Search This Blog

Mar 11, 2022

गुवाहाटी डेव्हलेपमेंट अथॉरिटी की टीम अध्य्यन दौरे हेतु आरडीए पहुंची

 गुवाहाटी में सैटेलाईट टॉऊनशिप बनाने की कवायद में 

कमल विहार की लैंडपूल पॉलिसी से प्रभावित हुई टीम  


रायपुर,11 मार्च 2022/ असम की राजधानी गुवाहाटी में सैटेलाईट टॉऊनशिप बनाने की कवायद में जुटी गुवाहाटी मेट्रोपोलिटिन डेव्हलेपमेंट अथॉरिटी (जीएमडीए) टीम ने आज वहां के उपाध्यक्ष श्री मुकतो डेका के नेतृत्व रायपुर विकास प्राधिकरण की कमल विहार योजना का अवलोकन किया। उन्होंने कमल विहार में भूमि अर्जन की नीति की जानकारी ली और योजना स्थल जा कर वहां हुए विकास और निर्माण कार्यों को देखा। कम समय में दौरा कर लौटते हुए श्री डेका ने आरडीए के अध्यक्ष श्री सुभाष धुप्पड़ से फोन पर चर्चा करते हुए कमल विहार  योजना के विकास और निर्माण की गुणवत्ता को प्रशंसा की। श्री डेका ने कम कीमतों में जनता को दिए जा रहे भूखंड, फ्लैट्स के लिए भी प्राधिकरण की सराहना की।   



गुवाहाटी की टीम ने कल नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण की योजनाओं अवलोकन किया और आज वह कमल विहार योजना की लैंड पूलिंग पॉलिसी का अध्ययन करने आरडीए पहुंची थी। टीम को आरडीए के अधिकारियों ने बताया कि अनिवार्य भूमि अर्जन कर योजना बनाना काफी आसान है किन्तु जब जनभागीदारी से योजना बनाना हो तो यह काफी चुनौती भरा होता है। कमल विहार योजना के सलाहकार ने इस अवसर पर एक प्रेजेन्टेशन के माध्यम से कमल विहार योजना की अवधारणा, वित्तीय व्यवस्था, योजना के भूस्वामियों से भूअर्जन की नीति और इसके क्रियान्वयन के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। इसके बाद जीएमडीए की टीम ने कमल विहार योजना में अधोसंरचना विकास के अतंर्गत सड़क, भूमिगत नालियां, 33 किलोवाट का विद्युत सब स्टेशन उपचारित जल हेतु सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट तथा वहां बन रहे ईडब्लूएस और एलआईजी फ्लैट्स का अवलोकन किया। जीएमडीए की टीम ने निर्माणाधीन ईडब्लूएस और एलआईजी फ्लैट्स के निर्माण और उसकी कीमत को सराहते हुए कहा कि रायपुर विकास प्राधिकरण ने काफी अच्छा कार्य किया है। गुवाहाटी मेट्रोपोलिटिन डेव्हलेपमेंट अथॉरिटी के उपाध्यक्ष ने कहा कि हमको रायपुर विकास प्राधिकरण की लैंड पूल पॉलिसी के बारे में काफी अच्छी बातें सुनने को मिली थी इसलिए हम इसे देखने आए हैं। हमने पाया कि इस लैंड पूलिंग पालिसी के माध्यम से भूस्वामियों को योजना में सहयोगी बना कर काम करना एक अच्छी और सार्थक नीति है। उन्होंने कहा कि हमारी कोशिश होगी की इस लैंड पूल पॉलिसी की अच्छी बातों को हम भी अपनाएं।



आरडीए के अधिकारियों ने टीम को जानकारी दी कि इससे पहले लैंड पूल पॉलिसी का अध्ययन करने देशॉबज सिटी डेव्हलपमेंट अथारिटी (डीसीडीए) काबुलअफगानिस्तान, दिल्ली विकास प्राधिकरण, चेन्नई मेट्रोपॉलिटिन सिटी डेव्हलेपमेंट अथॉरिटी, आंध्रप्रदेश की नई राजधानी अमरावती के योजनाकारो, भुनेश्वर सिटी डेव्हलेपमेंट अथारिटी ने यहां आकर इसका अध्ययन किया है।

आज के इस दौरे में टॉऊन एंड कंट्री प्लानिंग असम सरकार के संयुक्त संचालक श्री दीपक कुमार बेजबरुआ और श्री देवराज कालिता, गुवाहाटी मेट्रोपोलिटिन डेव्हलेपमेंट अथॉरिटी के उपाध्यक्ष श्री मुकतो डेका, सहायक अभियंता श्री कीर्ती तालुकदार, आरडीए के अतिरिक्त सीईओ श्री नवीन कुमार ठाकुर, अधीक्षण अभियंता श्री अनिल गुप्ता व श्री एम.एस. पांडेय, सहायक अभियंता श्री एच.पी. पंडरिया, तकनीकी सलाहकार बिल्डक्रॉफ्ट के श्री जाकिर खान, उप अभियंता कीर्ती केमरो व राकेश मनहरे शामिल थे।




Feb 24, 2022

आरडीए के इन्द्रप्रस्थ रायपुरा के 173 ईडब्लूएस फ्लैट्स की भारी मांग 437 आवेदन की लॉटरी में 172 को मिला फ्लैट्स

