कुमार सिंग को मिली पहली अनुमति, कहा रायपुर की जनता को होगा फायदा

रायपुर, 11 अगस्त 2016, राज्य शासन व्दारा रायपुर विकास प्राधिकरण के वरिष्ठ सहायक अभियंता श्री के.पी. देवांगन को भवन निर्माण अनुज्ञा अधिकारी नियुक्त करने के बाद आज पहला
भवन निर्माण अनुज्ञा जारी किया गया. कमल विहार के भूखंडधारी श्री अनिल कुमार सिंग को लॉटरी में प्राधिकरण व्दारा 972 वर्गफुट का प्लॉट बी-105, सेक्टर 4 में आवंटित किया गया था. विजया बैंक, रायपुर में प्रबंधक के रुप में कार्यरत श्री सिंग को गत दिनों जब यह पता चला कि अब नगर पालिक निगम रायपुर के बदले रायपुर विकास प्राधिकरण से ही भवन निर्माण का नक्शा पास होगा तो उन्होंने 8 अगस्त को प्राधिकरण कार्यालय में अपना आवेदन प्रस्तुत किया और आज उनका नक्शा पास हो कर उन्हें मिल गया. प्राधिकरण से सबसे पहला भवन निर्माण अनुज्ञा प्राप्त करने पर श्री सिंग ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इससे रायपुर की जनता को काफी फायदा होगा. उन्होंने कहा कि वे रक्षाबंधन के दिन अपने भवन निर्माण कार्य की पूजा कर इसकी शुरुआत करेंगे.
रायपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव ने गत दिनों एक बैठक में भूखंडधारियों को नक्शा पास होने वाली कठिनाईयों को देखते हुए यह कहा था कि प्राधिकरण के पास यदि भवन निर्माण अनुज्ञा अधिकारी हो तो इससे जनता को काफी सहूलियत हो जाएगी. इस पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एम.डी. कावरे ने राज्य शासन को छत्तीसगढ़ भूमि विकास नियम 1984 में दिए गए प्रावधान के अनुरुप भवन निर्माण अनुज्ञा अधिकारी की नियुक्ति हेतु पत्र लिखा था. फलस्वरुप आयुक्त सह संचालक नगर तथा ग्राम निवेश छत्तीसगढ़ व्दारा प्राधिकरण के सहायक अभियंता श्री के.पी. देवांगन को भवन निर्माण अनुज्ञा अधिकारी नियुक्त किया गया.
प्राधिकरण व्दारा आज जारी पहली भवन अनुज्ञा एक वर्ष की अवधि के लिए दी गई है तथा इसके लिए 975 रुपए का शुल्क लिया गया है तथा इसमें कहा गया है कि यदि निर्धारित समय में निर्माण कार्य शुरु नहीं किया गया तो यह अनुज्ञा व्यपगत मानी जाएगी. कार्य करने के पूर्व प्राधिकरण को सूचना देने, प्लिंथ लेबल, लिंटल लेबल व प्रत्येक तल के पूर्ण होने पर भवन पूर्णतान प्रमाण पत्र प्राधिकरण से प्राप्त किया जावे तथा प्रमाण पत्र प्राप्ति के पूर्व भवन का उपयोग नहीं करने का उल्लेख किया गया है. निर्धारित सेट बैक, भूतल व प्रथम तल पर निर्माण किए जाने वाले क्षेत्रफल का उल्लेख भी भवन निर्माण अनुज्ञा में किया गया है. नियम के अनुसार भूखंड में एक वृक्ष लगाने, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, सेप्टिक टैंक के आऊटलेट में जाली लगाने, गंदे पानी की नाली तक निकासी स्वयं के खर्च से करने तथा स्वयं के भूखंड से बाहर छज्जा एवं बालकनी का प्रोजेक्शन नहीं निकालने का उल्लेख मुख्य रुप से किया गया है.


Aug 2, 2016

आरडीए की वसूली 33 प्रतिशत बढ़ी

31 अगस्त तक बकाया नहीं देने वालों के कटेंगे नल कनेक्शन
रायपुर, 02 अगस्त 2016, रायपुर विकास प्राधिकरण के बकायादारों व्दारा 31 अगस्त तक बकाया राशि नहीं देने पर उनके नल कनेक्शन काटे जाएंगे. प्राधिकरण में आज अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव की अध्यक्षता में हुई राजस्व शाखा की समीक्षा बैठक में यह निर्णय लिया गया.
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एम.डी. कावरे ने बताया कि गत वर्ष की तुलना में इस वर्ष राजस्व वसूली में 33 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी हुई है. गत वसूली वर्ष 1 जून 2014 से 31 मई 2015 तक कुल 26 करोड़ 65 लाख रुपए की वसूली हुई थी वहीं इस वर्ष 35 करोड़ 45 लाख रुपए की वसूली हुई है. इस प्रकार इस वर्ष गत वर्ष की तुलना में 8 करोड़ 79 लाख की अधिक वसूली हुई है. 
बैठक में अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव ने कहा कि वे वसूली के आंकडों को बढ़ाने वाले राजस्व कर्मचारियों को 15 अगस्त को उनके कार्य के आधार पर पुरस्कृत किया जाएगा. प्राधिकरण व्दारा की जा रही वसूली के संबंध में बैठक में यह भी तय किया गया कि पुराने बकायादारों की भी सूची बनाई जाए तथा राजस्व कर्मियों के साथ सहयोग के लिए तकनीकी कर्मचारियों को भी लगाया जाएगा ताकि वसूली बेहतर तरीके से हो सके. समीक्षा बैठक में अतिरिक्त सीईओ श्री एस.आर. दीवान, सहायक राजस्व अधिकारी श्री आर.एस.दीक्षित तथा समस्त राजस्व लिपिक उपस्थित थे. 