437 आवेदन की लॉटरी में 172 को मिला फ्लैट्स 

रायपुर, 24 फरवरी 2022/ रायपुर विकास प्राधिकरण की इन्द्रप्रस्थ रायपुरा योजना के अंतर्गत आज 173 ईडब्लूएस फ्लैट्स के आवंटन को जबर्दस्त प्रतिसाद मिला। इसमें 173 फ्लैट्स आवंटन के लिए प्राधिकरण को 437 आवेदन मिले, जिसमें 172 फ्लैटस का कम्प्यूटर से आवंटन हुआ। प्राधिकरण कार्यालय में हुई लॉटरी में अनुसूचित जाति वर्ग में 7, अन्य पिछड़ा वर्ग में 1, निराश्रित विधवा महिला वर्ग में 1 तथा अनारक्षित वर्ग में 163 फ्लैट्स का आवंटन हुआ। इसमें शासकीय कर्मचारी वर्ग में एक फ्लैट के लिए कोई आवेदन नहीं आने के कारण आवंटन नहीं हुआ।










प्राधिकरण की इन्द्रप्रस्थ रायपुर योजना के फेज -2 में 1बीएचके के ईडब्लूएस फ्लैट का कारपेट एरिया 304 वर्गफुट तथा विक्रय मूल्य रुपए 5,22870/- रखा गया था। प्राधिकरण की इन्द्रप्रस्थ रायपुरा योजना में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 1472 ईडब्लूएस तथा 944 एलआईजी फ्लैट्स का निर्माण किया गया है। इस योजना में अधिकांश फ्लैट्स का निर्माण पूरा कर अब आवंटितियों को इसका कब्जा दिया जा रहा है। योजना में पहले जिन आवंटितियों ने फ्लैट की बकाया राशि का भुगतान नहीं किया था ऐसे आवंटितियों प्राधिकरण व्दारा नोटिस जारी कर राशि जमा करने का समय दिया था। किन्तु जिन आवंटितियों ने निर्धारित तिथि तक राशि जमा नहीं की उनका आवंटन निरस्त कर पुन आवेदन आमंत्रित कर आवंटन किया जा रहा है।







आज हुई कम्प्यूटर लॉटरी में प्राधिकरण के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री नवीन कुमार ठाकुर, प्राधिकरण के उपाध्यक्ष व्दय श्री सूर्यमणि मिश्रा, श्री शिव सिंह ठाकुर, संचालक मंडल के सदस्य श्री राजेन्द्र पप्पू बंजारे, श्री हिरेन्द्र देवांगन तथा अधीक्षण अभियंता श्री अनिल कुमार गुप्ता सहित काफी संख्या में आवेदक उपस्थित थे।   


Feb 19, 2022

आरडीए सीईओ श्री अभिजीत सिंह का निर्माण योजनाओं का दौरा_

 फ्लैट्स का निर्माण तेजी से पूरा करने शेष कार्यों का बनेगा इस्टीमेट

निर्माण एजेंसियों को कार्य पूरा करने समय पर होगा भुगतान

फ्लैट्स की बुकिंग करा कर भुगतान नहीं करने वालों को दिया जा रहा है नोटिस

राशि जमा नहीं करने पर फ्लैट्स होगें निरस्त



             रायपुर19 फरवरी 2022/ कमल विहार में निर्माणाधीन ईडब्लूएस और एलआईजी फ्लैट्स के आवंटन हेतु निर्माण कार्य में तेजी लाने और आवंटन के बाद राशि जमा नहीं करने वालों को नोटिस के बाद राशि जमा नहीं करने पर फ्लैट्स निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी। प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिजीत सिंह ने आज इसी संबंध में योजना का जायजा लेने के लिए कमल विहार और इन्द्रप्रस्थ रायपुरा की निर्माणाधीन योजनाओं का आरडीए के इंजीनियरों और अधिकारियों के साथ दौरा किया। उन्होंने कमल विहार योजना के फ्लैट्स निर्माण में हो रही देरी और आ रही परेशानियों की भी जानकारी ली।

      श्री सिंह ने आरडीए के इंजीनियरों से कहा वे शेष बचे हुए कार्यों का इस्टीमेट तैयार कर ठोस प्रस्ताव दें ताकि किए गए निर्माण कार्यों का ठेकेदारों को समय पर राशि का भुगतान किया जा सके। उन्होंने कहा कि वे आवंटित फ्लैट्स के बकाया राशि वसूली की कार्रवाई भी करा रहे है। इसमें जिन आवंटितियों ने लंबे समय से राशि का भुगतान नहीं किया है उन्हें कुछ समय दे कर राशि जमा करने के लिए कहा गया है। यदि आवंटितियों ने राशि का भुगतान नहीं किया तो आवंटन निरस्त कर फ्लैट्स पुनः विज्ञापित कर विक्रय किए जाएगे।

      आरडीए के सीईओ को कमल विहार के सेक्टर 4 में 768 एलआईजी फ्लैट्स निर्माण के ठेकेदार बृजेश गोयल ने लंबे समय से भुगतान नहीं होने की जानकारी दी। ठेकेदार कहा कि यदि उनकी रुकी राशि का भुगतान समय में हो जाए तो वे 3 - 4 माह में सभी फ्लैट्स का निर्माण कार्य पूरा आरडीए को सौंप देगें। इसी प्रकार 512 एलआईजी फ्लैट्स और 128 ईडब्लूएल फ्लैट्स के ठेकेदारों विनोद पांडे और श्री त्रिपाठी ने बताया कि उनके व्दारा फ्लैट्स निर्माण का ढ़ांचे का निर्माण,प्लास्टर व फ्लोरिंग का कार्य पूरा कर लिया गया है। यदि आरडीए उन्हें किए गए कार्यों का भुगतान कर दे तो वे वाटर सप्लाई, सेनेटरी, अंडरग्राऊंड ड्रेनेज, सम्पवेल, बिजली के ट्रांसफार्मर लगाने और सड़क निर्माण का कार्य शीघ्रता से पूरा कर देगें। इस पर सीईओ श्री सिंह ने अधीक्षण अभियंता श्री एम.एस. पाण्डेय को निर्देश दिया कि वे बचे हुए कार्यो का इस्टीमेट तैयार कर बताएं कि कितनी राशि की और जरूरत है ताकि निर्माण कार्य शीघ्रता के साथ पूरा किया जा सके।

      इसके बाद श्री सिंह इन्द्रप्रस्थ रायपुरा फेज -2 की योजना में लेआऊट के आधार पर भूखंडों के आवंटन और भूअर्जन में आ रही समस्यों से रुबरू हुए। उन्होंने नवनिर्मित 1472 ईडब्लूएस और 944 एलआईजी फ्लैट्स का अवलोकन किया। अधीक्षण अभियंता श्री अनिल गुप्ता ने उन्हें इस योजना की सीमा में बनने वाली बॉऊन्ड्रीवाल और उसके सीमांकन में आ रही परेशानियों की जानकारी दी। इस पर सीईओ ने सहायक राजस्व अधिकारी श्री मुकेश बजाज को तहसीलदार से संपर्क कर इसका उपयुक्त निराकरण करने का निर्देश दिया। स्थल में स्थापित किए जा रहे ट्रांसफार्मर और संपवेल की जानकारी भी उन्होंने ली। आरडीए के सीईओ ने योजना के साथ लगी वृंदावन कॉलोनी व्दारा सड़क व नाली को तोड़ कर अपनी सीमा से जोड़ने पर हुए नुकसान की वसूली के लिए नोटिस देने का निर्देश भी दिया। इसके बाद उन्होंने वंडरलैंड रिक्रिएशन पार्क, इन्द्रप्रस्थ अपार्टमेंट के 120 फ्लैट्स, डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी आवास योजना - रायपुरा, सरोना, हीरापुर विवेकानंद आश्रम स्थित व्यावसायिक परिसर का भी अवलोकन किया।



      आरडीए की योजनाओं के भ्रमण के दौरान अधीक्षण अभियंता श्री अनिल गुप्ता व श्री एम.एस. पांण्डेय, कार्यपालन अभियंता श्री आर.के.जैन व श्री सुरेश कुंजाम, सहायक अभियंता श्री एच.पी. पंडरिया, श्री सुशील शर्मा, उप अभियंता श्री विवेक सिन्हा, सहायक राजस्व अधिकारी श्री मुकेश बजाज, सहायक अधीक्षक श्री ज्ञानेश रेड्डी, सलाहकार इंजीनियर, कार्य सहायक शेष नारायण शर्मा आदि उपस्थित थे।

Feb 12, 2022

फ्लैट बुक किया पर वर्षों से राशि जमा नहीं की, आरडीए ने दिया 812 आवंटितियों को नोटिस

आरडीए ने 812 लोगों को दिया नोटिस

राशि जमा नहीं करने पर फ्लैट्स होगें निरस्त

खाली होने वाले फ्लैट्स फिर से होगें विक्रय

 

            रायपुर,  12 फरवरी 2022/ रायपुर विकास प्राधिकरण की योजनाओं में फ्लैट्स की बुकिंग कर वर्षों तक राशि जमा नहीं करने वालों के प्रति अब बकाया राशि देने अथवा बुकिंग निरस्त कर पंजीयन राशि राजसात करने की कार्रवाई शुरु की गई है। प्राधिकरण ने कमल विहार और इंद्रप्रस्थ रायपुरा के अंतर्गत ऐसे 812 आवंटितियों को नोटिस जारी करने के बाद स्थानीय समाचार पत्रों में नाम और बकाया राशि के साथ आम सूचना प्रकाशित की है। प्राधिकरण व्दारा व्दारा निर्धारित समय में राशि जमा नहीं करने वालों को आवंटित फ्लैट्स का आवंटन निरस्त कर उसे पुनः विक्रय किया जाएगा।

      प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत कमल विहार योजना के सेक्टर 1, 2, 4, 7, 7,8ए में 607 फ्लैट्स तथा इन्द्रप्रस्थ रायपुरा योजना में 205 फ्लैट्स के आवंटितियों को बकाया राशि जमा करने के लिए अंतिम नोटिस दिया गया है। इसमें 1 बीएचके, 2 बीएचके, 3 बीएचके, ईड्ब्लूएस, एलाईजी के फ्लैट्स शामिल हैं। इनमें कमल विहार में 607 आवंटियों से 4.68 लाख से 21.27 लाख रुपए तक लिया जाना है। वहीं इन्द्रप्रस्थ रायपुरा में 205 आवंटितियों से 4.33 लाख से 13.65 लाख रुपए लिया जाना शेष है।

      रायपुर विकास प्राधिकरण व्दारा बुकिंग कराने वाले आवंटियों से प्राप्त होने वाली राशि से ही फ़्लैट्स का निर्माण किया जा रहा है। परंतु कुछ आवंटितियों व्दारा निर्धारित समय पर राशि नहीं दिए जाने से निर्माण कार्य की प्रगति प्रभावित हो रही है। ऐसे में प्राधिकरण व्दारा बकाया राशि नहीं देने वाले आवंटियो का आवंटन निरस्त कर पुनः विक्रय किए जाने से जो राशि प्राप्त होगी उसी से इन फ़्लैट्स का निर्माण कार्य पूर्ण किया जाएगा।

      उल्लेखनीय है कि जिन आवंटियो ने राशि समय पर जमा की है उनके व्दारा भी बार - बार समय पर भुगतान नहीं करने वालों के आवंटन निरस्त कर अन्य जरूरतमंदो को विक्रय किए जाने की मांग की जाती रही है ताकि फ़्लैट्स का निर्माण शीघ्र पूरा किया जा सके जिस से उनका अपने घर का सपना जल्द से जल्द पूरा हो सके।