- श्री के.पी. देवांगन आरडीए के भवन निर्माण अधिकारी नियुक्त -

[ आरडीए की योजनाओं में भवन निर्माण की अनुमति अब सीधे प्राधिकरण कार्यालय से मिलेगी ]

रायपुर, 01 अगस्त 2016, रायपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव के निर्देश पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एम.डी. कावरे व्दारा प्राधिकरण में भवन निर्माण अधिकारी की नियुक्ति के संबंध आयुक्त सह संचालक नगर तथा ग्राम निवेश को लिखे गए पत्र के परिपेक्ष्य में प्राधिकरण के सहायक अभियंता श्री के.पी. देवांगन को भवन निर्माण अधिकारी नियुक्त किया गया है. उनकी नियुक्ति आगामी आदेश पर्यन्त तक रहेगी.
रायपुर निवेश क्षेत्र के अंतर्गत प्राधिकरण की विभिन्न विकास योजनाओं के लिए प्राधिकरण की योजनाओं में भवन निर्माण अधिकारी नहीं होने के कारण भवन अनुज्ञा के प्रकरणों की स्वीकृति नगर पालिक निगम रायपुर व्दारा दी जाती रही. छत्तीसगढ़ भूमि विकास नियम 1964 के अंतर्गत प्राधिकरण ने भवन निर्माण अनुज्ञा के अधिकार के प्रावधान होने के कारण संचालनालय नगर तथा ग्राम निवेश ने प्राधिकरण ने भवन निर्माण अधिकारी की नियुक्त की है.
प्राधिकरण में भवन निर्माण अधिकारी की नियुक्ति से अब रायपुर निवेश के क्षेत्र के अंतर्गत प्राधिकरण की योजनाओं में भवन निर्माण अनुज्ञा के मानचित्रों को अब रायपुर विकास प्राधिकरण के कार्यालय से ही अनुमति दी जा सकेगी. श्री कावरे के अनुसार प्राधिकरण में भवन अधिकारी की नियुक्ति से कमल विहार और इन्द्रप्रस्थ योजना में भवन निर्माण कार्यों में काफी तेजी आएगी तथा यहां विकास की गति बढ़ेगी.

Jul 29, 2016

प्रधानमंत्री आवास योजना में ईडब्लूएस

ईडब्लूएस फ्लैट्स आवेदन की अंतिम तिथि एक माह आगे बढ़ी
29 अगस्त तक बुक करा सकेंगे 1 बीएचके फ्लैट्स

रायपुर 29 जुलाई 2016, प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत इन्द्रप्रस्थ रायपुरा में प्रस्तावित ईडब्लूएस फ्लैट्स की पंजीयन (बुकिंग) की तारीख एक माह के लिए आगे बढ़ा दी गई है. प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव के निर्देश पर इसकी अंतिम तिथि 29 जुलाई को बढ़ा कर 29 अगस्त 2016 कर दिया गया है.


प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एम.डी. कावरे ने बताया कि इन्द्रप्रस्थ रायपुरा में 1472 ईडब्लूएस फ्लैट्स की अनुमानित मूल्य 4.79 लाख रुपए है जिसमें एक मुश्त बाह्य रखरखाव शुल्क हेतु 36 हजार अलग से देय होगा किन्तु प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत केन्द्रीय अनुदान की राशि 1.50 लाख रुपए की छूट मिलने से इसका अनुमानित मूल्य 3.65 लाख रुपए हो जाएगा. ईडब्लूएस फ्लैट्स में एक ड्रॉईंग रुम, एक बेड रुम, रसोई, बॉलकनी, बॉथरुम, लैट्रिन व यूटिलिटी एरिया की सुविधा है. इसके साथ ही योजना में 24x7 पानी, सार्वजनिक लिफ्ट, भूतल पर पार्किंग व सीवरेज नेटवर्क की सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएगी. 