Feb 11, 2022

राजधानी रायपुर में आवास लेने लोगों का रुझान बढ़ा

 आरडीए की आवासीय योजनाओं में उपलब्ध आवासों से

ज्यादा संख्या में मिल रहे हैं आवेदन


     रायपुर, 11 फरवरी 2022/ रायपुर विकास प्राधिकरण की विभिन्न आवासीय योजनाओं के प्रति लोगों का काफी रुझान दिखाई दे रहा है। इन्द्रप्रस्थ व बोरियाखुर्द योजना में उम्मीद से ज्यादा आवेदन पत्र जमा हुए हैं तथा कमल विहार योजना में छत्तीसगढ़ के विभिन्न शहरों से एलआईजी फ्लैट्स लेने के लिए लोग जानकारी और निविदा पत्र ले रहे हैं।   

प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिजीत सिंह के अनुसार इद्रप्रस्थ रायपुरा योजना के 173 ईड्ब्लूएस 1बीएचके फ्लैट्स के लिए आमंत्रित आवेदन के लिए 547 आवेदन पत्र विक्रय हुए तथा 461 आवेदन पत्र प्राधिकरण कार्यालय में जमा कराए गए है। इसमें 24 आवेदन पत्र अपात्र पाए गए हैं। प्राधिकरण व्दारा इस हेतु 17 फरवरी तक दावा आपत्ति आमंत्रित की गई है। इसके पश्चात 24 फरवरी को दोपहर 3 बजे आवंटन के लिए प्राधिकरण कार्यालय में कम्प्यूटर से लॉटरी निकाली जाएगी। इसी प्रकार बोरियाखुर्द में 12 ईड्ब्लूएस स्वतंत्र रोहाऊस मकानों के लिए 47 आवेदन बिके तथा 40 आवेदन पत्र जमा हुए हैं। इसके लिए 21 फरवरी तक दावा आपत्ति आमंत्रित किया गया है। इसकी कम्प्यूटरीकृत लॉटरी 28 फरवरी को निकाली जाएगी।     

इसी प्रकार कमल विहार योजना में 1120 एलआईजी फ्लैट्स आवंटन के लिए आय सीमा 6 लाख रुपए तक निर्धारित करते हुए निविदा आवेदन जमा करने की तिथि को बढ़ा कर 23 फरवरी तक कर दिया गया है। इसकी निविदा 23 फरवरी को दोपहर 3 बजे प्राधिकरण कार्यालय में खोली जाएगी। इसमें भी लोगों का काफी रुझान बना हुआ है। रायपुर-धमतरी मुख्य मार्ग के करीब होने के कारण पूरे प्रदेश से इसकी पूछताछ हो रही है। सरगुजा से जगदलपुर तक लोगों ने इसमें रुचि दिखाई है। लोगों की सुविधा के लिए आवेदन पत्र प्राधिकरण की वेबसाईट में भी उपलब्ध है। वेबसाईट से ये निविदा आवेदन पत्र डॉऊनलोड किया जा सकता है। कमल विहार के सेक्टर 12 व 13 में प्रस्तावित 19 लाख की कीमत तथा 812 वर्गफुट बिल्टएप एरिया वाले ये एलआईजी फ्लैट्स रायपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री सुभाष धुप्पड़ के कार्यकाल में तैयार की गई यह पहली अफोर्डेबल फ्लैट्स निर्माण योजना है। इसमें जनरल सर्विस टैक्स को साथ ही एक मुश्त रखरखाव की राशि अलग से देय होगी। इसका आवंटन निविदा के आधार पर होगा। जिसमें हर एक फ्लैट्स के लिए सबसे ज्यादा राशि का प्रस्ताव देने वाले आवेदक को एलआईजी फ्लैट्स का आवंटन किया जाएगा। बहुमंजिलीय आकार के ये एलआईजी फ्लैट्स चारों ओर से बाऊन्ड्रीवॉल से सुरक्षित होगें। इसमें तीन बेडरुम,एक डॉईंग कम डॉयनिंग रुम सहित किचन, यूटिलिटी व बॉलकनी का प्रावधान किया गया है।

Jan 27, 2022

गणतंत्र दिवस पर आरडीए में अध्यक्ष श्री सुभाष धुप्पड़ ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया

      आरडीए को बैंक ऋणों से कर्ज मुक्त कराना हमारा लक्ष्य

    


 रायपुर, 27 जनवरी 2022/ गणतंत्र दिवस पर रायपुर विकास प्राधिकरण कार्यालय में अध्यक्ष श्री सुभाष धुप्पड़ ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा झंड़ा फहराया। इस अवसर पर प्राधिकरण के उपाध्यक्षव्दय श्री सूर्यमणि मिश्रा और शिव सिंह ठाकुर, मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिजीत सिंह, अतिरिक्त सीईओ श्री नवीन कुमार ठाकुर, संचालक मंडल के सदस्य श्री राजेन्द्र पप्पू बंजारे, श्री हिरेन्द्र देवांगन, अधीक्षण अभियंता श्री अनिल गुप्ता व श्री एम. एस. पाण्डेय, कार्यपालन अभियंता श्री आर.के. जैन, श्री सुरेश कुमार कुंजाम, कर्मचारी संघ के अध्यक्ष श्री धर्मेन्द्र सिंह सेंगर सहित कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।


श्री धुप्पड ने इस अवसर पर अपने संबोधन में कहा कि हमारा लक्ष्य है आरडीए को बैंक ऋण से कर्ज मुक्त करना। उन्होनें सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों को निष्ठा और सेवा भाव से काम करने का आव्हान किया।  

 


Jan 14, 2022

श्री अभिजीत सिंह ने आरडीए का कार्यभार संभाला

                       अध्यक्ष श्री सुभाष धुप्पड़ से विकास और निर्माण पर चर्चा की  

 

रायपुर, 14 जनवरी 2022/ राज्य शासन के आदेश के बाद श्री अभिजीत सिंह ने आज रायपुर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी का अतिरिक्त कार्यभार ग्रहण कर लिया। राज्य शासन ने उन्हें रायपुर स्मार्ट सिटी का प्रबंध संचालक के पद पर पदस्थ करते हुए संयुक्त सचिव गृह विभाग तथा रायपुर विकास प्राधिकरण का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा है। वे भारतीय प्रशासनिक सेवा 2012 बैच के अधिकारी है। इससे पहले वे संचालक भूअभिलेख व संचालक शासकीय मुद्रण एवं लेखन सामग्री के पद पर थे। पूर्व में वे नारायणपुर के कलेक्टर भी रह चुके हैं।



आरडीए में कार्यभार ग्रहण करने के साथ ही उन्होंने आज रायपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री सुभाष धुप्पड् के साथ मुलाकात की और रायपुर शहर के विकास और निर्माण की गतिविधियों पर लंबी चर्चा की। इस अवसर पर प्राधिकरण के उपाध्यक्ष श्री शिव सिंह ठाकुर और संचालक मंडल के सदस्य श्री राजेन्द्र पप्पू बंजारे भी उपस्थित थे।

कमल विहार में 1120 एलआईजी फ्लैट्स निविदा व्दारा आवंटन के लिए उपलब्ध

 


Jan 11, 2022

आरडीए संचालक मंडल के निर्णय

कमल विहार में आरडीए लांच करने नई 3बीएचके एलआईजी फ्लैट्स योजना

इन्द्रप्रस्थ रायपुरा के ईडब्लूएस फ्लैट्स में 91 हजार की सबसिड़ी का होगा समायोजन

आरडीए की संपत्ति विक्रय में तेजी, डेढ़ माह में 17 करोड़ की संपत्ति बिकी

 

रायपुर, 11 जनवरी 2022/ रायपुर विकास प्राधिकरण अपनी कमल विहार योजना में अफोर्डेबल हॉऊसिंग के अंतर्गत आधुनिक सुविधाओं के साथ शीघ्र ही एक 3बीएचके फ्लैट्स के 1120 फ्लैट्स की एक नई स्कीम लांच करेगा। वहीं इन्द्रप्रस्थ रायपुरा योजना के ईडब्लूएस फ्लैट्स के रजिस्ट्री के पहले आवंटितियों को सबसिडी के 91 हजार रुपए का समायोजन करने की स्वीकृति प्राधिकरण संचालक मंडल की बैठक में आज दी गई। बैठक में बताया गया कि प्राधिकरण ने 25 नवंबर से कुल 17 करोड़ रुपए की संपत्ति विक्रय की है। संचालक मंडल की बैठक की अध्यक्षता अध्यक्ष श्री सुभाष धुप्पड़ ने की तथा प्रस्ताव मंडल के सदस्य सचिव व मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री ऋतुराज रघुवंशी ने प्रस्तुत किया।



बैठक में प्रस्तुत प्रस्ताव में यह जानकारी दी की कमल विहार योजना के सेक्टर 12 व 13 में क्रमशः 832 व 288 फ्लैट्स अफोर्डेबल हॉऊसिंग के अंतर्गत तैयार किए जाएंगे। आठ मंजिलीय फ्लैट्स में हर फ्लैट का बिल्टअप एरिया 812 वर्गफुट होगा। कव्हर्ड पार्किंग वाले इस 1120 फ्लैट्स पूर्ण रुप से बॉऊन्ड्री से संरक्षित कैम्पस में होगा। इसमें आधुनिक सुविधाओं के अतंर्गत भूमिगत नालियां, हाईड्रोन्यूमेटिक तकनीक से जल वितरण,भूमिगत केबल, दो लिफ्ट, कव्हर्ड तथा खुली पार्किंग, उद्यान, खुली जिम, अग्निशमन उपकरण, 25 मीटर का कांक्रीट ड्रॉईव्हवे के साथ ही कम्युनिटी हॉल भी दिया जाएगा। फ्लैट्स की कीमत 19 लाख रुपए निर्धारित की गई है जो निविदा के माध्यम से विक्रय किया जाएगा।



संचालक मंडल ने इन्द्रप्रस्थ रायपुरा में ईडब्लूएस आवंटितियों को 91 हजार रुपए की सबसिडी रजिस्ट्री के पहले उनकी अंतिम किश्त में समायोजन किए जाने को सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान करते हुए आवंटितियों को एक बड़ी राहत दी है। प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री सुभाष धुप्पड़ के समक्ष आवंटितियों की लगातार मांग के कारण यह निर्णय लिया गया है। इसमें ईडब्लूएस फ्लैट्स में केन्द्र सरकार व्दारा दी जाने वाली सबसिड़ी में 1.50 लाख रुपए की राशि दी जानी है जिसमें वर्तमान में उपलब्ध कराई गई 91 हजार रुपए की सबसिड़ी राशि का समायोजन कर आवंटितियों की रजिस्ट्री कर उन्हें फ्लैट का कब्जा दिया जाएगा।  



बैठक में यह जानकारी भी दी गई कि प्राधिकरण की संपत्तियों के विक्रय में काफी तेजी आई है। 25 नवंबर 2021 से 11 जनवरी 2022 के बीच मात्र 46 दिनों में ही लगभग 17 करोड़ रुपए की संपत्ति विक्रय हुई है। इसी प्रकार विवेकानंद आश्रम स्थित पुराने कॉम्पलेक्स की दुकानें भी लगभग 7 करोड़ रुपए में बिकी है।  