Jul 27, 2016

बोरियाखुर्द में भी बनेंगे प्रधानमंत्री आवास योजना के एलआईजी फ्लैट्स

रायपुर विकास प्राधिकरण संचालक मंडल की बैठक में निर्णय
आरडीए बनाएगा 1984 एलआईजी फ्लैट्स

रायपुर 27 जुलाई 2016, इन्द्रप्रस्थ रायपुरा योजना में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत एलआईजी फ्लैट्स बुकिंग की सफलता को देखते हुए रायपुर विकास प्राधिकरण संचालक मंडल ने आज अपनी बैठक में बोरियाखुर्द में भी 1984 फ्लैट्स बनाने की स्वीकृति प्रदान की. कमल विहार योजना स्थल कार्यालय में आज हुई संचालक मंडल बैठक की अध्यक्षता प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव ने की तथा प्रस्ताव सदस्य सचिव व मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एम.डी. कावरे ने प्रस्तुत किया.वर्तमान में प्राधिकरण व्दारा प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत इन्द्रप्रस्थ नगर विकास योजना रायपुरा में 1472 ईडब्लूएस फ्लैट्स तथा 944 एलआईजी फ्लैट्स का पंजीयन (बुकिंग) कर रहा है. इसमें जनता का रुझान एलआईजी फ्लैट्स के प्रति काफी ज्यादा रहा है. प्राधिकरण कार्यालय में ईडब्लूएस तथा एलआईजी फ्लैट्स के कुल 2416 फ्लैट्स के लिए आज तक ढ़ाई हजार से ज्यादा आवेदन पत्र लोगों ने खरीदे हैं. इसमें ज्यादातर लोगों ने एलआईजी फ्लैट्स के प्रति रुचि दिखाई है. इसकी अनुमानित कीमत रुपए बाह्य रखरखाव शुल्क के साथ 7.26 लाख है तथा इसमें एक ड्रॉईंग रुम, दो बेड रुम, रसोई,बॉलकनी, बॉथरुम, लैट्रिन व यूटिलिटी एरिया की सुविधा है. इसके साथ ही योजना में 24x7 पानी, सार्वजनिक लिफ्ट, भूतल पर पार्किंग व सीवरेज नेटवर्क की सुविधाएं भी दी जाएंगी. चूंकि एलआईजी फ्लैट्स में आवास ऋण के देय ब्याज में साढ़े 6 प्रतिशत का अनुदान मिल रहा है इसके कारण भी लोगों नें एलआईजी फ्लैट्स लेने में रुचि दिखाई है.

संचालक मंडल की आज की बैठक में प्राधिकरण के उपाध्यक्ष व्दय श्री गोर्वधन दास खण्डेलवाल व श्री रमेश सिंह ठाकुर, आवास एवं पर्यावरण विभाग के अवर सचिव श्री जी एल सांकला, छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी के अधीक्षण अभियंता श्री आर.ए.पाठक, उप वन संरक्षक श्री विनोद मिश्रा, नगर पालिक निगम रायपुर के नगर निवेशक श्री एम.एन. ठाकुर, प्राधिकरण के अशासकीय सदस्य श्री गोपी साहू, श्री रविन्द्र बंजारे, श्री नारद कौशल, श्रीमती सुनयना शुक्ला, श्रीमती एम. लक्ष्मी प्राधिकरण के अतिरिक्त सीईओ एस. आर. दीवान उपस्थित थे.

Jul 23, 2016

हरियर रायपुर – हरियर छत्तीसढ़ का आरडीए का पांचवा वृक्षारोपण कार्यक्रम

हीरापुर में आरडीए अध्यक्ष ने लगाए पौधे, सुनी जनता की समस्याएं

रायपुर, 23 जुलाई 2016, डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी आवास योजना हीरापुर में आज रायपुर विकास प्राधिकरण के पांचवे वृक्षारोपण कार्यक्रम में लगभग 80 पौधों का रोपण हुआ. इसके बाद रायपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव ने योजना के निवासियों की समस्याएं सुनी और उन्हें पूरा करने का आश्वासन दिया.
निवासियों ने ऊपर के फ्लैट्स में पानी की कम सप्लाई तथा साफ सफाई न होने की लिखित शिकायत की. इस पर श्री श्रीवास्तव ने अधिकारियों को पानी की सप्लाई व्यवस्था की पुनः समीक्षा कर नई व्यवस्था लागू करने का निर्देश दिया. साफ – सफाई के संबंध में उन्होंने सफाई ठेकेदार को नोटिस देने तथा 15 दिनों में कार्य ठीक नहीं होने पर उसका अनुबंध निरस्त करने का आदेश दिया. हीरापुर के निवासियों ने खेल मैदान व स्कूल के लिए भूमि उपलब्ध कराने तथा असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए नियमित पुलिस गश्त की व्यवस्था का भी अनुरोध किया. इस पर आरडीए अध्यक्ष ने वहीं से संबंधित थाना प्रभारी को फोन पर चर्चा कर निवासियों की परेशानियों से अवगत कराया और पुलिस गश्त बढ़ाने के लिए कहा. 

आरडीए अध्यक्ष श्री श्रीवास्तव ने आज हीरापुर में प्राधिकरण संचालक मंडल के सदस्य श्री गोपी साहू, श्री नारद कौशल, मुख्य अभियंता श्री जे.एस.भाटिया तथा स्थानीय नागरिकों व उनकी समिति के पदाधिकारियों के साध पौधरोपण किया. इसके बाद उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे जागरुक हो तथा पौधरोपण के बाद उसकी सुरक्षा उसका विकास तथा योजना में साफ – सफाई के लिए उन्हें सचेत रहना चाहिए.