संचालक मंडल की बैठक में प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री सुभाष धुप्पड़. मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री ऋतुराज रघुवंशी, उपाध्यक्षव्दय श्री सूर्यमणी मिश्रा व श्री शिव सिंह ठाकुर, अशासकीय संचालक सदस्य श्री राजेन्द्र पप्पू बंजारे, श्रीमती ममता रॉय, हिरेन्द्र देवांगन, श्री मुकेश साहू, शासकीय सदस्यों में आवास एवं पर्यावरण विभाग के उप सचिव श्री सी. तिर्की, नगर तथा ग्राम निवेश छत्तीसगढ़ के अपर संचालक श्री संदीप बागड़े, नगर पालिक निगम रायपुर के उपायुक्त श्री लोकेश्वर साहू, छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी से अधीक्षण अभियंता श्री मनोज वर्मा तथा लोक निर्माण विभाग से सहायक अभियंता सीमा दीवान उपस्थित रहे।

Dec 8, 2021

न्यू राजेन्द्रनगर में 63 लाख का बकाया न देने पर आरडीए ने श्वेता विद्या मंदिर सील किया

दो जनता फ्लैटस का अवैध कब्जा भी हटवाया गया


 
रायपुर, 08 दिसंबर 2021/ रायपुर विकास प्राधिकरण ने आज न्यू राजेन्द्रनगर योजना में श्वेता विद्या मंदिर व्दारा भूभाटक की 63.74 लाख की बकाया राशि जमा नहीं करने के कारण स्कूल का प्रशासनिक कार्यालय और चार कमरों को सील कर दिया। आरडीए की टीम में कार्यपालन अभियंता और राजस्व अधिकारी ने हर वर्ष लगने वाले भूभाटक 2 लाख 14 हजार 464 रुपए और उस पर लंबे समय से बढ़ते बकाया राशि जमा नहीं करने के कारण श्वेता विद्या मंदिर को सील किया। स्कूल व्दारा काफी लंबे समय से भूभाटक की राशि जमा नहीं की जा रही थी उस पर सरचार्ज राशि लगने के कारण बकाया राशि बढ़ती चली गई।

न्यू राजेन्द्रनगर में कैनाल रोड के किनारे बने तीन तल के 72 जनता फ्लैट्स में अवैध रुप से काबिज दो परिवारों को आज हटाया गया। इनमें एक ने पूर्व में आरडीए से फ्लैट्स आवंटन के लिए आवेदन दे कर सुरक्षा निधि की राशि जमा की गई थी और बिना कब्जा प्राप्त किए ही वह अवैध रुप से काबिज हो कर रह रहा था। दूसरे फ्लैट में एक महिला अवैध रुप से कब्जा कर निवासरत थी। इस पर आरडीए ने आज दोनों काबिजों से फ्लैट का कब्जा वापस प्राप्त किया।


Dec 3, 2021

आरडीए ने केपीएस स्कूल, कमल विहार से 1.24 एकड़ भूमि वापस ली

 3528 वर्गफुट क्षेत्र में बनी बॉऊन्ड्रीवाल तोड़ी गई 



रायपुर, 03 दिसंबर 2021/ रायपुर विकास प्राधिकरण ने कल कमल विहार में कृष्णा एजुकेशन सोसायटी व्दारा कब्जा की गई भूमि 3528 वर्गफुट का कब्जा वापस प्राप्त किया। इससे पहले प्राधिकरण ने दो बार में तहसीलदार से सीमांकन करवाने के बाद अब तक कुल 54,058 वर्गफुट भूमि जो लगभग 1.24 एकड़ होती है का कब्जा वापस प्राप्त किया। यह भूमि कमल विहार के व्यावसायिक उपयोग की भूमि का हिस्सा है।


कल केपीएस स्कूल परिसर में शामिल की गई जिस भूमि का कब्जा हासिल किया गया उस पर स्कूल की बॉऊन्ड्रीवाल व पक्की सड़क का निर्माण कर उपयोग किया जा रहा था। पक्की बॉऊन्ड्रीवाल के ऊपर जनरेटर के बिजली के केबल बिछे हुए थे। रायपुर के तहसीलदार जयेन्द्र सिंह की टीम ने कल उक्त भूमि पर अतिक्रमण हटा कर उस भूमि का कब्जा रायपुर विकास प्राधिकरण को सौंपा। रायपुर विकास प्राधिकरण की ओर से कार्यपालन अभियंता श्री राजेन्द्र जैन, राजस्व अधिकारी सुश्री संध्या नामदेव ने उक्त भूमि का कब्जा प्राप्त किया।





Nov 27, 2021

आरडीए ने बॉम्बे मार्केट में किराये पर दी गई दो दुकानें खाली कराई

 नए आवंटितयों को दिया जाएगा कब्जा

6 हॉल और 46 दुकाने विक्रय के लिए उपलब्ध




रायपुर27 नवंबर 2021/ रायपुर विकास प्राधिकरण की बॉम्बे मार्केट व्यवासायिक योजना में मासिक किराये से दी गई दुकानों पर अवैध रुप से काबिज दो दुकानदारों से दुकानें खाली कराकर आज कब्जा वापस ले लिया गया।  आरडीए ने बॉम्बे मार्केट में किराये पर दी गई दो दुकानें खाली कराई   काबिज थे। प्राधिकरण ने इन्हे पिछले वर्ष दुकानें खाली करने के लिए नोटिस दिया था किन्तु इनके व्दारा दुकानें खाली नहीं की गई थी। 




पूर्व में 1440 रुपए के मासिक किराये पर दी गई इन काबिज दुकानदारों को प्राथमिकता से दिए जाने के उच्च न्यायालय के आदेश के बाद प्राधिकरण ने निविदा में दुकानदारों को प्राथमिकता के साथ दो अवसर दिए। किन्तु बॉम्बे मार्केट की दुकान नंबर डी- 3 डी - 4 को लेने में इन दुकानदारों व्दारा कोई रुचि नहीं दिखाई गई और ना ही नोटिस के बाद दुकानें खाली की। निविदा में अन्य लोगों व्दारा दुकानें क्रय करने के बाद प्राधिकरण ने इसकी रजिस्ट्री की और अब कब्जा दिया जाना था। चूंकि पूर्व से काबिज दुकानदारों ने नोटिस के बाद भी दुकानें रिक्त कर कब्जा नहीं दिया था इसीलिए आज प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के निर्देश पर कार्यपालन अभियंता और राजस्व अधिकारी की टीम ने प्राधिकरण के अमले और मौदहापारा के पुलिस बल के सहयोग से दुकानदारों से कब्जा प्राप्त किया। निविदा के माध्यम से विक्रय की जा चुकी इन दोनों दुकानों का कब्जा अब नए आवंटितियों को सौंपा जाएगा।


उल्लेखनीय है कि बॉम्बे मार्केट में प्राधिकरण व्दारा 6 बड़े हॉल और 46 दुकानों का विक्रय किया जा रहा है। दुकानों का क्षेत्रफल 102 वर्गफुट से 444 वर्गफुट तक है। रायपुर विकास प्राधिकरण इसका हर महीने के दूसरे और चौथे सोमवार को निविदा के माध्यम से आवंटन कर रहा है। 

Nov 24, 2021

रायपुर विकास प्राधिकरण संचालक मंडल ने लिए जनहित में निर्णय

         इन्द्रप्रस्थ के ईडब्लूएस फ्लैट्स आवंटितियों को 91 हजार की सबसिडी मिलेगी

रिक्त पुराने फ्लैट्स का आवंटन प्रथम आया प्रथम पाया के आधार पर


रायपुर, 24 नवंबर 2021/ रायपुर विकास प्राधिकरण में छत्तीसगढ़ शासन व्दारा नियुक्त दो उपाध्यक्षों और संचालक मंडल के चार नए सदस्यों की नियुक्ति के बाद आज पहली बार संचालक मंडल की बैठक हुई । बैठक में कमल विहार योजना के अंतर्गत अवैध रोड- रास्ते की सूची में शामिल 31 भूमि स्वामियों को पुनर्गठित भूखंड प्राप्त करने 28 फरवरी 2021 तक समय दिए जाने, हीरापुर, रायपुरा व बोरियाखुर्द योजना में रिक्त पुराने फ्लैट्स को प्रथम आया प्रथम पाया के आधार पर आवंटन करने, इन्द्रप्रस्थ फेज - 2 रायपुरा 1472 ईडब्लूएएस फ्लैट्स के आवंटितियों को प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत केन्द्र शासन से प्राप्त सबसिडी की राशि की पहली किस्त 91 हजार रुपए की राशि दिए जाने तथा प्राधिकरण के चार कर्मचारियों के निधन के कारण उनके आश्रितों को अनुकंपा नियुक्ति दिए जाने का प्रस्ताव पारित किया गया।  

रायपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री सुभाष धुप्पड़ की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में नवनियुक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री ऋतुराज रघुवंशी सहित नए उपाध्यक्ष श्री सूर्यमणि मिश्रा व श्री शिव सिंह ठाकुर, नए अशासकीय संचालक सदस्य श्री राजेन्द्र पप्पू बंजारे. श्रीमती ममता रॉय, श्री हिरेन्द्र देवांगन उपस्थित थे।



संचालक मंडल की बैठक में कमल विहार योजना के अंतर्गत अवैध रोड- रास्ते की सूची में शामिल 31 भूमि स्वामियों को पुनर्गठित भूखंड देने का समय बढ़ा कर 28 फरवरी 2021 तक किया गया है। इस हेतु अवार्ड पारित भूस्वामियों को पारित अवार्ड की राशि, सर्विस चार्ज एवं ब्याज देना होगा।

प्राधिकरण की डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी आवास योजना हीरापुर, रायपुरा व बोरियाखुर्द योजना के अतंर्गत पूर्व में निर्मित फ्लैट्स जिनकी किस्तों का भुगतान नहीं करने के कारण खाली किए 261 फ्लैट्स का पुनः आवंटन किया जाना है। फ्लैट वर्तमान मे जैसी स्थिति में है वैसी स्थिति में विक्रय किए जाएगें। न्यून निम्न आय वर्ग के लिए निर्मित इन फ्लैट्स की कीमत 3.31 लाख से 3.61 लाख तक है। पहले ये लॉटरी के आधार पर आवंटित किए जाते थे लेकिन अब इनका आवंटन प्रथम आया प्रथम पाया के आधार पर आवंटन किए जाने के प्रस्ताव को संचालक मंडल के सदस्यों ने अपनी स्वीकृति प्रदान की। आवंटन के समय इन फ्लैट्स की राशि जमा करने हेतु तीन माह का समय दिया जाएगा। बैठक में कमल विहार योजना में बाह्य विद्युतीकरण हेतु 33/11 किलोवाट के विद्युत उपकेन्द्र के सब स्टेशन निर्माण के लिए छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी को 1200 वर्गमीटर की भूमि एक रुपए के टोकन राशि में दिए जाने के प्रस्ताव को संचालक मंडल ने स्वीकृति प्रदान की।  

संचालक मंडल की बैठक में इन्द्रप्रस्थ फेज - 2 रायपुरा में नवनिर्मित 1472 ईडब्लूएएस फ्लैट्स के आवंटितियों को प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत केन्द्र शासन से प्राप्त सबसिडी की राशि में से आवंटितियों को 91 हजार रुपए की राशि दिए जाने के प्रस्ताव भी पारित किया गया। प्राधिकरण को केन्द्र शासन व्दारा सूडा के माध्यम से 13.44 करोड़ रुपए की राशि प्राप्त हुई है जिसमें पात्र आवंटितियों को ही यह राशि दी जाएगी। शेष राशि रुपए 59 हजार रुपए केन्द्र शासन से राशि प्राप्त होने पर दी जाएगी।

संचालक मंडल ने कोविड19 के दौरान तथा उसके बाद प्राधिकरण के एक मृतक कर्मचारी परिवार के आश्रित सदस्यों अनुकंपा नियुक्ति देने की प्रस्ताव को अपनी सहमति दी। इसमें तोमेश साहू, अतुल साहू, आकाश बरोरे व अभिषेक शर्मा को सहायक ग्रेड व मेट पर नियुक्ति दी  गई है। बैठक में संचालक मंडल के सदस्यों को यह जानकारी दी गई कि 15 जून 2021 के बाद से विभिन्न योजनाओं में प्राधिकरण व्दारा कुल 38.95 करोड़ रुपए की 161 संपत्तियों का विक्रय किया गया है।



 

Nov 17, 2021

इन्द्रप्रस्थ रायपुरा ईडब्लूएस फ्लैट्स के आवंटितियों को सबसिडी की राशि बोर्ड की स्वीकृति के बाद मिलेगी

 

रायपुर 17 नवंबर 2021/ इन्द्रप्रस्थ फेज - 2 रायपुरा में रायपुर विकास प्राधिकरण व्दारा नवनिर्मित 1472 ईडब्लूएएस फ्लैट्स के आवंटितियों को प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत केन्द्र शासन प्राप्त सबसिडी की राशि दिया जाना है। केन्द्र सरकार से सबसिडी राशि के मद में रायपुर विकास प्राधिकरण को कुल राशि 22.08 करोड़ रुपए प्राप्त होना है किन्तु सबसिड़ी के मद में राशि 13.44 करोड़ रुपए प्राप्त हुई है। रायपुर विकास प्राधिकरण व्दारा योजना के हितग्राहियों को सबसिडी देने के लिए संचालक मंडल की आगामी बैठक में प्रस्ताव रखा गया है जिन आवंटिती ने फ्लैट के समस्त राशि का भुगतान कर अपने फ्लैट की रजिस्ट्री करा ली है उनको राज्य शासन स प्राप्त सबसिडी की राशि 91 हजार रुपए उपलब्ध कराई जाएगी शेष राशि का भुगतान केन्द्र शासन से प्राप्त होने पर किया जाएगा। रायपुर विकास प्राधिकरण के संचालक मंडल की बैठक में निर्णय के उपरांत ही आवंटितियों को सबसिडी की पूर्ण राशि उपलब्ध कराई जाएगी।

Oct 7, 2021

इन्द्रप्रस्थ रायपुरा फ्लैट्स योजना में आवारा पशुओं को रोकने नगर निगम की मदद लेगा आरडीए

                                                 बॉऊन्ड्रीवाल का निर्माण कार्य भी शुरु 

रायपुर 7 अक्टूबर 2021/ रायपुर विकास प्राधिकऱण की इन्द्रप्रस्थ रायपुरा योजना क्षेत्र में नवनिर्मित ईडब्लूएस एवं एलआईजी फ्लैट्स क्षेत्र में आसपास के क्षेत्र और एक डेयरी के पशुओं के प्रवेश को रोकने के लिए नगर पालिक निगम रायपुर के जोन कार्यालय की मदद ली जाएगी।

प्राधिकरण के उपाध्यक्ष श्री सूर्यमणि मिश्रा ने आज इन्द्रप्रस्थ रायपुरा योजना का दौरा किया तो जानकारी मिली कि फ्लैट्स योजना का पूरा क्षेत्र पशुओं की मल मूत्र से गंदा हो रहा है। जिन लोगों को वहां फ्लैट्स आवंटित हुए हैं वे इसकी लगातार शिकायत कर रहे हैं। श्री मिश्रा ने कहा कि वे वार्ड के पार्षद श्री वीरेन्द्र देवांगन और जोन कमिश्नर से इस बारे में बात करेगें ताकि योजना में साफ सफाई बनी रहे। उन्होने कहा नगर निगम के पास कॉऊ कैचर वाहन भी है इसकी मदद से आवारा पशुओं को वहां से हटाया जाएगा। उल्लेखनीय है कि रायपुर विकास प्राधिकरण ने अध्यक्ष श्री सुभाष धुप्पड़ ने कुछ दिन पहले फ्लैट्स योजना की बॉऊन्ड्रीवाल निर्माण की घोषणा की थी। फलस्वरुप प्राधिकरण व्दारा बाऊन्ड्रीवाल का निर्माण कार्य भी कार्य शुरु कर दिया गया है।

Sep 14, 2021

 रायपुर विकास प्राधिकरण में नए सीईओ श्री ऋतुराज रघुवंशी ने कार्यभार संभाला

रायपुर, 14 सितंबर 2021/ राज्य शासन व्दारा रायपुर विकास प्राधिकरण में नियुक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री ऋतुराज रघुवंशी ने आज डॉ. अय्याज तांबोली से मुख्य कार्यपालन अधिकारी का पदभार ग्रहण कर लिया। श्री रघुवंशी भारतीय प्रशासनिक सेवा 2014 बैच के अधिकारी है। वे इसके पहले नगर पालिक निगम भिलाई के आयुक्त और महासमुन्द में जिला पंचायत के सीईओ रह चुके हैं।